Delhi News: दिवाली और आगामी त्योहारों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है. इसी कड़ी में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने मोरी गेट स्थित खोवा मार्केट में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 7 हजार किलो खराब गुणवत्ता वाला और बदबूदार खोवा जब्त कर नष्ट कर दिया.
सेहत के साथ समझौता बर्दाश्त नहीं : CM
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खुद मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का जायजा लिया और अधिकारियों से पूरे अभियान की जानकारी ली. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि लोगों की सेहत के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने चेतावनी दी कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, चाहे वे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों.
44 में से 35 सैंपल शुरुआती जांच में फेल
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मोरी गेट खोवा मार्केट में कार्रवाई के दौरान कुल 44 निगरानी सैंपल एकत्र किए. इनकी मौके पर ही ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ मोबाइल टेस्टिंग सुविधा के जरिए प्रारंभिक जांच की गई. जांच में 44 में से 35 सैंपल फेल पाए गए. इसके अलावा दो अन्य सैंपल लेकर विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं. प्रारंभिक जांच में संदिग्ध सामग्री में मिल्क पाउडर, वनस्पति और बाइंडिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले पदार्थों से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है. इन सामग्रियों की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए सैंपल लैब भेजे गए हैं.
अब तक 10,660 किलो खोवा किया गया नष्ट
दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारों के मद्देनजर मिलावट के खिलाफ लगातार अभियान चलाया है. विभाग ने 4 सितंबर को 2,830 किलो, 8 सितंबर को 610 किलो और 23 अक्टूबर को 520 किलो खोवा नष्ट किया था. अब 3 नवंबर को मोरी गेट मार्केट में करीब 7 हजार किलो खोवा नष्ट किया गया है. इस ताजा कार्रवाई के बाद दिल्ली में अब तक कुल 10,660 किलो खोवा नष्ट किया जा चुका है. मुख्यमंत्री ने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि मिलावटखोरों के खिलाफ इसी तरह सख्त और लगातार कार्रवाई जारी रखी जाए. सरकार का कहना है कि उसका उद्देश्य सिर्फ मिलावटी खाद्य पदार्थों को पकड़ना नहीं, बल्कि उन्हें बाजार के जरिए लोगों तक पहुंचने से रोकना भी है.
दीवाली से पहले दिल्ली की हवा हुई जहरीली, AQI पहुंचा 451 के पार; इन इलाकों में सांस लेना मुश्किल
- दिल्ली से शालिनी झा की रिपोर्ट
