ED Raid: मिजोरम और मणिपुर में संयुक्त छापेमारी के जरिए भारत-म्यांमार सीमा पर नशीले पदार्थों से जुड़े हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया है. इस कार्रवाई में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. 1,400 से अधिक बैंक खातों को फ्रीज किया गया है और लगभग 26 करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त किया गया है. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रविवार को बताया कि शुक्रवार को शुरू की गई ये छापेमारी मिजोरम के आइजोल, चम्फाई और लॉंगत्लाई तथा मणिपुर के चुराचांदपुर में कई ठिकानों पर की गई. यह कार्रवाई म्यांमार से हेरोइन, ब्राउन शुगर और मेथामफेटामाइन जैसी नशीली दवाओं की तस्करी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के तीन मामलों के तहत की गई है.
1,424 बैंक खाते फ्रीज
एजेंसी ने बताया कि इस कार्रवाई के दायरे में हवाला ऑपरेटर, ‘म्यूल-अकाउंट’ (दूसरों के नाम पर खोले गए खाते) धारक, फर्जी व्यावसायिक इकाइयां, चम्फाई, आइजोल, लॉंगत्लाई और चुराचांदपुर में मौजूद मिनी ATM काउंटर और उन बैंक शाखाओं के खाते आए, जिनका इस नेटवर्क में मुख्य रोल था. यह ऑपरेशन नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और मिजोरम पुलिस के साथ मिलकर चलाया गया. ED ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान मिजोरम और मणिपुर में नशीले पदार्थों के व्यापार और हवाला नेटवर्क से जुड़े 1,424 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया. साथ ही, ‘प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट’ (PMLA) के तहत लगभग 26.01 करोड़ रुपये की संपत्ति को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया गया.
असम के रास्ते भारत के अन्य हिस्सों और बांग्लादेश में होती थी सप्लाई
एजेंसी ने बताया कि इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से तीन आरोपी मिजोरम से और तीन मणिपुर से हैं. एजेंसी के अनुसार, म्यांमार के साथ लगती 1,643 किलोमीटर लंबी खुली सीमा, मिजोरम के चम्फाई-जोखावथर सेक्टर के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए एक दोतरफा रास्ते की तरह काम करती है. एक तरफ, भारत से म्यांमार की ओर नशीले पदार्थों को बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन भेजे जाते हैं तो दूसरी तरफ, म्यांमार में तैयार की गई हेरोइन, ब्राउन शुगर और मेथामफेटामाइन की गोलियों को म्यांमार के खावमावी के सामने स्थित ज़ोखाव्थर में तियाउ नदी के रास्ते लाया जाता है. यहां से इन्हें चम्फाई लाया जाता है, फिर चम्फाई-आइजोल रोड तथा NH-06A के ज़रिए आइजोल, वैरेन्गटे और असम तथा त्रिपुरा की सीमाओं तक पहुंचाया जाता है. एजेंसी के अनुसार, मिज़ोरम और मणिपुर में आने वाली हेरोइन और मेथामफेटामाइन की गोलियों का कुछ हिस्सा तो स्थानीय स्तर पर ही खप जाता है, जबकि बाकी हिस्सा असम के रास्ते भारत के अन्य हिस्सों और बांग्लादेश भेज दिया जाता है.
दिल्ली में 7.36 करोड़ का बड़ा साइबर फ्रॉड: बैंक मैनेजर समेत 6 गिरफ्तार, खुलवाए 37 फर्जी खाते
News Source: ANI
