Aamir Khan’s Love Life: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान अपनी लाइफ का नया चैप्टर शुरू करने जा रहे हैं. 5 जुलाई को आमिर खान अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ शादी कर रहे हैं. आमिर खान की शादी इसलिए सबसे ज्यादा चर्चा में है, क्योंकि यह उनकी तीसरी शादी है. दो एक्स वाइफ और तीन बच्चों के साथ वे नए रिश्ते में बंधने जा रहे हैं. करीब 40 साल पहले आमिर ने पहली शादी की थी. उस समय वह सिर्फ 21 साल के थे और अब 2026 में वे 61 साल की उम्र में तीसरी शादी करने जा रहे हैं. ऐसे में हर कोई उनकी पर्सनल लाइफ के बारे में जानना चाहता है. चलिए जानते हैं उनके पहले प्यार से लेकर नए प्यार तक की कहानी कैसी रही है.
घर से भागकर की थी पहली शादी
आमिर खान और उनकी पहली पत्नी रीना दत्ता ने शादी के 16 साल बाद तलाक ले लिया और अलग हो गए. लेकिन ये जोड़ी बॉलीवुड की मशहूर जोड़ियों में एक थी. एक समय पर ये दोनों एक दूसरे से बेइंतहा प्यार करते थे. दरअसल, आमिर खान और रीना दत्ता पड़ोसी थे. दोनों का घर इतना पास था कि दोनों की खिड़कियां आमने-सामने थी. खिड़की से रीना को देखते-देखते आमिर को उनसे प्यार हो गया. आमिर प्यार में इतने पागल हो गए कि उन्होंने अपने खून से लव लेटर लिखकर अपने प्यार का इजहार किया. भले ही आज के समय में क्रिंज लगे, लेकिन उस आमिर की फीलिंग्स सिर्फ वहीं जानते थे. आमिर की इस हरकत पर रीना दत्ता बहुत गुस्सा हो गई थीं. लेकिन धीरे-धीरे आमिर के प्यार ने उन्हें पिघला दिया. 18 अप्रैल, 1986 को दोनों ने अपने घरवालों से छुपाकर शादी कर ली. वे कोर्ट मैरिज करके अपने-अपने घर लौट आए. उन्होंने छह महीनों तक घरवालों से यह बात छुपाकर रखी.

शादी के समय रीना केवल 21 साल की थीं और आमिर सिर्फ 19 साल के. उस समय आमिर खान की डेब्यू फिल्म ‘कयामत से कयामत तक’ रिलीज भी नहीं हुई थी. आमिर खान में बाद में इस शादी को जल्दबाजी का फैसला बताया था. शादी के बाद दोनों के दो बच्चे हुए- बेटा जुनैद खान और बेटी आयरा खान. आमिर और रीना ने अपने दोनों बच्चों को हमेशा मीडिया की नजरों से दूर रखा. हालांकि बाद में जुनैद खान ने बॉलीवुड में एक एक्टर के तौर पर अपना करियर शुरू किया और आयरा खान भी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं. शादी के 16 साल बाद, दोनों ने दिसंबर 2002 में आपसी सहमति से तलाक ले लिया. आमिर खान ने बाद में इंटरव्यू में कहा कि काम में उनके बिजी शेड्यूल ने उनके रिश्ते में दूरी पैदा कर दी थी. रीना ने आमिर के करियर में उनका बहुत साथ दिया. उनकी ऑस्कर नॉमिनेटड फिल्म लगान रीना ने ही प्रोड्यूस की थी. दोनों अक्सर एक-दूसरे के साथ दिखते हैं और एक-दूसरे का सम्मान करते हैं.
आमिर की लाइफ में आईं किरण
रीना दत्ता से तलाक के बाद आमिर की लाइफ प्यार की एक ‘किरण’ फिर आई. हमारा मतलब है उनका दूसरा प्यार- किरण राव. 2001 तक आमिर खान का करियर बन चुका था और यही साल उनकी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ के लिए बड़ा मील का पत्थर साबित हुआ. इसी साल उन्होंने अपने खुद के ‘आमिर खान प्रोडक्शंस’ के तहत पहली फिल्म ‘लगान’ बनाई. शूटिंग के दौरान आमिर खान की मुलाकात किरण राव से हुई, जो असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम कर रही थीं. सेट पर दोनों की दोस्ती हुई. यही दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में तब्दील हो गई. हालांकि सेट फिल्म की शूटिंग के दौरान उनका कोई रिलेशन नहीं था.
2002 में रीना दत्ता से तलाक के बाद आमिर काफी अकेले हो गए थे. आमिर ने बताया था कि 2004 में एक दिन उन्हें किरण राव का फोन आया और उन्होंने लंबी करीब आधे घंटे तक बात की, जिसके बाद उन्हें बहुत सुकून मिला. इसके बाद दोनों की लवस्टोरी शुरू हुई. काफी समय तक डेट करने और लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने 28 दिसंबर, 2005 को शादी कर ली. शादी के कुछ साल बाद 5 दिसंबर 2011 को उनके बेटे आजाद राव खान का जन्म हुआ.

शादी के 15 साल बाद 3 जुलाई 2021 को आमिर खान और किरण राव ने एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी कर अपने ऑफिशियल डिवोर्स की घोषणा की. किरण राव ने बाद में एक इंटरव्यू में साफ किया कि उनके बीच कोई बड़ा झगड़ा, कड़वाहट या धोखा नहीं था. किरण को पर्सनल ग्रोथ और इंडिपेंडेंट स्पेस की जरूरत महसूस हुई, जिसे आमिर ने समझा और उसकी रिस्पेक्ट की. आमिर ने यह भी माना कि वह अपने काम में इतने बिजी थे कि वह अपने परिवार को ज्यादा समय नहीं दे पाते थे. हालांकि तलाक के बाद भी आमिर और किरण का रिश्ता बना रहा. वे एक खुशहाल एक्स-कपल और बिजनेस पार्टनर के तौर पर साथ काम करते रहते हैं.
तीसरी बार गौरी से हुआ प्यार
किरण राव के तलाक के पांच साल बाद अब आमिर खान तीसरी बार शादी करने जा रहे हैं. आमिर खान और गौरी की पहली मुलाकात 25 साल पहले ही बेंगलुरु में हुई थी. हालांकि उस समय दोनों काम के सिलसिले में मिले थे और बाद में टच में नहीं रहे. लेकिन डेस्टिनी फिर एक बार साथ ले आई. आमिर खान की चचेरी बहन नुसरत खाने के जरिए दोनों की दोबारा मुलाकात हुई. बातचीत से दोस्ती हुई और फिर प्यार. डेढ़ साल रिलेशनशिप में रहने के बाद अब वे शादी के बंधन मं बंधने जा रहे हैं.
आमिर और गौरी ने अपने रिश्ते को लंबे समय तक मीडिया से दूर रखा. आमिर ने पहली बार मार्च 2025 में अपने 60वें जन्मदिन पर गौरी को दुनिया से ऑफिशियली इंट्रोड्यूस कराया था. उस समय आमिर ने कहा था कि उन्हें लगा कि यह सबके लिए उनके पार्टनर से मिलने का सही समय है. बाद में उनका रिश्ता टॉक ऑफ द टाउन बन गया, हालांकि दोनों ने हमेशा अपनी पर्सनल लाइफ को लाइमलाइट से दूर रखा है. अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए आमिर खान पहले भी कह चुके हैं कि वह गौरी के साथ कम्फर्टेबल और स्टेबिलिटी महसूस करते हैं. एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि वह अपनी लाइफ में गौरी को पाकर खुद को लकी मानते हैं. उन्होंने यह भी माना कि रीना दत्ता और किरण राव के साथ भी उनके रिश्ते बहुत गहरे थे, लेकिन अलग-अलग हालात में. आमिर ने कहा, “मैं अब खुद को पूरा महसूस करता हूं.”

बता दें, गौरी स्प्रैट बेंगलुरु की रहने वाली हैं. वह ब्यूटी और वेलनेस इंडस्ट्री में काम करती हैं. गौरी अपनी मां के शुरू किए गए सैलून बिजनेस को मैनेज करती हैं. गौरी ब्रिटिश मूल के कम्युनिस्ट फिलिप स्प्रैट की पोती हैं, जो भारत के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े रहे थे. वह आमिर खान की प्रोडक्शन कंपनी, आमिर खान प्रोडक्शंस क्रिएटिव कंसल्टेंट भी हैं. अब वे आमिर खान की वाइफ बनने जा रही हैं. आमिर खान ने खुद कहा है कि उनकी शादी उनकी पार्टनर गौरी स्प्रैट के साथ 5 जुलाई को यहां उनके घर पर होगी और उन्हें उम्मीद है कि उनकी जिंदगी साथ में अच्छी रहेगी. आमिर ने कहा, “मैं 5 जुलाई को शादी कर रहा हूं और शादी घर पर करीबी परिवार और दोस्तों के साथ होगी. यह एक बहुत छोटा सा प्रोग्राम है. हम सभी का आशीर्वाद चाहते हैं और उम्मीद करते हैं कि हमारा सफर साथ में खुशहाल रहे.” आमिर की शादी में उनके बचपन के कई दोस्त, दोनों परिवारों के फैमिली फ्रेंड और रिश्तेदार मौजूद रहेंगे.
कैसा रहा है करियर
आमिर खान ने इंडस्ट्री को कई सुपरहिट और इम्पैक्टफुल फिल्में दी हैं, जिसकी वजह से उन्हें मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहा जाता है. अपने फिल्मी करियर की शुरुआत ब्लॉकबस्टर ‘कयामत से कयामत तक’ (1988) जिसने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया. इसके बाद उन्होंने दिल और राजा हिंदुस्तानी जैसी फिल्मों में लीड रोल किया, जिससे उनकी पहचान रोमांटिक हीरो के रूप में बन गई. लेकिन, उन्होंने जल्द ही अलग तरह की फिल्में चुननी शुरू कर दीं. 2001 में “लगान” फिल्म के साथ अपना प्रोडक्शन हाउस लॉन्च किया. इस कहानी ने ऑस्कर नॉमिनेशंस में अपनी जगह बनाई. ‘रंग दे बसंती’ (2006) के बाद, उन्होंने फिल्म ‘तारे जमीन पर’ (2007) से डायरेक्शन में डेब्यू किया, जिसने नेशनल अवॉर्ड जीता.
आमिर खान इंडियन बॉक्स ऑफिस पर नए रेवेन्यू क्लब (100 करोड़ से 300 करोड़ क्लब) तोड़ने वाले पहले एक्टर बने. उनकी “3 इडियट्स,” “PK” और खासकर “दंगल” जैसी फिल्मों ने ग्लोबल रेवेन्यू रिकॉर्ड बनाए जो आज भी बेजोड़ हैं. दंगल ने दुनियाभर में 2000 करोड़ की कमाई करके इतिहास रच दिया. उनका करियर न सिर्फ एक्टिंग में बल्कि एक सेंसिटिव डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और एक जागरूक नागरिक के तौर पर भी बेमिसाल रहा है, जिन्होंने “सत्यमेव जयते” जैसे शो के जरिए सामाजिक मुद्दों को उठाया. इस शो को लोगों ने खूब पसंद किया. हाल के सालों में भी, उन्होंने सिनेमा में नई चीजों के साथ एक्सपेरिमेंट करना जारी रखा है. उन्होंने “लापता लेडीज” (2024) प्रोड्यूस की हैं और “सितारे जमीन पर” (2025) के साथ एक्टिंग में वापसी की है. उनकी फिल्म ‘हैप्पी पटेल खतरनाक जासूस’ जनवरी 2026 में रिलीज हुई थी. आगे के प्रोजेक्ट्स की बात करें तो उनकी मोस्ट अवेटड पीरियड ड्रामा फिल्म ‘लाहौर 1947’ अगस्त 2026 में रिलीज के लिए तैयार है.
Aamir Khan Break: तुर्की में हुई एक मुलाकात, जिसने आमिर खान का करियर हिला डाला, लगा जबरदस्त ब्रेक!
