Cyclone ‘Akwan’: ओडिशा में आए चक्रवात ‘अकवान’ का असर झारखंड में भी दिखाई दे रहा है. चक्रवात ‘अकवान’ के कारण रांची में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है. कम विजिबिलिटी के कारण बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विमान सेवाएं बाधित हो गईं हैं. रांची से उड़ान भरने वाली 20 उड़ानें कैंसिल कर दी गईं हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. सैकड़ों यात्री एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं. चक्रवात ‘अकवान’ के कारण खराब मौसम की वजह से शनिवार को रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर 20 उड़ानें रद्द कर दी गईं.
4 उड़ानें डायवर्ट
इस चक्रवात के असर से झारखंड में शुक्रवार से ही बादल छाए हुए हैं और बारिश हो रही है. सुरक्षित लैंडिंग या टेक-ऑफ के लिए 1,200 से 1,500 मीटर के बीच विजिबिलिटी (दृश्यता) होनी चाहिए. हवाई अड्डे के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि दोपहर 1 बजे तक रांची हवाई अड्डे पर विजिबिलिटी लगभग 1,000 मीटर थी. हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि खराब मौसम के कारण कुल 20 निर्धारित उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिनमें एयर इंडिया एक्सप्रेस की छह उड़ानें भी शामिल हैं. इसके अलावा, खराब मौसम की वजह से चार उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों की ओर मोड़ दिया गया.
चाईबासा सदर में सबसे ज्यादा बारिश
आईएमडी (IMD) के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार से राज्य के मौसम में सुधार होने की संभावना है और बादल छंट जाएंगे. रांची मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बाबूराज पीपी ने बताया कि हमें उम्मीद है कि रविवार से मौसम में सुधार होगा, हालांकि सुबह के समय घना कोहरा रह सकता है. 23 नवंबर से अच्छी धूप निकलने की संभावना है. शनिवार सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा सदर में सबसे अधिक 34.4 मिमी बारिश दर्ज की गई. पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला में 32.6 मिमी, सिमडेगा में 28.2 मिमी, जमशेदपुर में 22.2 मिमी और रांची में 12.4 मिमी बारिश दर्ज की गई.
मौसम को देखते हुए बनाएं यात्रा का प्लान
मौसम को देखते हुए मौसम बुलेटिन के अनुसार, राज्य में अगले 24 घंटों तक अधिकतम तापमान में कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद अगले तीन दिनों में इसमें 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. यह भी बताया गया है कि अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. शनिवार को रांची में न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक है. वहीं, जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस और डाल्टनगंज में 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रांची मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बाबूराज पीपी ने कहा कि यात्री मौसम को देखते हुए अपनी अगली यात्रा का प्लान बनाएं.
