Home मनोरंजन 40 साल, 100 फिल्में और अब Gen Z का चैलेंज! यंगस्टर्स की पसंद समझना चाहते हैं प्रियदर्शन

40 साल, 100 फिल्में और अब Gen Z का चैलेंज! यंगस्टर्स की पसंद समझना चाहते हैं प्रियदर्शन

by Preeti Pal 2 September 2026, 5:20 PM IST
2 September 2026, 5:20 PM IST
40 साल, 100 फिल्में और अब Gen Z का चैलेंज! यंगस्टर्स की पसंद समझने के लिए काम कर रहे हैं प्रियदर्शन

Priyadarshan New Movie: फिल्मी दुनिया में चार दशक बिताने और करीब 100 फिल्मों का सफर तय करने के बाद भी डायरेक्टर प्रियदर्शन खुद को सीखने की दौड़ से बाहर नहीं मानते. एक दौर में जब फिल्ममेकर्स अपने अनुभव को सबसे बड़ी ताकत बताते हैं, वहीं प्रियदर्शन का कहना है कि आज की सबसे बड़ी चुनौती है नई पीढ़ी, खासकर Gen Z की पसंद को समझना. मलयालम और हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाने वाले प्रियदर्शन अब अपनी नई हिंदी फिल्म ‘हैवान’ की रिलीज की तैयारी कर रहे हैं. इस क्राइम थ्रिलर में अक्षय कुमार और सैफ अली खान नजर आएंगे. हालांकि, इस बार प्रियदर्शन का अंदाज उन दर्शकों के लिए काफी अलग हो सकता है, जिन्होंने उन्हें ‘हेरा फेरी’, ‘चुप चुप के’, ‘खट्टा मीठा’ और ‘भूल भुलैया’ जैसी कॉमेडी फिल्मों के जरिए जाना है. प्रियदर्शन कहते हैं कि सिनेमा की दुनिया अब बदल चुकी है. अगर फिल्ममेकर्स को आज के दर्शकों के साथ बने रहना है तो उन्हें भी बदलना होगा.

इंतजार करने का वक्त नहीं

प्रियदर्शन के मुताबिक, नई पीढ़ी के आने के साथ फिल्मों को देखने और समझने का तरीका भी बदल गया है. पहले फिल्मों में कहानी को धीरे-धीरे आगे बढ़ाने के लिए ज्यादा टाइम मिलता था. हालांकि, अब दर्शक शुरुआत से ही फिल्म से जुड़ना चाहते हैं. उनका मानना है कि आज के दौर में स्लो पेस वाली फिल्मों के लिए दर्शकों के पास टाइम नहीं रहा. लोग तेजी से कहानी में उतरना चाहते हैं. अगर फिल्म शुरुआत में उन्हें बांध नहीं पाती तो उनका ध्यान भटक सकता है. यही वजह है कि 4 दशक का अनुभव रखने वाले प्रियदर्शन भी खुद को लगातार अपडेट करने की कोशिश कर रहे हैं. वो मानते हैं कि सिर्फ पुराने अनुभव के भरोसे आगे बढ़ना अब संभव नहीं है. उनका ये भी कहना है कि वो अभी भी युवाओं की सोच और उनकी पसंद को समझने की कोशिश कर रहे हैं. उनके लिए ये एक तरह की रेस है, जिसमें अनुभव के साथ-साथ नई चीजें सीखना भी जरूरी है.

जूलरी ब्रांड ने हटाया Kriti Sanon का राखी विज्ञापन, कपड़ों से लेकर कुत्ते को राखी बांधने तक पर मचा बवाल

‘हैवान’ के साथ एक्सपेरिमेंट

प्रियदर्शन की नई फिल्म ‘हैवान’ उनके हाल के काम से काफी अलग मानी जा रही है. इस फिल्म को एक इमोशनल क्राइम थ्रिलर बताया जा रहा है. इसमें दो किरदारों के बीच कैट एंड माउस गेम देखने को मिलेगा. निर्देशक के लिए ये कहानी सिर्फ एक और फिल्म नहीं है, बल्कि एक ऐसा एक्सपेरिमेंट है, जिसे उन्होंने पहले इस अंदाज में नहीं किया. दिलचस्प बात ये है कि ‘हैवान’ उनकी अपनी मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ से इंस्पायर है. साल 2016 में आई ‘ओप्पम’ एक नियो नॉयर थ्रिलर थी. इस फिल्म में मोहनलाल ने जयारामन नाम के एक ऐसे लिफ्ट ऑपरेटर और केयरटेकर का किरदार निभाया था, जो देख नहीं सकता. फिल्म की कहानी एक ऐसे इंसान के इर्द-गिर्द घूमती थी, जिसे उस मर्डर के केस में फंसा दिया जाता है, जो उसने किया ही नहीं होता. लेकिन प्रियदर्शन इस कहानी को हिंदी दर्शकों के लिए सिर्फ फ्रेम बाय फ्रेम रीमेक की तरह पेश नहीं करना चाहते. उनके मुताबिक, किसी फिल्म को दूसरी भाषा के दर्शकों के लिए बनाते हुए सिर्फ एक्टर और भाषा बदलना काफी नहीं है. कहानी की प्रेजेंटेशन, माहौल और विजुअल टोन को भी उन दर्शकों के हिसाब से ढालना पड़ता है.

पुरानी गलतियों से सीख

प्रियदर्शन अपने करियर की गलतियों को छिपाने के बजाय उनसे सीखने की बात करते हैं. उन्होंने माना कि हिंदी सिनेमा में अपनी कुछ पुरानी फिल्मों के रीमेक को लोगों ने वैसा प्यार नहीं दिया. प्रियदर्शन ने ‘डोली सजा के रखना’ और ‘ये तेरा घर ये मेरा घर’ जैसी फिल्मों का जिक्र किया. उनका कहाना है कि इन फिल्मों में उन्होंने मूल लोकल टेस्ट को जरूरत से ज्यादा बनाए रखा. वो चीज हिंदी दर्शकों के साथ उसी तरह कनेक्ट नहीं कर पाई. ये अनुभव उनके लिए एक बड़ी सीख बन गया. प्रियदर्शन का मानना है कि कई बार दक्षिण भारतीय भाषाओं की फिल्मों के हिंदी रीमेक स्क्रीन पर ऐसे नजर आते हैं जैसे कहानी को सिर्फ एक भाषा से दूसरी भाषा में बदल दिया गया हो. सेटिंग, ट्रीटमेंट और माहौल ऑरिजनल फिल्म जैसा ही रहता है. यही वो जगह है जहां फिल्ममेकिंग की असली चुनौती शुरू होती है. अब जब वो किसी कहानी को हिंदी दर्शकों के लिए दोबारा बनाते हैं तो कोशिश करते हैं कि उसका पूरा लुक बदल जाए. वो चाहते हैं कि फिल्म देखने वाले को ये महसूस हो कि ये कहानी खास तौर पर उसी के लिए बनाई गई है.

यश की Toxic में 3 घंटे 12 मिनट का तूफान! गैंगस्टर की कहानी से लेकर बजट तक, जानें सब कुछ

‘हैवान’ में अक्षय का नया अवतार

‘हैवान’ की सबसे बड़ी खासियत है, अक्षय कुमार का किरदार. प्रियदर्शन और अक्षय की जोड़ी को दर्शक लंबे समय से कॉमेडी फिल्मों से जोड़कर देखते आए हैं. ‘हेरा फेरी’, ‘दे दना दन’ और ‘भूल भुलैया’ जैसी फिल्मों ने लोगों को खूब हंसाया है. ऐसे में अक्षय कुमार को एक डार्क और नेगेटिव किरदार में देखना दर्शकों के लिए काफी अलग अनुभव हो सकता है. फिल्म में अक्षय एक साइको किलर का रोल निभाएंगे. वैसे, दिलचस्प बात है कि प्रियदर्शन इस फिल्म के लिए अक्षय कुमार को कास्ट नहीं करना चाहते थे. डायरेक्टर ने बताया कि वो किसी दूसरे एक्टर को इस किरदार के लिए ढूंढ़ रहे थे. इसके लिए उन्होंने कई स्टार्स से बात भी की. हालांकि, बहुत से एक्टर एक ऐसे किरदार को निभाने को लेकर हिचकिचा रहे थे, जो पूरी तरह नेगेटिव हो. बाद में अक्षय कुमार ने प्रियदर्शन से उनकी अगली फिल्म के बारे में पूछा. बातचीत में प्रियदर्शन ने उन्हें बताया कि कई कलाकार इस रोल को करने से मना कर चुके हैं. तभी अक्षय ने उनसे कहा कि वो ये रोल करना चाहते हैं.

पहली बार सैफ के साथ काम

‘हैवान’ प्रियदर्शन और सैफ अली खान की पहली फिल्म है. इतने लंबे करियर के बाद भी किसी नए एक्टर के साथ काम करना प्रियदर्शन के लिए काफी एक्साइटेड है. प्रियदर्शन के मुताबिक, सैफ के साथ काम करना उनके लिए एक नया और ताजगी भरा अनुभव रहा. कई सालों तक कुछ परिचित अभिनेताओं और टीमों के साथ काम करने के बाद किसी नए एक्टर के साथ रचनात्मक प्रक्रिया अलग महसूस होती है. प्रियदर्शन का कहना है कि जब उन्होंने सैफ के साथ काम करना शुरू किया तो उन्हें लगा जैसे वो एक नई फिल्मी जर्नी पर निकले हैं. एक तरफ उनके सामने सैफ जैसे नए साथी थे और दूसरी तरफ अक्षय कुमार.

कॉमेडी डायरेक्टर का टैग

प्रियदर्शन ने अपने करियर में कई यादगार कॉमेडी फिल्में बनाई हैं. हालांकि, उनका मानना है कि कॉमेडी फिल्ममेकर्स को अक्सर उतनी गंभीरता से नहीं लिया जाता, जितनी बाकी फिल्मों के डायरेक्टर्स को. वो कहते हैं कि लंबे समय तक कॉमेडी बनाते-बनाते उनकी पहचान एक कॉमेडी फिल्ममेकर की बन गई. उनके मुताबिक, कई क्रिटिक्स और दर्शक कॉमेडी को आसान जॉनर मान लेते हैं, जबकि किसी इंसान को हंसाना फिल्ममेकिंग के सबसे मुश्किल कामों में से एक है. कॉमेडी में टाइमिंग, एक्टिंग, स्क्रीनप्ले और एडिटिंग का बैलेंस बहुत जरूरी होता है. एक छोटा सा गलत फैसला भी मजाक को फीका कर सकता है. प्रियदर्शन कहते हैं कि लंबे समय तक कॉमेडी करने के बाद वो सीरियस फिल्मों के जरिए थोड़ा अलग तरह से सांस लेना चाहते थे. वैसे, उनकी सीरियस फिल्मों में ‘कांचीवरम’ और ‘मरक्कार: लायन ऑफ द अरेबियन सी’ जैसी फिल्में शामिल हैं.

न एक्शन, न ग्लैमर और ना ही बड़ा बजट, फिर भी दिल जीत रही है Hanuman Ansh, जानें कैसी है फिल्म

खुद को महान नहीं मानते

आज के दौर में जब सोशल मीडिया पर सफल लोगों की उपलब्धियों को अक्सर बड़ी-बड़ी उपाधियों के साथ पेश किया जाता है. हालांकि, प्रियदर्शन का नजरिया काफी अलग है. करीब 100 फिल्मों के बावजूद वो खुद को कोई महान फिल्ममेकर नहीं मानते. उनका कहना है कि आज भी उनसे बेहतर कई डायरेक्टर हैं. लेकिन वो अपने 40 साल के एक्सपीरियंस का इस्तेमाल एक अलग तरीके से करना चाहते हैं. उनकी कोशिश ये समझने की है कि इतने लंबे अनुभव को आज के युवा दर्शकों से कैसे जोड़ा जाए. प्रियदर्शन के लिए फिल्ममेकिंग शायद कभी खत्म न होने वाली सीखने की प्रक्रिया है. हर नई पीढ़ी के साथ दर्शकों की पसंद बदलती है, तकनीक बदलती है और कहानी कहने की भाषा भी बदलती है. ऐसे में जो डायरेक्टर सीखना बंद कर देता है, वो शायद समय से पीछे रह जाता है.

कब आ रही है ‘हैवान’?

फिल्म प्रोड्यूसर वेंकट के नारायण और शैलजा देसाई फेन की फिल्म ‘हैवान’ 11 सितंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान की मौजूदगी के साथ प्रियदर्शन का नया जॉनर एक्सपेरिमेंट भी इसकी खासियत है. अक्षय और सैफ की जोड़ी इससे पहले मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी, टशन, ये दिल्लगी और आरजू जैसी फिल्मों में नज़र आ चुकी है. इसके अलावा अक्षय और प्रियर्दशन की जोड़ी कई बार कमाल कर चुकी है. वो एक ऐसे डायरेक्टर हैं, जिसने दर्शकों को कभी बेहतरीन कॉमेडी फिल्में दीं, कभी सीरियस सोशल कहानी और कभी थ्रिलर के जरिए बांधकर रखा. अब ‘हैवान’ उनके करियर का एक और दिलचस्प मोड़ हो सकती है. सबसे खास बात शायद यही है कि प्रियदर्शन करीब 40 साल के अनुभव के बाद भी खुद को मंजिल से दूर मानते हैं. यानी वो अभी भी रेस में हैं. फर्क सिर्फ इतना है कि अब उनकी सबसे बड़ी चुनौती नई पीढ़ी को समझना है.

News Source: PTI

कुछ ही महीनों में Badshah ने लिया तलाक का फैसला, उनके अलावा ये भी हैं बॉलीवुड और टीवी की सबसे छोटी सेलिब्रिटी शादियां

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?