Toxic: चार साल का इंतजार, सुपरस्टार की वापसी, करोड़ों का बजट और पर्दे पर एक ऐसी दुनिया, जहां प्यार भी है, बदला भी है और क्राइम की अंधेरी गलियां भी. दरअसल, साउथ सुपरस्टार यश की मचअवेटिड फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ लोगों का मनोरंजन करने के लिए आ चुकी है. यश ने ‘केजीएफ चैप्टर 2’ के बाद करीब चार साल तक बड़े पर्दे से दूरी बनाए रखी. अब जब वो वापस लौटे हैं तो अंदाज भी छोटा-मोटा नहीं, बल्कि धमाकेदार है. फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है. इसकी कहानी को लेकर पहले से ही काफी एक्साइटमेंट बनी हुई है.
गोवा की गलिया
अब आते हैं कहानी पर. ‘टॉक्सिक’ की कहानी आजादी के बाद के गोवा में सेट की गई है. यहां यश एक ऐसे गैंगस्टर के किरदार में नजर आएंगे, जिसकी जिंदगी क्राइम, हिंसा और ताकत के बीच उलझी हुई है. लेकिन ये कोई ऐसी गैंगस्टर कहानी नहीं है जिसमें सिर्फ बंदूकें चलें और दुश्मन उड़ते नजर आएं. इस किरदार के अंदर भी एक दिल है, कुछ उसूल हैं और अपने रिश्तों को लेकर इमोशन हैं. वो क्राइम से भरी दुनिया में रहते हुए भी वफादारी नहीं भूलता. यही वजह है कि यश की इस फिल्म में प्यार, पछतावा और अपने फैसलों की कीमत चुकाने का दर्द भी दिखेगी. यानी एक तरफ गोलियों की आवाज होगी, तो दूसरी तरफ रिश्तों की खामोशी.
सितारों की पूरी बारात
फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी जबरदस्त स्टारकास्ट भी है. यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत जैसे बड़े स्टार्स भी हैं. कियारा फिल्म की लीड एक्ट्रेस हैं. वहीं, नयनतारा यश के किरदार की बहन के रोल में हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक कियारा को करीब 15 करोड़ रुपये फीस मिलने की बात कही गई है. वहीं, नयनतारा की फीस 12 से 18 करोड़ रुपये के आसपास है. हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत की फीस करीब 3 से 5 करोड़ रुपये के बीच है. हालांकि, इसे लेकर कोई ऑफिशियल जानकारी नहीं है. वैसे, यश सिर्फ फिल्म के हीरो नहीं हैं, बल्कि इसके प्रोड्यूसर भी हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने फिल्म के लिए अलग से एक्टिंग फीस नहीं ली है.
बदल गया Ajay Devgn की Drishyam का नाम, अब नए टाइटल और नई स्टारकास्ट के साथ करेगी धमाल
नहीं मिलेगा सीट से उठने का मौका
अब फिल्म की लंबाई सुनकर शायद आपकी आंखें खुली की खुली रह जाएं. ‘टॉक्सिक’ का रनटाइम करीब 3 घंटे 12 मिनट बताया गया है. यानी थिएटर में बैठते ही ये कोई छोटी-सी फिल्मी सवारी नहीं होने वाली. फिल्म को ‘A’ सर्टिफिकेट मिला है, यानी इसे 18 साल से ज्यादा उम्र के दर्शक ही देख सकेंगे. रिपोर्ट्स में इसका बजट करीब 600 से 700 करोड़ रुपये के बीच बताया गया है. इतनी लंबी फिल्म और इतना बड़ा बजट साफ इशारा करता है कि मेकर्स ने कहानी, किरदारों और एक्शन को बड़े लेवल पर पेश करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है.
अंग्रेजी का भी खास कनेक्शन
‘टॉक्सिक’ की एक और खास बात इसकी भाषा है. फिल्म को कन्नड़ और अंग्रेजी भाषा में बनाया गया है. खास बात ये है कि अंग्रेजी हिस्से को सिर्फ डब नहीं किया गया, बल्कि फिल्म को अंग्रेजी में शूट भी किया गया है. इसके अलावा दर्शक इसे हिंदी, तमिल, तेलुगू और मलयालम में भी देख सकेंगे. यानी फिल्म की कहानी सिर्फ एक भाषा या एक इलाके तक रखने की कोशिश नहीं की गई है. इसका टारगेट बड़ा है और रिलीज भी बड़े लेवल पर ही हुई है.
खत्म हुआ फैंस का इंतजार
‘टॉक्सिक’ पहले 19 मार्च को रिलीज होने वाली थी. लेकिन रिलीज शेड्यूल में बदलाव हुआ और फिल्म को आगे खिसका दिया गया. अब आखिरकार ये सिनेमाघरों में पहुंच चुकी है. 4 साल बाद यश की वापसी, गैंगस्टर का दमदार किरदार, बड़ी स्टारकास्ट,बड़ा बजट और तीन घंटे से ज्यादा की कहानी. यानी ‘टॉक्सिक’ के पास दर्शकों को थिएटर तक खींचने के लिए मसाला पूरा है. अब असली सवाल सिर्फ एक है कि, क्या यश का ये नया अवतार ‘केजीएफ’ वाली दीवानगी दोबारा पैदा कर पाएगा? इसका जवाब जल्द मिल जाएगा.
