UP Plantation: पर्यावरण को हो रहे नुकसान पर चिंता जताते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि लोग अपनी सेहत का तो ध्यान रखते हैं, लेकिन अक्सर धरती माता की सेहत को नज़रअंदाज़ कर देते हैं. उन्होंने राज्य में 35 करोड़ पौधे लगाने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत की.
सभी लोग निभाएं अपनी जिम्मेदारी
योगी ने कहा कि मां हर इंसान और हर जीव के लिए सबसे खूबसूरत तोहफ़ा होती है. यह तोहफ़ा हम सभी के लिए धरती माता के रूप में भी मौजूद है. हम अपनी सेहत को लेकर चिंतित रहते हैं. समय-समय पर डॉक्टर के पास जाते हैं, लेकिन हम धरती माता के इलाज के लिए कोई इंतज़ाम नहीं करते, जिस पर हम सभी निर्भर हैं. उन्हीं की वजह से जीवन बचा हुआ है, लेकिन हम उनकी सेहत के बारे में नहीं सोचते. उन्होंने कहा कि मानवता की भलाई के लिए धरती माता की सेहत की रक्षा करना ज़रूरी है. सभी लोगों को धरती मां के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए.
योगी ने नीम, पीपल और बरगद के लगाए पौधे
उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सभी तरह के जीवन को बनाए रखने के लिए पेड़ लगाना बहुत ज़रूरी है. योगी ने गोरखपुर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ मेगा अभियान की शुरुआत करते हुए ये बातें कहीं. इस अभियान के तहत एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे. यूपी सरकार के एक बयान के मुताबिक, अभियान के तहत उन्होंने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर भगवानपुर टोल प्लाज़ा के पास पवित्र ‘त्रिवेणी’ (नीम, पीपल और बरगद) के पौधे लगाए. गोरखनाथ मंदिर लौटते समय मुख्यमंत्री ने RKBK के पास ताल रिंग रोड पर मौलश्री का पौधा भी लगाया.
‘PM सूर्य घर: मुफ़्त बिजली योजना’ का भी जिक्र
आदित्यनाथ ने बताया कि 2017 में सत्ता संभालने के बाद से राज्य में BJP की सरकार ने हैलोजन लाइटों की जगह LED स्ट्रीट लाइटें लगाने की कोशिशें शुरू कर दी हैं.आदित्यनाथ ने कहा कि इस बदलाव से UP सरकार के 100 करोड़ रुपये बचे हैं और हैलोजन लाइटों से होने वाला कार्बन उत्सर्जन भी काफी कम हुआ है. यह रिन्यूएबल एनर्जी (नवीकरणीय ऊर्जा) की दिशा में एक कदम है. उन्होंने ‘PM सूर्य घर: मुफ़्त बिजली योजना’ का भी ज़िक्र किया, जिसके तहत सोलर पैनल दिए जाते हैं.
अयोध्या बना राज्य का पहला सोलर सिटी
उन्होंने कहा कि इससे बिजली के बिल आधे हो गए हैं और साथ ही ग्रीन एनर्जी का एक नया स्रोत भी बना है. PM उज्ज्वला योजना का ज़िक्र करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 करोड़ परिवारों को मुफ़्त LPG कनेक्शन दिए हैं, जिनमें से अकेले उत्तर प्रदेश में 2 करोड़ परिवारों को फ़ायदा हुआ है. उन्होंने कहा कि अयोध्या राज्य का पहला सोलर सिटी बन गया है. स्ट्रीट लाइटें और सरकारी इमारतों की लाइटें पूरी तरह से सोलर सिटी में ही बनी बिजली से चलती हैं. प्रकृति के प्रति अपनी ज़िम्मेदारियां निभाने के लिए सभी ज़रूरी कदम उठाए गए हैं.
News Source: PTI
