Yoga Day: स्वस्थ आयु के लिए योग के संकल्प के साथ रविवार को पूरे मध्य प्रदेश में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया. देश के दिल कहे जाने वाले मध्य प्रदेश से योग की कई अद्भुत, ऐतिहासिक और रिकॉर्डतोड़ तस्वीरें सामने आईं. संस्कारधानी जबलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शामिल हुईं. वहीं इंदौर ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए भ्रामरी प्राणायाम का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया.
योगाभ्यास कर निरोगी काया का दिया संदेश
राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कोने-कोने में नदी तटों, ऐतिहासिक स्मारकों और खेल मैदानों पर लाखों नागरिकों ने एक साथ योगाभ्यास कर निरोगी काया का संदेश दिया. जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड पर आयोजित राज्य स्तरीय महा आयोजन का नजारा रविवार सुबह बेहद विहंगम था. इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शामिल हुईं.
योग सत्र शुरू होने से पहले महामहिम राष्ट्रपति ने अपना चश्मा उतारकर एक तरफ रखा और पूरी तल्लीनता के साथ योगासन किए. इस ऐतिहासिक पल में उनके साथ मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष, कैबिनेट मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और स्कूली बच्चे मौजूद रहे.
इंदौर में बना अनोखा कीर्तिमान
अपनी अनूठी उपलब्धियों के लिए मशहूर इंदौर शहर ने इस योग दिवस पर भी एक नया रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करा लिया. यहां आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में शामिल हजारों प्रतिभागियों ने योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में एक सुर और एक ताल के साथ लगातार 3 मिनट से अधिक समय तक भ्रामरी प्राणायाम किया. इस अनोखे और सफल प्रयास को आयोजकों ने योग के प्रति जनता की बढ़ती जागरूकता और सामूहिक सहभागिता का एक नया मील का पत्थर बताया है.

बड़े तालाब में लहरों पर योग
राजधानी भोपाल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य सामूहिक जिला स्तरीय कार्यक्रम टीटी नगर स्टेडियम में गरिमापूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन की राज्यमंत्री कृष्णा गौर और विधायक भगवानदास सबनानी मुख्य रूप से उपस्थित रहे. इसके साथ ही कृषि उत्पादन आयुक्त अशोक बर्णवाल, भोपाल संभाग आयुक्त करमवीर शर्मा तथा कलेक्टर प्रियंक मिश्रा सहित बड़ी संख्या में नागरिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने योगाभ्यास किया.
इस दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा और योग को अपनी दैनिक जीवन शैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया. इसके अलावा भोपाल के प्रसिद्ध बड़े तालाब की लहरों के बीच एक बेहद अनूठे योग शिविर का आयोजन किया गया. यहां नावों और फ्लोटिंग प्लेटफॉर्म पर लोगों ने पानी और प्रकृति के अद्भुत सामंजस्य के बीच प्राणायाम और ध्यान लगाया, जो आकर्षण का केंद्र रहा.
नर्मदा तट और सांची के स्तूपों पर उमड़ा जनसैलाब
प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी योग दिवस को लेकर भारी उत्साह देखा गया. नर्मदापुरम के ऐतिहासिक व पावन सेठानी घाट पर मां नर्मदा के तट पर करीब 400 लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर भारतीय संस्कृति और स्वास्थ्य का अनूठा संदेश दिया. वहीं, विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सांची के ऐतिहासिक स्तूप परिसर में भी योग की त्रिवेणी बही, जहां प्राचीन धरोहरों की छांव में सैकड़ों लोगों ने प्राणायाम किया. कुल मिलाकर रविवार को पूरा मध्य प्रदेश पूरी तरह से योगमय नजर आया.
हजारों लोगों के साथ पीएम मोदी ने किया योग, कोलकाता की रेड रोड पर विश्व योग दिवस का उत्सव
