Oman Coast Attack: पश्चिम एशिया में जारी तनाव ने समुद्री सुरक्षा को काफी चुनौतिपूर्ण कर दिया है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के बाधित होने से कई जहाजों को किसी अन्य समुद्री मार्गों से होकर गुजरना पड़ रहा है. इस बीच ओमान तट से एक बड़े मिसाइल हमले की खबर सामने आई है.
मिली जानकारी के अनुसार, ओमान तट पर एक मर्चेंट जहाज पर मिसाइल हमला हुआ. इससे जहाज पर धुएं के गुबार देखे गए. हमला होते ही जहाज पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी जैसा माहौल हो गया. जानकारी के अनुसार, जिस जहाज पर हमला हुआ उसके सभी चालक दल भारतीय थे. हमले के बाद इस जहाज से 24 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया. आइए जानते हैं पूरी खबर.
24 भारतीय चालक दल के सदस्यों को बचाया गया- ICG
मंगलवार को भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने बताया कि ओमान के तट पर पलाऊ ध्वज वाले एक व्यापारिक टैंकर पर “मिसाइल हमला” हुआ था. उन्होंने बताया कि हमले के बाद ओमान के अधिकारियों के साथ बातचीत कर जहाज के 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों को बचा लिया गया है.
जानकारी के अनुसार, भारतीय नौसेना नियंत्रण केंद्र (आईसीजी) के मुंबई स्थित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी) को 8 जून को ओमान के मसिराह के तट पर लंगर डाले हुए टैंकर एमटी मारिवेक्स पर मिसाइल हमले की सूचना मिली. जहाज में 24 लोगों का दल था, जिसमें सभी भारतीय नागरिक थे. आईसीजी ने बताया कि यह जानकारी जहाज पर सवार एक दल के सदस्य के रिश्तेदार ने एमआरसीसी को दी.
ओमान नेवी की मदद से बचाए गए भारतीय दल
जानकारी के अनुसार, सूचना मिलने पर, एमआरसीसी ने मिसाइल हमले के बाद भारतीय नाविकों के सफल बचाव को सुनिश्चित करने के लिए ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया. भारतीय तटरक्षक बल ने कहा, “स्थिति की गंभीरता और चालक दल की सुरक्षा के लिए तत्काल खतरे को देखते हुए, एमआरसीसी मुंबई ने तुरंत ओमान समुद्री खोज और बचाव केंद्र (ओएमएससी) से संपर्क स्थापित किया और ओएमएससी से खोज मिशन समन्वयक (एसएमसी) के कर्तव्यों को संभालने और पोत और उसके चालक दल को तत्काल सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया.”
आईसीजी ने आगे बताया कि ओएमएससी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पास के एक जहाज को मोड़कर और दो रेस्क्यू हेलीकॉप्टरों को घटना स्थल पर तैनात करके बचाव अभियान शुरू किया. मुंबई और ओमान के बचाव केंद्रों व अन्य संबंधित हितधारकों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखा गया ताकि स्थिति पर नजर रखी जा सके और भारतीय दल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. बाद में 8 जून को, ओएमएससी ने पुष्टि की कि ओमान नेवी के हेलीकॉप्टरों द्वारा सभी चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया था. हालांकि, हमला किसने किया , इसकी अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
20,000 लोग बेघर, फिलीपींस में भूकंप ने मचाई तबाही, बिल्डिंग गिरने से 37 की मौत
News Source: PTI
