Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में भारतीय वायु सेना (IAF) की प्रतिष्ठित सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के सदस्यों से मुलाकात की. इस अवसर पर टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री साय को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया. मुख्यमंत्री ने टीम के सदस्यों का छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर आत्मीय स्वागत करते हुए राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव में उनकी सहभागिता को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया.
युवाओं के लिए एयर शो होगा अविस्मरणीय अनुभव
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का आगमन प्रदेशवासियों के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव की बात है. भारतीय वायु सेना अपने अदम्य साहस, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट पेशेवर दक्षता के लिए विश्वभर में सम्मानित है. उन्होंने कहा कि राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित यह एयर शो छत्तीसगढ़वासियों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों के लिए अविस्मरणीय अनुभव होगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों का शौर्य और पराक्रम प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत है. सारंग टीम के पायलट जिस साहस, सटीकता और आपसी समन्वय के साथ आसमान में कठिन हवाई करतब प्रस्तुत करते हैं, वह उनके कठोर प्रशिक्षण, अनुशासन और उत्कृष्ट टीम भावना का परिचायक है. यह प्रदर्शन युवाओं को बड़े सपने देखने, चुनौतियों का सामना करने और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा.
2 नवंबर को आसमान में दिखेगा रोमांचक नजारा
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम द्वारा भव्य एयर शो प्रस्तुत किया जाएगा. सुबह 11 बजे से प्रारंभ होने वाले इस विशेष हवाई प्रदर्शन में पांच हेलीकॉप्टर आसमान में अद्भुत सामंजस्य, सटीक उड़ान और साहसिक करतबों का प्रदर्शन करेंगे. एयर शो के दौरान दर्शकों को हेलीकॉप्टरों की विभिन्न आकर्षक संरचनाएं, उड़ानें और रोमांचकारी हवाई गतिविधियां देखने का अवसर मिलेगा. इस आयोजन के माध्यम से प्रदेशवासियों को भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट कार्यकुशलता और आधुनिक विमानन तकनीक से परिचित होने का अवसर मिलेगा. विशेष रूप से विद्यार्थियों और युवाओं के लिए यह आयोजन विमानन, विज्ञान, तकनीक और रक्षा सेवाओं के क्षेत्र में नई संभावनाओं को जानने तथा अपने भविष्य के लिए प्रेरणा प्राप्त करने का माध्यम बनेगा.
पांच हेलीकॉप्टर करेंगे हवाई प्रदर्शन
सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे. टीम में दो महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर सुश्री अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर सुश्री अक्षया भी शामिल हैं. टीम के सदस्य पांच हेलीकॉप्टरों के माध्यम से आसमान में विभिन्न रोमांचक संरचनाओं और साहसिक हवाई करतबों का प्रदर्शन करेंगे. ग्रुप कैप्टन कुमार ने कहा कि सारंग टीम का उद्देश्य केवल दर्शकों को रोमांचक हवाई करतब दिखाना नहीं है, बल्कि युवाओं को साहस, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करना भी है. भारतीय वायु सेना में युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा और क्षमताओं को निखारने तथा देश की सेवा करने के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं. उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि सपनों की उड़ान के लिए पूरा आसमान संभावनाओं से भरा हुआ है. इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास तथा प्रेस अधिकारी आलोक सिंह भी उपस्थित थे.
खत्म हुआ वर्षों का इंतजार : नक्सलियों का गढ़ रहा बस्तर अब रेल नेटवर्क से जुड़ा, दौड़ेंगी ट्रेनें
