Bangladesh News: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में गुरुवार को बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के पूर्व डिप्टी प्रेस सचिव सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया. हसीना के पूर्व डिप्टी प्रेस सेक्रेटरी केएम शखावत मून और दो अन्य लोगों को गुरुवार तड़के धनमंडी-27 इलाके से हिरासत में लिया गया. पुलिस ने बताया कि मून के साथ गिरफ्तार किए गए अन्य दो लोगों में पूर्व डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद इलियास हुसैन और इनकम टैक्स वकील सूफी मोहम्मद अल मामून शामिल हैं. ढाका के धनमंडी इलाके में जातीयताबादी छात्र दल (JCD) के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा पकड़े जाने के बाद मून, हुसैन और मामून को पुलिस हिरासत में ले लिया गया.
हसीना के गृह जिले गोपालगंज में 56 प्लाटून तैनात
JCD, सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) का छात्र संगठन है. मोहम्मदपुर पुलिस स्टेशन के ड्यूटी ऑफिसर सब-इंस्पेक्टर मसूदुर रहमान ने बताया कि पुलिस इन तीनों को अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है. अगले महीने 16 दिसंबर को हसीना की संभावित वापसी को लेकर राजनीतिक तनाव बढ़ने के बीच, BNP के नेतृत्व वाली सरकार ने कई जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी है. इसके तहत सीमावर्ती अर्धसैनिक बलों की 108 प्लाटून तैनात की गई हैं, जिनमें से 56 प्लाटून हसीना के गृह जिले गोपालगंज में तैनात है.
भारत में रह रही हैं हसीना
हाल के हफ्तों में हसीना की संभावित वापसी को लेकर पूरे बांग्लादेश में हिंसा की घटनाएं हुई हैं, जिनमें ट्रेनों, बसों और बैंकों में आगजनी के मामले भी शामिल हैं. अगस्त 2024 में छात्रों के नेतृत्व में हुए विद्रोह के बाद अपनी सरकार गिरने पर हसीना ढाका से भाग गई थीं और तब से वह भारत में रह रही हैं. पुलिस ने हाल ही में हुई हिंसा की घटनाओं के लिए अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है. सुरक्षा व्यवस्था इसलिए बढ़ाई गई है क्योंकि ऐसी आशंका है कि हसीना के समर्थक आने वाले दिनों में हिंसा और तोड़फोड़ को और तेज कर सकते हैं.
देश में 29 और 30 नवंबर को लॉकडाउन का आह्वान
अवामी लीग, जिसकी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए 29 और 30 नवंबर को ‘लॉकडाउन’ कार्यक्रम का आयोजन कर रही है. इससे तनाव और बढ़ने की चिंताएं पैदा हो गई हैं. बुधवार को गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि अवामी लीग को बांग्लादेश में कभी भी राजनीति करने की इजाजत नहीं दी जाएगी. अहमद ने कहा कि अवामी लीग एक फासीवादी और माफिया ताकत है, जो जुलाई 2024 के विद्रोह के दौरान हुई बड़े पैमाने पर हत्याओं के लिए जिम्मेदार है.
गाजा पर इजरायल की भीषण बमबारी : 8 फिलिस्तीनी ढेर, हमास का एक प्रमुख नेता भी मारा गया
