Pakistani Drama: भारत में पाकिस्तानी फिल्मों और टीवी शोज को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है. इस बार मामला पाकिस्तानी टीवी ड्रामा ‘दर-ए-नजात’ का है. दरअसल, बेंगलुरु में इस ड्रामे की दो प्राइवेट स्क्रीनिंग होनी थीं. हालांकि, सोशल मीडिया पर विरोध और सवाल उठने के बाद दोनों कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं. खास बात ये है कि स्क्रीनिंग किसी बड़े सिनेमाघर में नहीं, बल्कि निजी आयोजनों के रूप में रखी गई थीं.
कहां होनी थी स्क्रीनिंग?
पहला कार्यक्रम 28 नवंबर को शाम 6 बजे फ्रेजर टाउन के ‘शीशकबाब’ में होना था. इसका आयोजन ‘द ब्लूम सोसाइटी सिस्टर्स क्लब’ कर रहा था. पोस्टर में इसे बेंगलुरु की पहली स्क्रीनिंग बताया गया था. इस दौरान पाकिस्तानी ड्रामे के एपिसोड 34 और 35 दिखाए जाने थे. स्क्रीनिंग के बाद मेहमानों के लिए पर्शियन और अरेबिक खाने का भी इंतजाम था. वहीं, दूसरी स्क्रीनिंग 5 दिसंबर को शाम 6 बजे एक प्राइवेट थिएटर में रखी गई थी. इसका आयोजन ‘द स्टार क्लब’ की तरफ से किया जाना था. लेकिन सोशल मीडिया पर इन कार्यक्रमों के पोस्टर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया.
Diljit Dosanjh के कॉन्सर्ट पर बम धमकी का साया, वेन्यू और मेट्रो स्टेशन उड़ाने की चेतावनी; FIR दर्ज
पुलिस ने शुरू की पूछताछ
बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर आर. हितेंद्र ने बुधवार को बताया कि पुलिस दोनों आयोजनों के आयोजकों से संपर्क कर रही है. उनसे कार्यक्रमों से जुड़ी जानकारी मांगी जा रही है. उन्होंने कहा कि अगर मौके पर किसी कार्रवाई की जरूरत हुई तो पुलिस जरूरी कदम उठाएगी. इसके बाद दोनों आयोजनों के आयोजकों ने स्क्रीनिंग रद्द करने की पुष्टि कर दी. ‘शीशकबाब’ के प्रभारी ने भी बताया कि 28 नवंबर का कार्यक्रम अब नहीं होगा. हालांकि, उन्होंने इसे रद्द करने की वजह साफ नहीं की. दूसरे कार्यक्रम के आयोजक ने बताया कि ये स्क्रीनिंग परिवार और करीबी लोगों के लिए एक निजी आयोजन के तौर पर रखी गई थी. लेकिन जब ये मामला चर्चा में आया और विवाद बढ़ने लगा, तो उन्होंने कार्यक्रम रद्द करने का फैसला किया.
नेटफ्लिक्स सीरीज पर भी विवाद
ये मामला ऐसे समय सामने आया है, जब भारत में एक और पाकिस्तानी सीरीज को लेकर विरोध हो रहा है. ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर पाकिस्तानी सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की भारत में रिलीज रोकने की मांग की है. ये सीरीज 4 दिसंबर, 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है. एसोसिएशन ने सरकार से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की है. फिलहाल बेंगलुरु में ‘दर-ए-नजात’ की दोनों स्क्रीनिंग रद्द हो चुकी हैं. लेकिन पाकिस्तानी कंटेंट को भारत में दिखाने और रिलीज करने को लेकर बहस एक बार फिर गर्म हो गई है.
News Source: ANI
Ramayana का बॉक्स ऑफिस पर धमाल! ‘पुष्पा 2’ को पछाड़कर बनाया बड़ा रिकॉर्ड, अब इस फिल्म पर नजर
