Home Top News संविधान दिवस पर SP का चुनावी घोषणा पत्र जारी: 25 लाख नौकरियों और बंद स्कूल खोलने का वादा

संविधान दिवस पर SP का चुनावी घोषणा पत्र जारी: 25 लाख नौकरियों और बंद स्कूल खोलने का वादा

by Sanjay Kumar Srivastava 26 November 2026, 5:29 PM IST (Updated 26 November 2026, 5:30 PM IST)
26 November 2026, 5:29 PM IST (Updated 26 November 2026, 5:30 PM IST)
संविधान दिवस पर SP का चुनावी घोषणा पत्र जारी : 25 लाख नौकरियों और बंद स्कूल खोलने का वादा

SP Manifesto: उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने चुनावी घोषणा-पत्र में शिक्षा, रोज़गार और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी है. उन्होंने कहा कि जो 26 हजार स्कूल बंद कर दिए गए थे, उन्हें फिर से खोला जाएगा ताकि शिक्षा, शिक्षकों और विद्यार्थियों की गरिमा को बहाल किया जा सके. स्नातक बेरोजगारों के पांच हजार प्रति माह बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा. किसानों को समय पर भुगतान किया जाएगा. इसके अलावा 5 साल में 25 लाख युवाओं को नौकरी देने का भी वादा किया गया है. 24 घंटे में गन्ना किसानों को भुगतान दिया जाएगा.

आने वाले हैं अच्छे दिन

पार्टी ने महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और सम्मान को चुनावी एजेंडे के केंद्र में रखा है. बिहार चुनाव के बाद सपा भी महिला मतदाताओं पर विशेष फोकस कर रही है. अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी ने हमेशा अपने घोषणा-पत्र में किए गए वादों को पूरा किया है. इस मौके पर उन्होंने आजम खां को भरोसा दिलाते हुए कहा कि सपा ने जब भी घोषणा पत्र बनाया, उसे लागू किया है. अगर इस दौरान कोई नई परिस्थिति या जरूरत सामने आई, तो पार्टी ने उसे भी अपने एजेंडे में शामिल कर पूरा किया है. उन्होंने कहा कि अच्छे दिन आने वाले हैं और बुरे दिन जाने वाले हैं. उन्हें पता है कि उनका समय खत्म हो गया है, इसीलिए उनके सुर बदल गए हैं.

नेताजी के समय हुआ लखनऊ का विकास

लखनऊ के विकास का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि मंच पर बैठे लोगों को शायद पता होगा कि इस शहर को विकसित करने का काम नेताजी के मुख्यमंत्री रहते हुए शुरू हुआ था. लखनऊ को राज्य का सबसे सुनियोजित शहर बताते हुए अखिलेश ने दावा किया कि यहां सबसे ज्यादा निवेश आया है. संविधान दिवस पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा और संविधान बदलने की बात करने वालों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कुछ लोग देश को हिंदू राष्ट्र में बदलना चाहते हैं और संविधान में बदलाव करने की साजिश रच रहे हैं. संविधान का समर्थन करने वाले सभी लोग ऐसी कोशिशों को नाकाम करने के लिए एकजुट हैं.

कहा- देश संविधान से चलेगा, मनमानी से नहीं

अखिलेश ने कहा कि कुछ दबंग और स्वार्थी लोग सत्ता पर अपनी पारंपरिक पकड़ बनाए रखने के लिए संविधान बदलने की बात कर रहे हैं. समीक्षा और पुनर्विचार की आड़ में संविधान को खत्म करने की कोशिशें की जा रही है. उन्होंने ऐसी ताकतों को संविधान-विरोधी, संकीर्ण सोच वाली और विनाशकारी बताया.उन्होंने कहा कि हमारा देश संविधान से चलेगा, न कि किसी व्यक्ति की मनमानी से. अखिलेश ने कहा कि संविधान समाज के शोषित और हाशिए पर रहने वाले वर्गों के लिए एक ढाल का काम करता है.

संविधान बदलने की साजिश नहीं होगी सफल

कहा कि जो लोग संविधान का सम्मान करते हैं, उनका यह कर्तव्य है कि वे एकजुट रहें और यह सुनिश्चित करें कि इसके खिलाफ कोई भी साजिश सफल न हो. अखिलेश यादव ने कहा कि यह संविधान को लेकर संघर्ष का समय है. एक तरफ वे लोग हैं जो सत्ता पाने के लिए संविधान का दुरुपयोग करना चाहते हैं, जबकि दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी है, जो संविधान का उपयोग हर तरह के भेदभाव को खत्म करने, आरक्षण की रक्षा करने और समाज में समानता की भावना को बढ़ावा देने के लिए करना चाहती है.

लखनऊ रैली में ओवैसी ने PM मोदी और CM योगी पर निशाना साधा, कहा- अब खत्म होने वाले हैं आपके दिन

News Source: ANI

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?