China Flood: चीन में तूफान, भारी बारिश और बाढ़ ने तबाही मचा दी है. कई शहरों में जीवन ठहर सा गया है. 39 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग लापता हैं. बांध टूटने से गुआंग्शी शहर में पानी घुस गया. सरकार ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है. दक्षिणी चीन के अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि तूफ़ान की वजह से हुई भारी बारिश और बाढ़ में 39 लोगों की मौत हो गई. इस बीच, देश के पूर्वी तट और ताइवान में एक और तूफ़ान (टाइफून) के आने की चेतावनी दी गई है. नाननिंग शहर के उप-मेयर डिंग वेई ने बताया कि ज़्यादातर मौतें हेंगझोउ में हुईं, जहां एक जलाशय का बांध टूट गया और पानी का तेज़ बहाव शहर में घुस गया, जिससे 26 लोगों की जान चली गई. गुआंग्शी क्षेत्र में नौ लोग अभी भी लापता हैं.
फुजियान या झेजियान प्रांत में टकराएगा ‘बावी’ तूफान
ट्रॉपिकल तूफान ‘मेसाक’ के कारण शनिवार से गुआंग्शी में रिकॉर्ड बारिश हुई, जिससे जलाशय टूट गए और लोग अपने घरों और अन्य इमारतों में फंसे रहे. एक दूसरा तूफ़ान टाइफून ‘बावी’ समुद्र में उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है. यह तूफ़ान जापान के कुछ दूर-दराज़ द्वीपों और फिर ताइवान के ठीक उत्तर से गुज़रते हुए शनिवार को चीन के फुजियान या झेजियान प्रांत में ज़मीन से टकराएगा. 2.3 करोड़ की आबादी वाले इस द्वीप पर भारी बारिश को देखते हुए गुरुवार को उत्तरी ताइवान के बंदरगाहों पर मछली पकड़ने वाली नावें एक-दूसरे से सटकर खड़ी देखी गईं.
सुरक्षित निकाले गए 10,000 छात्र-शिक्षक
ताइवान के सेंट्रल वेदर एडमिनिस्ट्रेशन के अनुसार, ‘बावी’ तूफ़ान गुरुवार को सुपर-टाइफून की श्रेणी से नीचे आ गया, लेकिन फिर भी अधिकतम 184 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवा चल रही थी. जब यह टाइफून लुज़ोन द्वीप के पूर्व से गुज़रा, तो फिलीपींस के कई शहरों और कस्बों में कक्षाएं स्थगित कर दी गईं और उत्तरी बंदरगाहों से जहाज़ों के निकलने पर रोक लगा दी गई. दक्षिणी चीन में, मिलिट्री की रेस्क्यू टीमों ने गुइगांग शहर के कई स्कूलों में फंसे 10,000 से ज़्यादा स्टूडेंट्स और टीचर्स को बाहर निकाला. यह शहर हेंगझोउ से लगभग 60 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में है. बाढ़ में जानवर भी फंस गए या बह गए.
चिड़ियाघर डूबा, 100 से ज़्यादा जानवर बहे
गुइगांग का एक ज़ू (चिड़ियाघर) डूब गया, जिससे 100 से ज़्यादा जानवर बह गए, जिनमें दो ज़ेबरा, चार साही (porcupines) और दर्जनों ट्रॉपिकल पक्षी शामिल हैं. हेंगझोउ में एक फ़ार्म से भागे सांपों के मिलने की खबरों के बाद अधिकारियों ने एंटी-वेनम का स्टॉक जमा किया और लोगों को सलाह दी कि अगर सांप डस ले तो क्या करें. हेंगझोउ से लगभग 75 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में बिनयांग काउंटी में, जानवरों के एक शेल्टर चलाने वाले व्यक्ति को हाल के दिनों में लगभग 200 बिल्लियों और दर्जनों कुत्तों को बचाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. वह गहरे पानी से कुत्तों को एक बार में दो-दो करके बाहर लाए. जैसे-जैसे पानी का स्तर बढ़ा, बिल्लियां छत पर चढ़ गईं.
बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान तेज
पीने का पानी और दूसरी ज़रूरी चीज़ें पहुंचाने और फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के लिए बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान में ड्रोन और लगभग 5,700 नावों का इस्तेमाल किया गया. लगभग 1,30,000 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है. हेंगझोऊ के कई कस्बों से कीचड़, मलबा हटाने और वहां सफाई-कीटाणुनाशक का छिड़काव करने के लिए टीमें तैनात की गई हैं. नेशनल मौसम केंद्र के मुताबिक, दक्षिणी गुआंग्शी में कई दिनों तक उम्मीद से ज़्यादा बारिश हुई. कुछ इलाकों में कुल 10 से 40 सेंटीमीटर और बुरी तरह प्रभावित इलाकों में 90 सेंटीमीटर से ज़्यादा बारिश दर्ज की गई.
चीन में सड़कों पर तैर रहे 900 जहरीले सांप, 20 की मौत, इतिहास की सबसे खौफनाक बाढ़,त्राहि-त्राहि
News Source: PTI
