China Floods: चीन में सोमवार रात से जारी मूसलधार बारिश और भीषण बाढ़ से 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 331 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि यह चीन में आई अब तक की सबसे भीषण बाढ़ है. इस त्रासदी के बीच उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बाढ़ के तेज बहाव में एक स्नेक ब्रीडिंग फार्म ढह गया, जिससे लगभग 900 सांप बाहर निकल आए और रिहायशी इलाके में फैल गए. जिनमें बेहद जहरीले कोबरा भी शामिल हैं. सड़कों और घरों में पानी के साथ तैरते सांपों ने लोगों को दहशत में डाल दिया है. कई इलाकों से सांप डसने (स्नेक बाइट) की खबरें भी आ रही हैं. फिलहाल रेस्क्यू टीमें बाढ़ से लोगों को बचाने और इन सांपों को पकड़ने के दोहरे मिशन में जुटी हैं.
शी जिनपिंग ने बचाव कार्य के दिए निर्देश
सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने मंगलवार को बाढ़ से निपटने के लिए आपातकालीन बचाव कार्य, आपदा राहत और घायलों के इलाज के लिए हर संभव प्रयास करने का निर्देश दिया. उन्होंने निगरानी, समय रहते चेतावनी देने और आपातकालीन तैयारियों व प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया. साथ ही उन्होंने लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपदा रोकथाम और राहत कार्यों में ठोस प्रयास करने का भी आग्रह किया. ये सांप हेंगझोउ के एक फ़ार्म से निकले थे, जहां सोमवार रात भारी आंधी-तूफान और बाढ़ आई थी. हांगकांग स्थित ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, एक वायरल वीडियो में लोगों को कमर तक गहरे पानी में बांस की लाठियां लिए सांपों को पकड़ने की कोशिश करते हुए देखा गया.
देश भर की 62 नदियां चेतावनी स्तर से ऊपर
गांव के अधिकारी वू झी ने ‘रेड स्टार न्यूज़’ पोर्टल को बताया कि ज़्यादातर सांप जहरीले नहीं थे और उन्हें मछली पकड़ने वाले जाल और स्टन गन से पकड़ने के लिए 10 लोगों की एक टीम बनाई गई थी. उन्होंने ग्रामीणों को चेतावनी दी कि अगर उन्हें अपने घरों में कोई सांप दिखे, तो वे उसे हाथ से पकड़ने की कोशिश न करें. केंद्रीय अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण देश भर की 62 नदियां बाढ़ की चेतावनी के स्तर से ऊपर बहने लगीं. गुआंग्शी की किंगशुई नदी में उसके मॉनिटरिंग इतिहास की सबसे बड़ी बाढ़ दर्ज की गई. प्रांतीय आपातकालीन प्रबंधन अधिकारियों के अनुसार, सोमवार रात हुबेई प्रांत के पूर्वी हिस्से में बवंडर, आंधी और तेज़ हवाओं ने तबाही मचाई, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति लापता बताया गया.
54,460 लोगों को पहुंचाया गया सुरक्षित स्थानों पर
खराब मौसम के कारण तीन इलाकों में कम से कम 331 लोग घायल भी हुए. 400 से ज़्यादा निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. रिपोर्ट के अनुसार, खराब मौसम ने 22 इमारतों को नष्ट कर दिया और 4,855 अन्य इमारतों को नुकसान पहुंचाया. इसके अलावा, दक्षिण चीन के गुआंग्शी ज़ुआंग स्वायत्त क्षेत्र की राजधानी नाननिंग के कुछ हिस्सों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश और उसके बाद आई बाढ़ में चार लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य लापता हो गए. अधिकारियों ने बताया कि इस आपदा से 93,300 से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए और 54,460 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. क्षेत्रीय जल विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी कि अगले 24 घंटों तक कई नदियों के हिस्सों में जल स्तर बढ़ा रहेगा.
बचाव के लिए बड़े पैमाने पर अभियान
रिपोर्ट में कहा गया है कि टाइफून मेसाक के कारण हुई मूसलाधार बारिश से ये मौतें हुईं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा. इसके अलावा, मंगलवार सुबह उत्तर-पश्चिम चीन के गांसु प्रांत के लॉन्गनान शहर के तानचांग काउंटी में एक टाउनशिप में भूस्खलन हुआ, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई. कुल 33 लोग मलबे के नीचे दब गए थे. बचाव कर्मियों ने बताया कि 21 लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन इलाज के बावजूद उनमें से पांच की मौत हो गई. यह जानकारी शिन्हुआ की रिपोर्ट में दी गई है. बाकी 12 लापता लोगों की तलाश और बचाव के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है.
बारिश के बाद वायनाड में लैंडस्लाइड, 6 लोग घायल; मंत्री सिद्दीक बोले- भूस्खलन रेलवे की वजह से हुआ
News Source: PTI
