Iran Strike: पश्चिम एशिया में एक बार फिर से युद्ध की शुरुआत होती हुई नजर आ रही है. बीते दिनों पहले ईरान ने होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर हमला किया. उसके बाद अमेरिका ने इसके जवाब में ईरान को निशाने पर लिया और उसके कई ठिकानों पर अटैक किया. अब ईरान ने अमेरिकी हमले का पलटवार करते हुए कुवैत और बहरीन पर हमला कर दिया है.
बता दें कि ईरान, सीधे तौर पर अमेरिका पर हमला नहीं करता है. इसकी एक वजह दोनों देशों के बीच बड़ी दूरी भी है, लेकिन ईरान अमेरिकी हमले के बदले में यूएस के विभिन्न देशों में बने सैन्य ठिकानों पर हमला करता है. आइए जानते हैं पूरी खबर.
बहरीन और कुवैत पर जोरदार अटैक
मिली जानकारी के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने शनिवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर ईरान को निशाना बनाते हुए हवाई हमले किए थे. अब ईरान ने पलटवार करते हुए हमला किया है. जी हां, तेहरान ने बहरीन और कुवैत पर जोरदार अटैक किया है. इसके इस पलटवार से पश्चिम एशिया में एक बार फिर से युद्ध शुरू होने की आशंका बढ़ गई है.
इस युद्ध की शुरुआत ने बीते दिनों ईरान और अमेरिका के बीच हुए अंतरिम समझौते को एक बड़ा झटका दिया है. कई जानकारों की मानें तो अगर ये हमले ऐसे ही जारी रहें, तो एक बार फिर से होर्मुज पर खतरा मंडरा सकता है और ईरान उसे फिर से बंद कर सकता है. इससे एक बार फिर से भारत समेत दुनिया के तमाम देशों की एनर्जी सप्लाई में दिक्कत आ सकती है.
ईरानी हमले पर क्या बोले बहरीन और कुवैत?
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को बहरीन और कुवैत ने कहा कि ईरान पर नए अमेरिकी हवाई हमलों के बाद ईरान ने रात भर ड्रोन और मिसाइलों से उनके देशों को निशाना बनाया.
फारस की खाड़ी में शुरू हुई नई झड़प ने ईरान और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच युद्ध को स्थायी रूप से समाप्त करने के प्रयास में हुए प्रारंभिक समझौते पर और अधिक दबाव डाल दिया है. बहरीन और कुवैत दोनों ने ईरानी हमलों की निंदा की, हालांकि यह स्पष्ट नहीं था कि वास्तव में किस चीज को निशाना बनाया गया था.
अमेरिकी सेना ने इन ठिकानों पर किया था हमला
अमेरिकी केंद्रीय कमान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा था कि शनिवार तड़के एक व्यापारिक पोत पर हुए हमले के बाद अमेरिकी सैन्य विमानों ने ईरानी सैन्य “निगरानी अवसंरचना (surveillance infrastructure), संचार प्रणाली (communication systems), एयर डिफेंस साइट्स, ड्रोन स्टोरेज सुविधाएं और बारूदी सुरंग बिछाने की क्षमता” को निशाना बनाया. वहीं, बाद में कमान ने स्पष्ट किया कि ये हमले होर्मुज जलडमरूमध्य और उसके आसपास के विभिन्न स्थानों पर स्थित 10 ईरानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए थे.
…तो ईरान अस्तित्व में नहीं रहेगा!- ट्रंप
अमेरिका के प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी भी दी. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि अमेरिका ने युद्धविराम समझौते का उल्लंघन करने के लिए ईरान के मिसाइल और ड्रोन स्टोरेज साइटों और तटीय रडार साइटों पर फिर से हमला किया है! ट्रंप ने चेतावनी दी कि एक ऐसा समय आ सकता है जब अमेरिका के लिए तर्कसंगत रहना असंभव हो जाएगा और उसे सैन्य कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा.
अमेरिकी प्रेसिडेंट ने अपने ट्रूथ सोशल पर कहा था, “अगर ऐसा हुआ तो ईरान का इस्लामी गणराज्य अस्तित्व में नहीं रहेगा!”
‘…तो ईरान अस्तित्व में नहीं रहेगा!’, US ने तेहरान में 10 ठिकानों पर किया ताबड़तोड़ हमला
News Source: PTI
