Home Latest News & Updates नेपाल में भीषण हादसा : बागमती प्रांत में एक हजार फीट गहरी खाई में गिरी बस, 11 की मौत, 6 घायल, मची चीखपुकार

नेपाल में भीषण हादसा : बागमती प्रांत में एक हजार फीट गहरी खाई में गिरी बस, 11 की मौत, 6 घायल, मची चीखपुकार

by Sanjay Kumar Srivastava 12 November 2026, 4:19 PM IST (Updated 12 November 2026, 4:20 PM IST)
12 November 2026, 4:19 PM IST (Updated 12 November 2026, 4:20 PM IST)
नेपाल में भीषण सड़क हादसा: बागमती प्रांत में एक हजार फीट गहरी खाई में गिरी बस, ड्राइवर समेत 11 की मौत और 6 घायल

Nepal Accident: नेपाल में गुरुवार को भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. घटनास्थल पर चीखपुकार मच गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया. पुलिस ने लोगों के सहयोग से घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया. नेपाल के बागमती प्रांत में एक पहाड़ी सड़क से गुजरते समय मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर करीब एक हजार फीट नीचे गिर गई, जिससे ड्राइवर सहित 11 लोगों की मौत हो गई और छह गंभीर घायल हो गए. बस में कुल 17 यात्री सवार थे. हादसा मकावानपुर जिले में गुरुवार सुबह करीब 5:45 बजे हुआ.

काठमांडू से सर्लाही जा रही थी बस

मकावानपुर जिला पुलिस कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा तब हुआ जब बस काठमांडू से सर्लाही जा रही थी. यह बस भीमफेदी ग्रामीण नगर पालिका में भीमफेदी-कुलेखानी-काठमांडू पहाड़ी सड़क से लगभग 1000 फीट नीचे गिर गई. इस हादसे में ड्राइवर समेत 11 लोगों की मौत हो गई. छह घायल यात्रियों को इलाज के लिए हेटौडा नगर पालिका के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस बस में दक्षिणी नेपाल के सर्लाही जिले के निवासी सवार थे, जो हिंदू त्योहार ‘छठ’ मनाने के लिए काठमांडू से अपने घर जा रहे थे. इस साल छठ रविवार को है. छठ मुख्य रूप से नेपाल के दक्षिणी मैदानी इलाकों, जिन्हें तराई कहा जाता है, में हिंदू समुदाय द्वारा मनाया जाता है.

बच गया तीन साल का एक बच्चा

मृतकों में पांच पुरुष, तीन महिलाएं और दो लड़कियां शामिल हैं. सभी 11 लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई. ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, आठ मृतकों की पहचान अभी की जा रही है. चालक रवि शंकर कुमार मंडल और एक यात्री सुबेक यादव की पहचान हो गई है. पांच घायल यात्रियों को बचाकर इलाज के लिए हेटौडा अस्पताल ले जाया गया. दुर्घटनास्थल के ऊपर पहाड़ी की ढलान से तीन साल का एक बच्चा भी जिंदा मिला, जिसे सुरक्षित बचा लिया गया.

दुर्घटना की जांच शुरू

सूचना मिलते ही पुलिस और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बचाव दल दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया. खड़ी ढलान और दुर्गम इलाका होने के कारण यह अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा. अधिकारी दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं. मकावानपुर जिला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है. घायलों को समुचित उपचार मिले, इसके लिए अस्पतालों में खास इंतजाम किए गए हैं.

किश्तवाड़ से लापता दो SPO की हत्या, शव बरामद, हथियार भी गायब, दच्छन सेक्टर में थे तैनात

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?