Arunachal Fire: अरुणाचल प्रदेश के पारसी-पारलो कस्बे में आग लगने से परिवार के चार लोगों की मौत हो गई. आग इतनी भीषण थी कि 24 घर जलकर राख हो गए. अगलगी से इलाके के लोग जान बचाने के लिए अपने-अपने घरों से निकलकर भागने लगे. कुरुंग कुमे जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कस्बे में आवाजाही पर रोक लगा दी है. प्रशासन ने राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया है. अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे जिले के एक कस्बे में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई. इस घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई और 24 घर जलकर राख हो गए.
रसोईघर से फैली आग
उपायुक्त चीचुंग चुखू ने बताया कि मरने वालों में एक महिला और उसके तीन नाबालिग बच्चे (दो बेटे और एक बेटी) शामिल हैं. महिला का पति अभी भी लापता है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है. जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के अनुसार, आग तड़के करीब 2:30 बजे लगी और तेजी से आसपास के घरों में फैल गई. इससे 24 घर पूरी तरह जलकर राख हो गए. आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि इसकी शुरुआत शायद किसी रसोईघर से हुई होगी. चुखू ने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है. नुकसान का सही आकलन जांच के बाद ही हो पाएगा.
समय पर नहीं पहुंच पाई दमकल गाड़ी
बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए जिला मुख्यालय कोलोरियांग से अधिकारियों की एक टीम सुबह ही घटनास्थल पर पहुंच गई. इस दुखद घटना ने इस बात को भी उजागर कर दिया है कि इस दूर-दराज के कस्बे में आग बुझाने की पर्याप्त सुविधाएं मौजूद नहीं हैं. अधिकारियों ने बताया कि पारसी-पारलो में कोई फायर स्टेशन नहीं है. वहीं, लगभग 38 किलोमीटर दूर कोलोरियांग में तैनात दमकल गाड़ी भी समय पर प्रभावित इलाके तक नहीं पहुंच सकी. माना जा रहा है कि समय पर दमकल सहायता न मिल पाने के कारण तेजी से फैलती आग पर काबू पाने के प्रयासों में बाधा आई. पारसी-पारलो पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी (OC) ने बताया कि आग संभवतः एक स्थानीय रसोई से शुरू हुई थी. आग लगने के सटीक कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. मामले की विस्तृत जांच चल रही है.
बेघर हुए पीड़ित
आग से रिहायशी संपत्तियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान पहुंचा, जिससे कई परिवार प्रभावित हुए और उनके बेघर होने की नौबत आ गई. स्थानीय लोगों ने बताया कि दूर-दराज के इस कस्बे में, जहां इमारतें एक-दूसरे से सटी हुई हैं, आग तेजी से फैल गई और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई. इस घटना से पूरा इलाका गहरे शोक में डूब गया है. आग को अपनी आंखों से देखने वाले एक स्थानीय निवासी ने बताया कि हम घने धुएं और लोगों के चीखने-चिल्लाने की आवाज़ सुनकर जागे. जब तक हम वहां पहुंचे, तब तक कई घर पूरी तरह से आग की लपटों में घिर चुके थे. सोशल मीडिया पर लोगों ने जवाबदेही को लेकर कड़े सवाल उठाए हैं.
लोगों ने सरकार पर उठाए सवाल
एक पोस्ट में कहा गया है कि पारसी-पारलो में चार कीमती जानें जाने और 25 घरों के तबाह होने के लिए कौन जिम्मेदार है? ऐसी त्रासदी के मामले में सिर्फ संवेदना जताना या कुछ समय के लिए राहत देना काफी नहीं है. सरकार को लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणालियों को मजबूत करने, आग बुझाने की पर्याप्त सुविधाएं मुहैया कराने और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा करने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए. इस पोस्ट में आगे एक पारदर्शी जांच की मांग की गई है. साथ ही, अगर लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदारी तय करने और प्रभावित हर परिवार को उचित मुआवजा व पुनर्वास उपलब्ध कराने की बात कही गई है.
दिवाली की खुशियों के बीच हादसे! पटाखे फोड़ने से 35 से ज्यादा लोग झुलसे, कई जगह लगी भीषण आग
