Russia Aircraft Crash: रूस के साइबेरिया इलाके से एक बहुत दुखद खबर सामने आई है. यहां एक रूसी सैन्य परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 19 लोगों की मौत हो गई. हादसा पश्चिमी साइबेरिया के केमेरोवो शहर के पास एक सुनसान इलाके में हुआ. शुरुआती जांच में विमान में तकनीकी खराबी यानी उपकरणों में गड़बड़ी को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि, हादसे का असली कारण अभी सामने नहीं आया है. अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त विमान एंटोनोव An-12 था. ये विमान मॉस्को से करीब 3,000 किलोमीटर पूर्व में दुर्घटनाग्रस्त हुआ. हादसे की जानकारी मिलते ही रूसी रक्षा मंत्रालय ने घटनास्थल पर जांच टीम भेज दी. रूसी एयरोस्पेस फोर्सेज की एक विशेष टीम दुर्घटना से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है.
आग पर पाया गया काबू
हादसे के बाद विमान में आग लग गई थी. क्षेत्रीय गवर्नर इल्या सेरेदयुक ने घटनास्थल का दौरा किया और बताया कि राहत एवं बचाव दल ने आग पर काबू पा लिया है. आपातकालीन टीमें जांच में भी मदद कर रही हैं. गवर्नर ने टेलीग्राम पर एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें यागुनोवो गांव के पास दुर्घटनास्थल दिखाई दे रहा है. उन्होंने बताया कि विमान क्षेत्र के ऊपर से उड़ान भर रहा था, तभी ये हादसा हुआ. इस बीच रूस की जांच समिति ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है. एजेंसी ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं उड़ान सुरक्षा नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ था. विमान दुर्घटना के बाद इस तरह की जांच रूस में सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है.
हिंद-प्रशांत में शांति और सहयोग पर चर्चा, एक मंच पर नजर आए मोदी, ट्रंप, अल्बानीज और तकाइची
An-12 विमान की खासियत?
एंटोनोव An-12 सोवियत संघ के दौर में बनाया गया चार इंजन वाला सैन्य परिवहन विमान है. इसका इस्तेमाल 1950 के दशक के आखिर से किया जा रहा है. अब तक इस विमान की 1,000 से ज्यादा यूनिट बनाई जा चुकी हैं. इनमें से कुछ विमान आज भी रूस और दूसरे देशों में इस्तेमाल हो रहे हैं. आमतौर पर इस विमान को छह सदस्यों का क्रू संचालित करता है. हालांकि, इस दुर्घटनाग्रस्त विमान में कुल 19 लोग सवार थे. फिलहाल ये स्पष्ट नहीं किया गया है कि विमान में मौजूद सभी लोग किस काम से यात्रा कर रहे थे.
पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा
रूस में सैन्य विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने की ये पहली घटना नहीं है. इससे पहले सितंबर में पूर्वी अमूर क्षेत्र में रूसी Tu-95 विमान हादसे का शिकार हुआ था. उस दुर्घटना में 6 क्रू सदस्यों की मौत हो गई थी, जबकि एक घायल हुआ था. फिलहाल साइबेरिया में हुए हादसे की जांच जारी है. शुरुआती संकेत तकनीकी खराबी की तरफ इशारा कर रहे हैं, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की असली वजह सामने आएगी.
News Source: ANI
मंगोलिया में बड़ा राजनीतिक संकट : भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच राष्ट्रपति खुरेलसुख ने दिया इस्तीफा
