Home Latest News & Updates पूर्वांचल पर सपा की नजर : योगी के गढ़ में अखिलेश की हुंकार, 18 को चौरीचौरा से फूंकेंगे 2027 चुनाव का बिगुल

पूर्वांचल पर सपा की नजर : योगी के गढ़ में अखिलेश की हुंकार, 18 को चौरीचौरा से फूंकेंगे 2027 चुनाव का बिगुल

by Live Times Admin 17 November 2026, 3:49 PM IST
17 November 2026, 3:49 PM IST
पूर्वांचल साधने की तैयारी : योगी के गढ़ में अखिलेश की हुंकार, 18 नवंबर को चौरीचौरा से फूंकेंगे 2027 चुनाव का बिगुल

UP Politics: उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी और समाजवादी पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राजनीतिक गढ़ गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 18 नवंबर को क्रांतिकारी धरती चौरीचौरा से चुनावी शंखनाद करेंगे. अमर शहीद बंधू सिंह की प्रतिमा के अनावरण के साथ आयोजित जनसभा के जरिए अखिलेश यादव वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकेंगे. इस दौरान उनकी नजर पूर्वांचल की सियासी जमीन पर होगी, वहीं भाजपा को घेरने के लिए वे किन मुद्दों को उठाते हैं, इस पर भी सबकी निगाहें टिकी हैं.

गोरखपुर में सियासी जमीन मजबूत करने की चुनौती

गोरखपुर मंडल की राजनीति सपा के लिए बड़ी चुनौती मानी जाती रही है. वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज की कुल 28 सीटों में से 27 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी, जबकि महराजगंज की फरेंदा सीट कांग्रेस के खाते में गई थी. ऐसे में अखिलेश यादव के सामने योगी के गढ़ में समाजवादी पार्टी का सियासी आधार मजबूत करने की बड़ी चुनौती होगी. चौरीचौरा की ऐतिहासिक धरती से अखिलेश यादव का चुनावी अभियान शुरू करना भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इसी धरती से अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आंदोलन ने इतिहास में विशेष स्थान बनाया था.

बिन्नू सिंह की प्रतिमा का करेंगे अनावरण

18 नवंबर को स्वर्गीय विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की पुण्यतिथि पर अखिलेश यादव उनकी प्रतिमा का अनावरण करेंगे. इसके बाद जनसभा को संबोधित कर भाजपा सरकार पर निशाना साधेंगे. सपा की इस जनसभा को भाजपा भी राजनीतिक चुनौती के रूप में देख रही है. अब सवाल यह है कि क्या अखिलेश यादव योगी के गढ़ में भाजपा के मजबूत राजनीतिक किले में सेंध लगा पाएंगे? क्या वह अभिमन्यु की तरह भाजपा के चुनावी चक्रव्यूह को भेदकर 2027 में पूर्वांचल की सियासी तस्वीर बदल पाएंगे?

भाजपा विधायक का पलटवार

एक तरफ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव चौरीचौरा से 2027 के चुनावी अभियान का आगाज करने जा रहे हैं, तो दूसरी तरफ भाजपा नेताओं ने उनके इस राजनीतिक दांव को बेअसर बताया है. भाजपा विधायक ने पार्टी की मजबूती का हवाला देते हुए सपा की चुनौती पर सवाल उठाए हैं. चिल्लूपार से भाजपा विधायक राजेश त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी रामायण के अंगद के पांव की तरह है. जब रावण भी अंगद का पांव नहीं हिला पाया तो समाजवादी पार्टी की क्या ताकत है. उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी. अखिलेश यादव की जनसभा से जनता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला है.

UP की सियासत में बड़ा उलटफेर : चंद्रशेखर और ओवैसी ने मिलाया हाथ, ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का ऐलान

  • गोरखपुर से हरेंद्र दुबे की रिपोर्ट

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?