Home Top News मंगोलिया में बड़ा राजनीतिक संकट : भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच राष्ट्रपति खुरेलसुख ने दिया इस्तीफा

मंगोलिया में बड़ा राजनीतिक संकट : भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच राष्ट्रपति खुरेलसुख ने दिया इस्तीफा

by Sanjay Kumar Srivastava 17 November 2026, 7:48 PM IST
17 November 2026, 7:48 PM IST
मंगोलिया में बड़ा राजनीतिक संकट: भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच राष्ट्रपति खुरेलसुख ने दिया इस्तीफा

Mongolia Politics: मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया. उन पर सात साल पहले प्रधानमंत्री रहते हुए एक सरकारी रेलवे परियोजना से आर्थिक लाभ उठाने का गंभीर आरोप लगा था. यह राजनीतिक संकट तब गहराया जब राजधानी उलानबटार के पूर्व मेयर न्याम्बातार खिशगी ने खुरेलसुख पर ‘तावानतोल्गोई-गाशुउनसुखैत’ रेलवे परियोजना में 2.5 करोड़ डॉलर लेने का आरोप लगाया. खास बात यह है कि पूर्व मेयर भी राष्ट्रपति की ही सत्तारूढ़ ‘मंगोलियन पीपुल्स पार्टी’ के एक अन्य गुट से जुड़े हैं. इन आरोपों के बाद विपक्षी ‘डेमोक्रेटिक पार्टी’ ने राष्ट्रपति से इस्तीफे की मांग तेज कर दी थी. मंगलवार को राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में खुरेलसुख ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया.

कहा- देश से कुछ नहीं चुराया

उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने से उनकी छवि को लगातार निशाना बनाया जा रहा है. इस्तीफे का ऐलान करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने कभी अपने देश या लोगों से कुछ नहीं चुराया है. मैं राष्ट्रपति की जिम्मेदारियां सौंपकर एक आम नागरिक बन जाऊंगा.राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना ने कहा कि वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे. मंगोलिया के न्याय और गृह मामलों के उप मंत्री मुंख-एर्देने डेम्बेरेलत्सेरेन और कैबिनेट सचिवालय के प्रमुख एंखबयार बत्तुमुर – जिनका नाम भी इन आरोपों में आया था – ने मंगलवार को कहा कि वे भी इस्तीफा दे देंगे.

रेलवे परियोजना में घोटाले का आरोप

आरोप है कि खुरेलसुख ने यह सुनिश्चित किया कि 2019 में रेलवे का कॉन्ट्रैक्ट देश के सबसे बड़े व्यापारिक समूहों में से एक, ‘बोडी इंटरनेशनल LLC’ को बिना किसी प्रतिस्पर्धी टेंडर के मिल जाए और इसके बदले में उन्होंने कंपनी से रिश्वत के तौर पर पैसे लिए. सोमवार को एक बयान में ‘बोडी’ ने इस बात से इनकार किया कि उसने वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों या नौकरशाहों को कोई नकद रिश्वत दी है. कंपनी ने कहा कि ये आरोप मानहानि करने वाले हैं और उसने कुछ भी गलत नहीं किया है. एक विशेषज्ञ ने इस इस्तीफे को एक ‘पावर प्ले’ (सत्ता की चाल) बताया है. उनका मानना ​​है कि खुरेलसुख ने ऐसा इसलिए किया होगा ताकि वे भविष्य में किसी और पद के लिए चुनाव लड़ सकें. साथ ही, जनता के बीच भी इस इस्तीफे का सकारात्मक असर पड़ेगा.

महज नौ महीनों के भीतर तीन प्रधानमंत्री बदले गए

मंगोलिया की नेशनल यूनिवर्सिटी के लेक्चरर मुंख-एर्देने गांतुलगा ने कहा कि जनता की नजर में वे एक ईमानदार और अच्छे राजनेता के रूप में दिखते हैं. गांतुलगा के अनुसार, खुरेलसुख ने जनवरी 2021 में प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था ताकि वे राष्ट्रपति का चुनाव लड़ सकें. छह महीने बाद वे चुनाव जीत गए और उसी समय उनकी पार्टी, ‘मंगोलियन पीपुल्स पार्टी’ को संसद में बहुमत मिल गया. लेकिन हाल के वर्षों में यह पार्टी आंतरिक कलह से जूझ रही है. यही वजह है कि मंगोलिया में महज नौ महीनों के भीतर तीन प्रधानमंत्री बदले जा चुके हैं. खुरेलसुख का इस्तीफा तब प्रभावी होगा जब संसद, जिसे ‘स्टेट ग्रेट खुराल’ कहा जाता है, इसे स्वीकार कर लेगी.

स्पीकर संभालेंगे अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में कार्यभार

उम्मीद है कि इस सप्ताह के अंत में संसद की बैठक होगी, जिसमें उनके इस्तीफे पर मतदान किया जाएगा. यदि इस्तीफा स्वीकार कर लिया जाता है, तो संसद के स्पीकर अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभालेंगे. फिर भी, ऐसा लगता है कि यह राजनीतिक तूफान इतनी जल्दी थमने वाला नहीं है. राष्ट्रपति पर आरोप लगाने वाले न्याम्बातार, जिनके बारे में कहा जा रहा है कि वे विदेश (संभवतः कनाडा) में रह रहे हैं, ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा है कि कुछ संदिग्ध लोग उनका पीछा कर रहे हैं. उन्होंने खुरेलसुख को चेतावनी दी कि वे विदेशी धरती पर कोई गुप्त अभियान चलाने की कोशिश न करें. साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि वे आने वाले लाइवस्ट्रीम में चोरी और भ्रष्टाचार के ऐसे अकल्पनीय कारनामों का खुलासा करेंगे, जिन्हें अब तक छिपाकर रखा गया था.

हिंद-प्रशांत में शांति और सहयोग पर चर्चा, एक मंच पर नजर आए मोदी, ट्रंप, अल्बानीज और तकाइची

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?