Vietnam boat capsize: वियतनाम में शनिवार को नाव पलटने से 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई. वियतनामी समाचार पोर्टल VN एक्सप्रेस इंटरनेशनल की रिपोर्ट के मुताबिक, स्पीडबोट में 32 भारतीय पर्यटक और चार क्रू सदस्य सवार थे. यह नाव फु क्वोक के तट पर स्थित एन थोई द्वीप समूह के एक द्वीप ‘होन मे रुट न्गोई’ से लगभग 400 मीटर दूर पलट गई. वियतनाम का सबसे बड़ा द्वीप फु क्वोक, एक प्रमुख पर्यटन स्थल है जो अपने सफेद रेत वाले समुद्र तटों, कोरल रीफ और द्वीप-दर-द्वीप घूमने (आइलैंड-हॉपिंग) के लिए मशहूर है. वियतनाम में फू क्वोक द्वीप के पास एक टूरिस्ट बोट के पलटने से आंध्र प्रदेश के दो लोगों की मौत हो गई और राज्य के तीन अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया.
दो लोगों की हालत गंभीर
32 भारतीय पर्यटकों और चार क्रू सदस्यों को ले जा रही टूरिस्ट स्पीडबोट फू क्वोक द्वीप के पास ‘एन थोई पोर्ट’ लौटते समय पलट गई. इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य को बचा लिया गया. बचे हुए लोगों में 17 यात्री और चार क्रू सदस्य शामिल थे. दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है. नाव पर सवार सभी 36 लोगों का पता चल गया है. आंध्र प्रदेश के सूत्रों ने PTI को बताया कि शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि मरने वालों में मछलीपट्टनम के दो लोग शामिल हैं. हम भारतीय दूतावास और वियतनामी अधिकारियों के साथ तालमेल बिठा रहे हैं. नाव पलटने के बाद राज्य के तीन अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया.
बड़े पैमाने पर चलाया बचाव अभियान
एन थोई बॉर्डर गार्ड स्टेशन’, नौसेना, कोस्ट गार्ड रीजन 4 और स्थानीय नावों ने बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया. उन्होंने बताया कि लाइफ राफ्ट और जेट स्की का इस्तेमाल किया गया. यह टूर वियतनाम की कंपनी ‘थ्रीलैंड ट्रैवल’ ने स्थानीय वेंडर ‘साई वियतनाम’ के ज़रिए आयोजित किया था, जबकि भारतीय पर्यटकों का समूह एक मोबाइल कंपनी से जुड़ा था. शुरुआती रिपोर्टों से पता चला है कि मरने वालों में आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम की रहने वाली जललक्ष्मी और जयश्री भी शामिल थीं.
हादसे के कारणों की हो रही जांच
हादसे की वजह की जांच की जा रही है. समुद्र में खराब हालात और किसी तरह की तकनीकी खराबी को इसकी संभावित वजह माना जा रहा है. इस बीच, भारतीय ग्रुप के सदस्य हरिहर श्रीनिवास ने शनिवार को PTI को बताया कि दक्षिण भारत के 105 मोबाइल डिस्ट्रीब्यूटर एक बिज़नेस इंसेंटिव ट्रिप पर वियतनाम गए थे. श्रीनिवास के मुताबिक, इस पूरे टूर में तेलंगाना के आठ लोग भी शामिल थे, लेकिन उनमें से कोई भी उस नाव पर नहीं था जो पलटी थी. उन्होंने बताया कि ग्रुप शनिवार को द्वीप पर पहुंचा था. यह यात्रा उन डिस्ट्रीब्यूटर के लिए एक बिज़नेस इंसेंटिव प्रोग्राम का हिस्सा थी जिन्होंने अपने सेल्स टारगेट पूरे कर लिए थे.
News Source: PTI
