10 Indian Village for Slow Travel: दिल्ली की भीड़भाड़, ट्रैफिक, मेट्रो पकड़ने की रेस और हर टाइम बजते फोन नोटिफिकेशन से परेशान होकर आजकल लोग ऐसी जगहों की तलाश में निकल पड़ते हैं जहां जिंदगी थोड़ी स्लो हो जाए. ऐसी जगहें जहां सुबह अलार्म से नहीं, बल्कि पक्षियों की आवाज से आंख खुले. जहां रात में गाड़ियों का हॉर्न नहीं, बल्कि नदी की आवाज सुनाई दे. यही वजह है कि स्लो ट्रैवल आजकल ट्रैवल लवर्स के बीच तेजी से पॉपुलर हो रहा है. स्लो ट्रैवल का मतलब सिर्फ घूमना नहीं, बल्कि किसी जगह को फील करना, वहां के कल्चर को समझना और कुछ दिन बिना जल्दबाजी के जीना है. भारत में कई ऐसे गांव हैं जो किसी फेयरीटेल जैसे लगते हैं. यहां की खूबसूरती, शांति और लोकल लाइफ आपको पूरी तरह दूसरी दुनिया में ले जाती है. अगर आप भी अपने अगले ट्रिप में सिर्फ होटल और सेल्फी नहीं, बल्कि सुकून तलाशना चाहते हैं, तो भारत के ये 10 गांव आपकी ट्रैवल बकेट लिस्ट में जरूर होने चाहिए.

नामसाई-अरुणाचल प्रदेश
अरुणाचल प्रदेश का नामसाई ऐसा गांव है जहां पहुंचते ही ऐसा लगता है जैसे किसी पेंटिंग के अंदर आ गए हों. चारों तरफ हरियाली, दूर-दूर तक फैले धान के खेत, चाय के बागान और शांत बौद्ध मठ इस जगह को बहुत ज्यादा खूबसूरत बनाते हैं. यहां का सबसे फेमस अट्रैक्शन गोल्डन पगोडा है, जिसे कोंगमु खाम भी कहा जाता है. इसका गोल्डन आर्किटेक्चर और पीसफुल माहौल मन को एकदम से शांति और सुकून से भर देता है. यहां की सुबहें धुंध और ठंडी हवा के बीच शुरू होती हैं. शामें इतनी शांत होती हैं कि शहर की जिंदगी याद ही नहीं आती. यहां घूमते टाइम लोकल खाने का स्वाद जरूर लेना चाहिए. बांस में पकाया गया चावल, स्मोक्ड फिश और थुकपा काफी फेमस हैं. दिल्ली से यहां पहुंचने के लिए सबसे आसान तरीका डिब्रूगढ़ तक फ्लाइट लेना है. वहां से करीब ढाई घंटे की रोड जर्नी के बाद नामसाई पहुंचा जा सकता है. यहां रहने के लिए आपको होमस्टे आसानी से मिल जाते हैं.

उनाकोटी-त्रिपुरा
त्रिपुरा का उनाकोटी उन लोगों के लिए किसी सपनों की जगह जैसा है जिन्हें हिस्ट्री और सस्पेंस पसंद है. घने जंगलों के बीच बड़े पत्थरों पर बनी देवी-देवताओं की मूर्तियां देखकर हर कोई हैरान रह जाता है. यहां पहाड़ियों पर तराशा गया 30 फीट ऊंचा भगवान शिव का चेहरा सबसे ज्यादा फेमस है. ये जगह इतनी शांत और रहस्यमयी है कि यहां पहुंचकर लगता है जैसे किसी भूली-बिसरी सिविलाइजेशन में आ गए हों. यहां ज्यादा भीड़ नहीं होती, इसलिए नेटर और हिस्ट्री को आराम से महसूस किया जा सकता है. जंगलों के बीच ट्रैकिंग करना और चाबीमुरा इलाके में बोटिंग करना यहां का खास एक्सपीरियंस है. लोकल फूड में त्रिपुरी फिश करी और बांस की सब्जी काफी पसंद की जाती है. दिल्ली से अगरतला की फ्लाइट लेकर फिर रोड से करीब 4 घंटे में यहां पहुंचा जा सकता है.
धरती पर कहीं फूलों की चादर, तो कहीं रंगों का समंदर; दुनिया की ये 7 जगहें किसी जन्नत से कम नहीं

माजुली-असम
असम का माजुली गांव दुनिया का सबसे बड़ा रिवर आइलैंड माना जाता है. यहां की जिंदगी इतनी शांत है कि शहरों की भागदौड़ याद ही नहीं रहती. ब्रह्मपुत्र नदी के बीच बसा ये गांव स्लो ट्रैवल का असली मतलब समझाता है. यहां ना ट्रैफिक है, ना भीड़ और ना ही कोई जल्दबाजी. लोग आराम से साइकिल चलाते हुए गांव घूमते हैं. यहां के वैष्णव मठ, लोकल संस्कृति का खास हिस्सा हैं. मुखौटा बनाने वाले गांव और मिशिंग जनजाति के बांस के घर यहां की पहचान हैं. शाम के टाइम ब्रह्मपुत्र किनारे बैठकर सनसेट देखना जिंदगी के सबसे खूबसूरत एक्सपीरियंसेस में से एक लगता है. यहां असमिया थाली, फिश टेंगा और बांस में पका चिकन जरूर ट्राई करना चाहिए. यहां पहुंचने के लिए दिल्ली से जोरहाट तक फ्लाइट और फिर फेरी के जरिए माजुली पहुंचा जा सकता है.

पांगी वैली-हिमाचल प्रदेश
अगर आपको पहाड़ों की खामोशी पसंद है, तो हिमाचल प्रदेश की पांगी वैली आपके लिए किसी मैजिकल दुनिया से कम नहीं है. ये घाटी साल के कई महीनों तक बर्फ से ढकी रहती है. यहां पहुंचने का सफर भी किसी एडवेंचर से कम नहीं होता. ऊंचे पहाड़, घुमावदार सड़कें, छोटे-छोटे गांव और बादलों के बीच छिपे घर इस जगह को बहुत खास बनाते हैं. यहां बैठकर सिर्फ पहाड़ों को देखते रहना भी सुकून देता है. ट्रैकिंग और कैंपिंग पसंद करने वालों के लिए ये जगह परफेक्ट है. यहां हिमाचली धाम, चना मद्रा और सिद्दू जरूर खाने चाहिए. दिल्ली से यहां पहुंचने के लिए आप मनाली या चंबा तक बस या कार से पहुंचकर सकते हैं. आगे का रास्ता भी अपनी कार से पूरा किया जा सकता है.
मानसून में स्विट्जरलैंड जैसा फील देंगे भारत के ये 5 खूबसूरत Hill Stations, गर्मी की नहीं रहती टेंशन

कोंगथोंग-मेघालय
मेघालय का कोंगथोंग गांव पूरी दुनिया में व्हिस्लिंग विलेज के नाम से फेमस है. यहां लोग एक-दूसरे को नाम से नहीं, बल्कि सीटी जैसी धुन बजाकर बुलाते हैं. हर बच्चे के पैदा होने पर उसकी मां उसके लिए अलग धुन बनाती है. हैरानी की बात है कि यही धुन उसकी पहचान बन जाती है. ये परंपरा इस गांव को दुनिया की सबसे अनोखी जगहों में शामिल करती है. चारों तरफ हरे पहाड़, झरने और घने जंगल इस गांव को किसी फेयरीटेल जैसा बना देते हैं. यहां का मौसम लगभग पूरे साल ही बढ़िया रहता है. आप दिल्ली से शिलॉन्ग या गुवाहाटी तक फ्लाइट लेकर फिर टैक्सी के जरिए इस खूबसूरत गांव में पहुंचा सकते हैं. यहां जादोह, स्मोक्ड मीट और बांस से बनी डिशेज काफी ज्यादा पॉपुलर हैं.

डैमरो गांव-अरुणाचल प्रदेश
अरुणाचल प्रदेश का डैमरो गांव रोमांच और नेचर का एकदम परफेक्ट कॉम्बिनेशन है. यहां का सबसे बड़ा अट्रैक्शन बांस और रस्सियों से बना लंबा झूलता पुल है. ये पुल यामने नदी के ऊपर बना हुआ है. पुल पर चलते टाइम नीचे बहती नदी और रंग-बिरंगी मछलियां देखने का एक्सपीरियंस आप जिंदगी भर नहीं भूलेंगे. ये गांव आदि पदम जनजाति का घर है. यही वजह है कि यहां का कल्चर और संस्कृति भी बहुत दिलचस्प है. यहां आप लोकल लोगों के साथ मछली पकड़ सकते हैं. साथ ही वहां का ट्रेडिशनल खाना खा सकते हैं. वहां स्मोक्ड पोर्क, राजा मिर्च की चटनी और अपोंग सबसे ज्यादा फेमस डिश हैं. अगर आप अपनी छुट्टियां बिताना चाहते हैं तो, डिब्रूगढ़ से सड़क के रास्ते यहां पहुंचा जा सकता है. इस ट्रिप में ज्यादा खर्चा भी नहीं आएगा, लेकिन मज़ा भरपूर मिलेगा.

चेट्टिनाड-तमिलनाडु
तमिलनाडु का चेट्टिनाड इलाका किसी पुराने शाही दौर की याद दिलाता है. यहां की बड़ी-बड़ी हवेलियां, लकड़ी की नक्काशी वाले दरवाजे और रंग-बिरंगी टाइल्स देखकर ऐसा लगता है जैसे किसी राजा-महाराजा के महल में घूम रहे हों. कारैकुडी और कनाडुकाथन जैसे गांव अपने शानदार आर्किटेक्चर के लिए वैसे भी फेमस हैं. यहां का खाना भी पूरी दुनिया में मशहूर है. यहां आकर चेट्टिनाड चिकन, पेपर फ्राई और फिल्टर कॉफी का स्वाद लोग कभी नहीं भूलते. यहां की एंटीक मार्केट भी काफी ज्यादा पॉपुलर हैं. आप दिल्ली से मदुरै या त्रिची की फ्लाइट लेकर फिर सड़क रास्ते से यहां पहुंच सकते है.

अरनमुला-केरलम
केरलम का अरनमुला गांव अपनी खूबसूरत बैकवॉटर लाइफ और खास मेटल के शीशों के लिए जाना जाता है. यहां बनने वाले अरनमुला कन्नडी पूरी दुनिया में फेमस हैं. गांव का पार्थसारथी मंदिर और ओणम के दौरान होने वाली नाव रेस यहां की सबसे बड़ी पहचान हैं. नाव रेस के दौरान पूरा गांव सेलिब्रेशन में डूब जाता है. यहां की हरियाली और नारियल के पेड़ इस जगह को और ज्यादा खूबसूरत बनाते हैं. अरनमुला में अप्पम, केरला फिश करी और केले के चिप्स जरूर ट्राई करें. अगर आप यहां टाइम बिताना चाहते हैं, तो दिल्ली से कोच्चि तक फ्लाइट लेकर आ सकते हैं. इसके आगे का रास्ता आप टैक्सी से भी तय कर सकते हैं.
एशिया की ये 10 Wildlife Destinations हैं असली एडवेंचर! कम भीड़ और ऐसा थ्रिल जो जिंदगीभर याद रहेगा

जीरो वैली-अरुणाचल
अरुणाचल प्रदेश की जीरो वैली भी इस लिस्ट का हिस्सा है. ये जगह उन लोगों के लिए परफेक्ट है जो पूरी तरह नेचर के बीच कुछ दिन बिताना चाहते हैं. ये जगह अपनी हरियाली, धान के खेतों और आपातानी जनजाति की संस्कृति के लिए मशहूर है. सुबह की ठंडी हवा और पहाड़ों के बीच मिलने वाली शांति यहां आने वालों का दिल जीत लेती है. यहां का जीरो म्यूजिक फेस्टिवल दुनियाभर के ट्रैवलर्स को अपनी तरफ अट्रैक्ट करता है. आप यहां आकर लोकल नूडल्स, स्मोक्ड मीट और चावल से बनी डिश जरूर ट्राई करें. अगर आप दिल्ली में रहते हैं, तो दिल्ली से गुवाहाटी या लीलाबाड़ी तक फ्लाइट लेकर फिर सड़क के सास्ते यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है.

कल्पा-हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश का कल्पा गांव किसी पोस्टकार्ड जैसा ही खूबसूरत लगता है. यहां से दिखने वाली किन्नौर कैलाश मांउटेन रेंज का नजारा जिंदगी भर याद रहता है. गांव में सेब के बाग, लकड़ी के पुराने घर और पीसफुल एनवायरमेंट लोगों को बहुत ज्यादा पसंद आता है. यहां सुबह-सुबह बादलों के बीच चाय पीना और पहाड़ों को देखते रहना अपने आप में शानदार एक्सपीरियंस है. यहां आकर आप थुकपा, मोमोज और हिमाचली राजमा चावल जैसा लोकल फूड जरूर ट्राई करें. आप दिल्ली से शिमला या रिकांगपिओ तक बस या कार से कल्पा पहुंच सकते हैं.

स्लो ट्रेवल क्यों हो रहा है पॉपुलर?
आज के टाइम में लोग सिर्फ घूमने नहीं, बल्कि खुद को रिलैक्स करने और लाइफ को महसूस करने के लिए ट्रैवल कर रहे हैं. यही वजह है कि स्लो ट्रैवल तेजी से पॉपुलर हो रहा है. भारत के ये गांव सिर्फ खूबसूरत जगहें नहीं हैं, बल्कि ऐसी दुनिया हैं जहां पहुंचकर इंसान कुछ दिनों के लिए खुद को फिर से ढूंढ़ सकता है. अगर आप भी शहरों के ट्रैफिक, ऑफिस लाइफ और भागदौड़ से कुछ दिनों का ब्रेक लेना चाहते हैं, तो भारत के ये 10 गांव आपके लिए किसी ड्रीमी दुनिया से कम नहीं हैं. यहां सिर्फ खूबसूरत नजारे ही नहीं, बल्कि लोकल संस्कृति, अच्छा खाना और यादगार एक्सपीरियंस भी आपका इंतजार करते हैं.
