Land Rover Village: अगर आपसे कहा जाए कि एक ऐसी जगह घूमने चलना है, जहां आज भी सड़कों पर 1950 के दशक की गाड़ियां दौड़ती हैं, तो शायद आपको यकीन न हो. आज के दौर में जहां हर कोई नई SUV और लग्जरी कारों का दीवाना है, वहीं पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में एक ऐसी जगह है, जहां पुरानी लैंड रोवर गाड़ियों का जलवा आज भी कायम है. यहां न सिर्फ पुरानी गाड़ियां देखने को मिलती हैं, बल्कि पहाड़ों की खूबसूरती, ठंडी हवाएं और अंग्रेजों के जमाने की यादें भी आपका दिल जीत लेंगी. इस जगह का नाम है मानेभंजन, जिसे भारत का ‘लैंड रोवर विलेज’ भी कहा जाता है.
क्यों मिला लैंड रोवर विलेज नाम?
दार्जिलिंग जिले में भारत-नेपाल बॉर्डर के पास बसा मानेभंजन एक छोटा सा पहाड़ी कस्बा है. ये जगह अपनी पुरानी लैंड रोवर गाड़ियों के लिए दुनियाभर में मशहूर है. यहां 1950 और 1960 के दशक की कई विंटेज लैंड रोवर गाड़ियां लंबे टाइम तक पहाड़ी रास्तों पर दौड़ती रही हैं. इन गाड़ियों की खासियत है कि ये बहुत मजबूत होती हैं और खराब से खराब रास्तों पर भी आसानी से चल सकती हैं. अंग्रेजों के दौर में इन गाड़ियों का इस्तेमाल पहाड़ी इलाकों में किया जाता था. समय के साथ ये गाड़ियां वहां के लोकल लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन गईं. यहां कई परिवारों का रोजगार इन गाड़ियों से जुड़ा रहा है. कोई इन्हें चलाता है तो कोई इनकी मरम्मत और देखभाल करता है.
पहाड़ों की सैर
मानेभंजन पहुंचने वाले टूरिस्टों के लिए सबसे बढ़िया एक्सपीरियंस पुरानी लैंड रोवर में सफर करना रहा है. यहां से पश्चिम बंगाल की सबसे ऊंची चोटी संदकफू जाने का रास्ता शुरू होता है. करीब 32 किलोमीटर का ये पहाड़ी रास्ता बहुत ऊबड़-खाबड़ और मुश्किल है. रास्ते में पतली सड़कें, खतरनाक मोड़, पत्थरीले रास्ते और खूबसूरत पहाड़ी नजारे मिलते हैं. ऐसी जगहों पर मजबूत फोर व्हील ड्राइव गाड़ियों की अहमियत समझ आती है. हालांकि, अब इस रास्ते पर स्थानीय नियमों के हिसाब से दूसरी गाड़ियां भी चलती हैं. ऐसे में पुरानी लैंड रोवर्स कम दिखती हैं.
Goa घूमने का बना रहे हैं प्लान? बागा से पालोलेम तक, ये 5 बीच आपकी ट्रिप बना देंगे यादगार
नेचर लवर्स के लिए जन्नत
अगर आपको पहाड़, हरियाली और बादलों के बीच घूमना पसंद है, तो मानेभंजन आपको निराश नहीं करेगा. ये सिंघालीला नेशनल पार्क की एंट्री के पास बसा गांव है. यहां से संदकफू और फालुट जैसे खूबसूरत पहाड़ी इलाके घूमे जा सकते हैं. संदकफू पश्चिम बंगाल की सबसे ऊंची चोटी है. यहां से मौसम साफ होने पर कंचनजंगा के साथ-साथ हिमालय की कई ऊंची चोटियों के शानदार नजारे दिखाई देते हैं. इस इलाके में ट्रेकिंग करने वालों को घने जंगल, रंग-बिरंगे फूल, पहाड़ी पक्षी और खूबसूरत घाटियां देखने को मिलती हैं.
कैसे पहुंचें मानेभंजन?
मानेभंजन पहुंचने के लिए आप पहले बागडोगरा एयरपोर्ट या न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पहुंच सकते हैं. वहां से सड़क के रास्ते दार्जिलिंग होते हुए मानेभंजन जा सकते हैं. दार्जिलिंग से इसकी दूरी करीब 26 से 28 किलोमीटर है. यहां घूमने का प्लान बनाते हुए मौसम और सड़क की स्थिति जरूर जांच लें. पहाड़ी रास्तों पर जाने के लिए लोकल गाइड और एक्सपीरियंस्ड ड्राइवर की मदद लेना सही रहता है. कहा जा सकता है कि, मानेभंजन उन लोगों के लिए शानदार जगह है जो आम टूरिस्ट डेस्टिनेशन से कुछ अलग देखना चाहते हैं. यहां पुरानी लैंड रोवर गाड़ियों का इतिहास है, पहाड़ों की खूबसूरती है और एक ऐसा सुकून है, जो भागदौड़ भरी जिंदगी में कहीं खो चुका है.
New Year 2027 का स्वागत करें खास अंदाज में? दुनिया की ये 7 जगहें आपकी वेकेशन बनाएंगी यादगार
