AC Blast Reasons: दिल्ली के विवेक विहार में एसी ब्लास्ट होने के कारण भीषण आग लग गई, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई. जानें एसी में ब्लास्ट किन कारणों से होता है और हमें क्या सावधानियां बरतनी चाहिए.
3 May, 2026
रविवार सुबह पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में चीख पुकार मच गई, जब एक रिहायशी बिल्डिंग में भीषण आग लग गई. इस दुर्घटना में एक बच्चे समेत दो परिवारों के नौ लोगों की मौत हो गई. यह घटना सुबह करीब 3.48 बजे विवेक विहार फेज-1 की चार मंजिला बिल्डिंग में हुई, जिसके बाद पुलिस, फायर और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शरू किया. DFS अधिकारी ने कहा, “पहली मंजिल से एक, दूसरी मंजिल से पांच और सीढ़ियों से तीन लाशें बरामद की गईं हैं.”
AC ब्लास्ट के कारण लगी आग
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में AC में ब्लास्ट होने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है. आग ने बिल्डिंग की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल के फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी भीषण थी कि लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिल पाया. सूचना मिलने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. वहीं 12 घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जो जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं. कोई भी बिजली के उपकरण का इस्तेमाल करते समय हमें कुछ बातों को खास ध्यान रखना चाहिए, वरना ऐसी दुर्घटनाएं हो सकती हैं.
एसी में ब्लास्ट होने के कारण
प्रेशर बढ़ना – एसी में ब्लास्ट होने के कई कारण हैं. जब एसी की गैस कहीं फंस जाए या सिस्टम में ब्लॉकेज हो जाए, तो प्रेशर ज्यादा हो जाता है, जिससे पाइप या कंप्रेसर फट सकता है.
शॉर्ट सर्किट या खराब वायरिंग- अगर एसी की वायरिंग सही तरीके से नहीं की जाती या वायरिंग ढीली हो जाती है, तब भी स्पार्क और आग लगने से एसी फट सकता है.
ओवरहीटिंग- अगर AC को ज्यादा देर तक चालू रखा जाए या कूलिंग सिस्टम सही न हो, तो कंप्रेसर ओवरहीट होकर खराब हो सकता है. ऐसे में भी एसी ब्लास्ट हो सकता है.
खराब इंस्टालेशन और क्वालिटी- गलत पाइपिंग या गैस भरने से सिस्टम अनबैलेंस हो सकता है, जिससे एसी फट सकता है. वहीं खराब क्वालिटी का कंप्रेसर और कैपेसिटर भी आग लगने को जोखिम बढ़ा देते हैं.
सावधानियां
किसी भी तरह की दुर्घटना से बचने के लिए कुछ सावधानियां बरतना बहुत जरूरी है. हमेशा एसी में ओरिजिनल क्वालिटी का सामान ही इस्तेमाल करें. समय-समय पर एसी की सर्विसिंग कराएं. ओवरलोड होने पर एसी न चलाएं और जरूरत पड़ने पर स्टेबलाइजर का इस्तेमाल करें. साथ ही , किसी भी तरह की अजीब आवाज या स्मेल आने पर तुरंत एसी बंद करें और उसकी जांच कराएं.
यह भी पढ़ें- दिल्ली के विवेक विहार में बिल्डिंग में लगी भीषण आग, 9 की जिंदा जलकर मौत, कई घायल
News Source: PTI
