Sweet Dishes Janmashtami: जन्माष्टमी का त्योहार आते ही घरों में भक्ति के साथ-साथ स्वाद और मिठास का माहौल भी बन जाता है. कहीं लड्डू गोपाल का सुंदर श्रृंगार हो रहा होता है, कहीं झूला सजाया जा रहा होता है और कहीं रसोई में कान्हा के पसंदीदा भोग की तैयारी शुरू हो जाती है. आखिर नटखट कान्हा का जन्मदिन हो और मिठाइयों की प्लेट खाली रह जाए, ऐसा भला कैसे हो सकता है? जन्माष्टमी के मौके पर भगवान श्रीकृष्ण को दूध, मक्खन और मिष्ठान्न से बने कई तरह के भोग अर्पित करने की परंपरा है. इस खास मौके पर आप घर पर कुछ आसान और स्वादिष्ट मिठाइयां बनाकर लड्डू गोपाल को भोग लगा सकते हैं. धनिया पंजीरी से लेकर मखाना खीर तक, ये पांच स्वीट डिश आपके जन्माष्टमी सेलिब्रेशन को और खास बना सकती हैं.
धनिया पंजीरी
जन्माष्टमी के भोग की बात हो और धनिया पंजीरी का नाम न आए, ऐसा मुश्किल है. धनिया के बीज या पाउडर को घी में भूनकर इसमें मखाना, मेवे, सूखा नारियल और मिठास मिलाई जाती है. इसका स्वाद हल्का, खुशबूदार और काफी अलग होता है. धनिया पंजीरी की खासियत ये है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता, लेकिन इसका स्वाद बिल्कुल त्योहार वाला एहसास देता है. आप इसमें बादाम, काजू, चिरौंजी और खरबूजे के बीज भी मिला सकते हैं. एक कटोरी धनिया पंजीरी देखते ही ऐसा लगता है कि भोग की थाली अब पूरी हो गई.
मखाना खीर
अगर आपको खीर पसंद है तो जन्माष्टमी पर मखाना खीर जरूर बनाई जा सकती है. इसे बनाने के लिए मखानों को पहले घी में हल्का भूनकर दूध में पकाया जाता है. फिर इसमें चीनी, इलायची और मेवे डालकर इसे गाढ़ा और स्वादिष्ट बनाया जाता है. पूजा के बाद प्रसाद के रूप में मिलने वाली ठंडी या गर्मागर्म मखाना खीर का स्वाद पूरे त्योहार को और मीठा बना देता है.
माखन मिश्री
कान्हा और माखन का रिश्ता तो बचपन से ही मशहूर है. श्रीकृष्ण की माखन चोरी की कहानियां हर किसी ने सुनी हैं. यही वजह है कि जन्माष्टमी के भोग में माखन-मिश्री का होना बेहद खास माना जाता है. ताजा माखन में मिश्री मिलाकर इसे तैयार किया जाता है. चाहें तो ऊपर से केसर या कटे हुए मेवे भी डाले जा सकते हैं. ये मिठाई जितनी सिंपल है, उतनी ही खास भी.
पंचामृत
पंचामृत जन्माष्टमी पूजा का एक अहम हिस्सा माना जाता है. दूध, दही, घी, शहद और चीनी को मिलाकर इसे तैयार किया जाता है. कई घरों में तुलसी दल भी इसमें डाला जाता है. इसे सिर्फ प्रसाद के रूप में नहीं, बल्कि जन्माष्टमी की पूजा की मिठास का जरूरी हिस्सा भी माना जाता है. बनाने में बहुत आसान होने की वजह से पंचामृत उन लोगों के लिए भी अच्छा ऑप्शन है, जो कम समय में भोग की तैयारी करना चाहते हैं.
मथुरा पेड़ा
जन्माष्टमी और मथुरा का रिश्ता बहुत खास है, इसलिए इस मौके पर मथुरा का पेड़ा भी भोग की थाली को शानदार बना सकता है. खोया, चीनी और इलायची से बनने वाला पेड़ा स्वाद में भरपूर और बनाने में भी काफी आसान है. छोटे-छोटे गोल पेड़ों को भोग की थाली में सजाइए और ऊपर से थोड़ा ड्राई फ्रूट डाल दीजिए. देखने में भी शानदार और स्वाद में भी लाजवाब. ये मिठाई जन्माष्टमी की रौनक बढ़ा देती है.
राजघरानों से लेकर त्योहारों की थाली तक, बड़ी मीठी है घी और चाशनी में लिपटे घेवर की कहानी
