World Coconut Day: फेस्टिव सीजन में हमारे घरों में तरह-तरह की मिठाइयां आती हैं. बाजार की मिठाइयों की असलियत तो सभी को पता है, जिसमें खोया कम और तेल ज्यादा मिला होता है. दूसरी तरफ त्योहारों में बनने वाला पनीर भी मिलावटी मिलने लगा है. ऐसे में बाजार से कुछ खरीदना सेहत से खिलवाड़ करने जैसा है. इस त्योहार आप घर पर ही ऐसी डिशज बनाए, जो सभी को पसंद आए और हेल्दी भी हो. इसके लिए नारियल की यूनीक डिशज बनाना सबसे अच्छा ऑप्शन है.
नारियल भारतीय खाने का एक जरूरी हिस्सा है, जो खाने का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ाता है. नारियल सिर्फ चटनी और मिठाई तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसका इस्तेमाल कई तरह की स्वादिष्ट और मजेदार डिश बनाने के लिए किया जा सकता है. चाहे आपको कुछ मीठा खाने का मन हो या कुछ नमकीन या मसालेदार, नारियल हर रेसिपी में आसानी से फिट हो जाता है. साउथ इंडियन खाने से लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों की पारंपरिक मिठाइयों तक, नारियल ने एक खास जगह बनाई है. हर साल 2 सितंबर को विश्व नारियल दिवस मनाया जाता है. इस खास मौके पर, क्यों न नारियल से बनी कुछ ऐसी स्वादिष्ट डिश ट्राई की जाएं जो त्योहारों को और खास बना दें. यहां हम 10 स्वादिष्ट नारियल रेसिपी शेयर कर रहे हैं, जिसे खाकर आपका परिवार खुश हो जाएगा.
नारियल की बर्फी
नारियल की बर्फी बनाना बहुत आसान है. सबसे पहले, एक पैन में 1 चम्मच घी गरम करें, उसमें 2 कप कद्दूकस किया हुआ नारियल डालें. उसे 2 मिनट तक हल्का भून लें. इसके बाद 1 कप चीनी और 1/2 कप दूध डालें. इस मिक्सचर को मीडियम आंच पर लगातार चलाते हुए तब तक पकाएं जब तक चीनी पूरी तरह घुल न जाए और मिक्सचर गाढ़ा होकर पैन से अलग न हो जाए. आखिर में, स्वाद के लिए 1/2 चम्मच इलायची पाउडर डालें. इस गरम मिक्सचर को घी लगी प्लेट पर बराबर फैलाएं और ठंडा होने दें. जब यह ठंडा हो जाए तो मनचाहे चौकोर टुकड़ों में काट लें. आपकी स्वादिष्ट नारियल की बर्फी तैयार है.
नारियल के लड्डू
नारियल के लड्डू बनाना बहुत ही आसान है. सबसे पहले नारियल को कद्दूकस कर लें. अब कड़ाही में 1 चम्मच घी गरम करें और उसमें 2 कप कद्दूकस किया नारियल डालकर उसे मीडियम आंच पर 2 मिनट तक पकाएं, जब तक कि वह गाढ़ा होकर कड़ाही के किनारे न छोड़ने लगे. गैस बंद करके मिश्रण में आधा चम्मच इलायची पाउडर अच्छी तरह मिला लें. जब मिश्रण हल्का गुनगुना हो जाए, तब हाथों पर थोड़ा सा घी लगाकर इसके गोल-गोल लड्डू तैयार कर लें. आखिर में इन लड्डुओं को सूखे नारियल के बूरे में लपेटकर परोसें. यह लड्डू इतने स्वादिष्ट बनते हैं कि सभी दोबारा जरूर मांगते हैं.
नारियल की खीर
नारियल की खीर बनाने के लिए सबसे पहले नारियल को कद्दूकस करके अलग रख लें. इसके बाद भारी तले के बर्तन में 1 लीटर फुल क्रीम दूध उबालें और उसे गाढ़ा होने तक धीमी आंच पर पकाएं. अब एक दूसरी कड़ाही में 1 चम्मच घी गरम करके 1 कप कद्दूकस किया हुआ ताजा नारियल और कुछ कटे हुए काजू-बादाम को डालकर हल्का भून लें. भुने हुए नारियल और ड्राई फ्रूट्स को उबलते हुए दूध में डालें और 5 से 7 मिनट तक पकने दें. आखिर में आधा कप चीनी और आधी चम्मच इलायची पाउडर मिलाकर चीनी घुलने तक पकाएं. आपकी स्वादिष्ट खीर तैयार है. इसकी खुशबू आपके पूरे घर में फैल जाएगी.
नारियल की सब्जी
नारियल की सब्जी के बारे में बहुत कम लोगों को पता है. त्योहारों में कुछ अलग ट्राई करना है तो यह जरूर बनाएं. सबसे पहले एक कड़ाही में तेल गरम करें. तेल गरम होने पर जीरा, राई और हींग डालकर उसे चटकाएं. अब बारीक कटा प्याज डालें और उसे सुनहरा होने तक फ्राई कर लें. इसके बाद टमाटर, अदरक और हरी मिर्च का पेस्ट जैसा बनाएं. उस पेस्ट को कड़ाही में डालकर चलाएं. उसे तब तक चलाएं, जब तक पेस्ट कड़ाही न छोड़ दे. अब आंच धीमी करके हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक डालें. मसाला पकने के बाद कड़ाही में कटा हुआ या कद्दूकस किया हुआ नारियल डालें और अच्छी तरह मिलाएं. अब इसमें एक ग्लास पानी डालें और कड़ाही को ढक्कन से ढक दें. मीडियम आंच पर 6 से 7 मिनट तक पकने दें. जब तक नारियल थोड़ा नरम न हो जाए. आपकी नारियल की सब्जी बनकर तैयार है.

नारियल की चटनी
डोसा के साथ नारियल की चटनी का कॉम्बो बेस्ट लगता है, लेकिन आप इसे बिना डोसा के भी बना सकते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक मिक्सचर में कटा हुआ ताजा नारियल, भुनी चना दाल, हरी मिर्च, अदरक, नमक और आधा कप पानी डालें. इसे बिल्कुल बारीक पीस लें. पिसी हुई चटनी को एक कटोरी में निकालें. अब इसके लिए अलग से तड़का तैयार करें. एक छोटे पैन में 1 चम्मच तेल गरम करें. तेल गरम होने पर राई डालें. जब राई चटकने लगे, तब करी पत्ता और सूखी लाल मिर्च डालकर गैस बंद कर दें. इस गरम तड़के को कटोरी में रखी नारियल की चटनी के ऊपर डालें और अच्छी तरह मिला लें.
नारियल के पकौड़े
नारियल के कुरकुरे पकौड़े तो मानसून में जरूर ट्राई करने चाहिए. यह एक अनोखी और टेस्टी रेसिपी है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले कद्दूकस किया हुआ नारियल लें. अब इसमें 4 चम्मच बेसन, 1 चम्मच चावल का आटा, बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया, आधा चम्मच हल्दी, थोड़ी सी लाल मिर्च और स्वादानुसार नमक डालें. थोड़ा सा पानी डालकर सभी को अच्छी तरह मिला लें. एक गाढ़ा घोल जैसा तैयार कर लें. अब एक पैन में तेल गरम करें. तेल गरम होने पर, छोटे-छोटे पकौड़े तेल में डालें और उन्हें धीमी से मीडियम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा भूरा और कुरकुरा होने तक तलें. आपके गरमागरम नारियल के पकौड़े तैयार हैं. इन्हें हरी चटनी या सॉस के साथ परोसें.
नारियल मालपुआ
नारियल मालपुआ बनाने के लिए, एक कटोरे में एक कप मैदा, आधा कप बारीक कद्दूकस किया हुआ नारियल, 2 बड़े चम्मच सूजी और 2 बड़े चम्मच चीनी मिलाएं. थोड़ा दूध डालकर गाढ़ा लेकिन आसानी से डालने लायक घोल बनाएं. इसे 15 मिनट के लिए रख दें. एक पैन में घी या तेल गरम करें. घोल की एक छोटी कलछी को गोल आकार में डालें और दोनों तरफ से सुनहरा भूरा होने तक सेंक लें. चाशनी के लिए, आधा कप चीनी और एक-चौथाई कप पानी उबालकर थोड़ी चिपचिपी चाशनी बनाएं. तैयार मालपुआ को 1-2 मिनट के लिए चाशनी में डुबोएं, फिर निकाल लें. ऊपर से नारियल और कटे हुए मेवे डालें और गरम या ठंडा परोसें.
नारियल चावल
नारियल चावल बनाने के लिए सबसे पहले दो कप पके हुए चावल तैयार रखें. एक पैन में 1 बड़ा चम्मच तेल गरम करें, उसमें 1 छोटा चम्मच राई, आधा छोटा चम्मच उड़द दाल, कुछ करी पत्ते और 1-2 सूखी लाल मिर्च डालें. अब 1 कप ताजा कद्दूकस किया हुआ नारियल डालें और धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक भूनें ताकि उसकी खुशबू आने लगे. स्वादानुसार नमक डालें और पके हुए चावल डालें. सभी चीज़ों को अच्छी तरह मिलाएं और 2-3 मिनट तक पकाएं. आंच बंद कर दें और थोड़ा नींबू का रस डालें. गरमागरम नारियल चावल को दही या रायते के साथ परोसें.

नारियल हलवा
नारियल हलवा बनाने के लिए, एक पैन में 1 कप ताजा कद्दूकस किया हुआ नारियल और आधा कप दूध डालें और मीडियम आंच पर पकाएं. जब दूध थोड़ा कम हो जाए, तो आधा कप चीनी डालें और उसे अच्छी तरह मिलाएं. लगातार चलाते रहें ताकि मिक्सचर पैन के तले में न चिपके. दो बड़े चम्मच घी डालें और धीमी आंच पर पकाएं. जब हलवा गाढ़ा हो जाए और पैन छोड़ने लगे, तो आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर और कटे हुए काजू और बादाम डालें. 2 मिनट और पकाएं और फिर आंच बंद कर दें. तैयार नारियल हलवे को गरमागरम परोसें और कुछ मेवों से गार्निश करें.
नारियल पोहा
नारियल पोहा बनाने के लिए, 2 कप पोहा को पानी से हल्का धोकर 5 मिनट के लिए रख दें. स्वादानुसार नमक और थोड़ी हल्दी डालें. एक पैन में 1 बड़ा चम्मच तेल गरम करें. उसमें आधा चम्मच राई, आधा चम्मच जीरा, कुछ करी पत्ते और 1 बारीक कटी हरी मिर्च डालकर तड़का लगाएं. आधा कप कद्दूकस किया हुआ ताजा नारियल डालें और 1-2 मिनट तक भूनें. पोहा डालें और सब कुछ हल्के हाथों से मिलाएं. ढककर धीमी आंच पर 3-4 मिनट तक पकाएं. आखिर में थोड़ा नींबू का रस और धनिया पत्ती डालें. नाश्ते में गरमागरम नारियल पोहा परोसें.
2009 से शुरू हुआ विश्व नारियल दिवस
विश्व नारियल दिवस एक अंतर्राष्ट्रीय दिन है जिसे एशियन एंड पैसिफिक कोकोनट कम्युनिटी (APCC) ने शुरू किया है. APCC नारियल उगाने वाले देशों का एक अंतर सरकारी संगठन है, जो नारियल की अहमियत को पहचानता है. 2009 से हर साल 2 सितंबर को वर्ल्ड कोकोनट डे मनाया जाता है. इसे भारत, मलेशिया, इंडोनेशिया, फिलीपींस, थाईलैंड, केन्या और वियतनाम जैसे नारियल उगाने वाले देशों के किसान और नारियल उगाने वाले बिजनेस से जुड़े लोग मनाते हैं. इस दिन नारियल के इस्तेमाल को बढ़ावा देने से जुड़ी कई गतिविधियां और नारियल खाने के फायदों के बारे में अवेयरनेस फैलाने के लिए इवेंट्स ऑर्गनाइज किए जाते हैं.
