Indian Food in Foreign: विदेश यात्रा का सपना देखते समय कई भारतीयों के मन में एक सवाल जरूर आता है, ‘घूम तो लेंगे, लेकिन खाने का क्या होगा?’ नई जगहों का लोकल खाना चखना ट्रैवलिंग का मजेदार हिस्सा है. हालांकि, कुछ दिनों बाद घर की दाल, गरम रोटी, छोले या बिरयानी की याद सताने लगती है. अच्छी खबर ये है कि भारतीय खाना अब दुनिया के कई हिस्सों में इतनी आसानी से मिल जाता है कि विदेश में भी पेट और दिल दोनों को घर जैसा सुकून मिल सकता है. यूके, सिंगापुर, कनाडा, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, यूएई, दक्षिण अफ्रीका और जापान ऐसे देश हैं जहां भारतीय यात्रियों को देसी खाना ढूंढ़ने में ज्यादा परेशानी नहीं होती. इन जगहों पर भारतीय रेस्टोरेंट, ग्रोसरी स्टोर, स्ट्रीट फूड और कई बार रीजनल इंडियन डिशेज तक आसानी से मिल जाती हैं. तो अगर आपको अपनी अगली विदेश यात्रा में घूमने के साथ-साथ खाने की भी चिंता है, इन देशों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं.

यूनाइटेड किंगडम
ब्रिटेन को भारतीय खाने के लिए विदेश में सबसे अच्छी और भरोसेमंद जगहों में गिना जा सकता है. लंदन की ब्रिक लेन से लेकर बर्मिंघम के मशहूर करी हाउस तक, वहां भारतीय स्वाद आराम से मिल जाता है. यहां आपको चिकन टिक्का मसाला, बिरयानी, नान, पनीर, दाल और तरह-तरह की करी मिलेंगी. शाकाहारी लोगों के लिए भी यहां ऑप्शन्स की कमी नहीं है. डोसा, चाट और पनीर की अलग-अलग डिशेज आसानी से मिल जाती हैं. यानी ब्रिटेन में भारतीय खाना हाई एंड रेस्टोरेंट से लेकर सस्ते टेकअवे तक हर लेवल पर मिल जाता है.
कहां जाएं
अदक आप यूनाइटेज किंगडम घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो खाने के अलावा टूरिस्ट स्पॉट्स की भी लिस्ट बना लें. लंदन में बकिंघम पैलेस, टॉवर ब्रिज, लंदन आई और ब्रिटिश म्यूज़ियम देख सकते हैं. अगर बात करें बेस्ट टाइम की तो, मई से सितंबर का समय आमतौर पर वहां घूमने के लिए सबसे कंफर्टेबल रहता है. हालांकि, दिसंबर में क्रिसमस का माहौल आपको वहां अलग ही अनुभव देता है.
सिंगापुर
अगर आप साफ-सुथरा शहर, शानदार पब्लिक ट्रांसपोर्ट और देसी खाना, तीनों एक साथ चाहते हैं तो सिंगापुर आपके लिए बेस्ट जगह है. यहां लिटिल इंडिया भारतीय संस्कृति और खाने का बड़ा केंद्र है. मसालों की दुकानों, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों के बीच घूमते हुए आपको ऐसा महसूस हो सकता है जैसे किसी भारतीय शहर की छोटी-सी गली में आ गए हों. यहां आपको बिरयानी, पराठा, थाली, इडली और डोसा भी आसानी से खाने के लिए मिल जाते हैं. कई हॉकर सेंटर में भी किफायती भारतीय खाना मिलता है.
कहां जाएं
खाने के अलावा सिंगापुर घूमने के लिए बहुत ही शानदार जगह है. सिंगापुर आकर आप लिटिल इंडिया, मरीना बे, सेंटोसा, गार्डन्स बाय द बे जैसे स्पॉट जरूर देखें. यहां का कल्चर भी आपको ज्यादा अलग नहीं लगेगा. यानी यहां आपको भारतीय, मलय, चीनी और पश्चिमी संस्कृतियों का खूबसूरत कॉम्बिनेशन नज़र आएगा. टाइमिंग की बात करें तो, यहां घूमने के लिए फरवरी से अप्रैल और दिसंबर-जनवरी का टाइम सबसे बढ़िया माना जाता है. हालांकि, सिंगापुर में सालभर गर्म और उमस भरा मौसम ही रहता है. यानी आप अपनी छुट्टियों और कंफर्ट के हिसाब से घूमने जा सकते हैं.

आखिर क्यों इस देश की राजधानी कहलाती है दुनिया की Momo Capital? जानें स्वादिष्ट स्नैक की असली कहानी
कनाडा
कनाडा में बड़ी भारतीय आबादी की वजह से देसी खाने के ऑप्शन काफी ज्यादा मिलते हैं. यहां आपको पंजाबी ढाबों से लेकर मॉडर्न इंडियन रेस्टोरेंट तक, सब मिल जाएंगे. खास बात ये है कि भारतीय खाना यहां लोकल फ्लेवर के साथ भी मिलाया जाता है. बटर चिकन पूटीन जैसे फ्यूजन ऑप्शन भी आपको कनाडा में ही मिलेंगे. इसके अलावा भारतीय ग्रोसरी स्टोर भी यहां आसानी से मिल जाते हैं.
कहां जाएं
खाने के अलावा कनाडा में घूमने और एक्सप्लोर करने के लिए भी बहुत कुछ है. नियाग्रा फॉल्स, CN टॉवर, स्टैनली पार्क और बैनफ़ नेशनल पार्क जैसे खूबसूरत स्पॉट्स सबसे ज्यादा पॉपुलर हैं. नियाग्रा फॉल्स देखने के लिए वहां हर साल लाखों टूरिस्ट पहुंचते हैं. घूमने की टाइमिंग की बात करें तो, जून से सितंबर तक का टाइम सबसे बढ़िया रहता है. अगर बर्फ देखने का शौक है तो सर्दियों में कनाडा का अलग ही रूप दिखाई देता है. लेकिन आपको वहां की कड़कती ठंड के लिए अच्छी तैयारी करनी पड़ेगी.
अमेरिका
अमेरिका में भारतीय खाना अब सिर्फ प्रवासी भारतीयों तक नहीं रहा. बड़े शहरों में आपको नॉर्थ इंडियन, साउथ इंडियन, गुजराती, बंगाली और दूसरी लोकल डिशों के ऑप्शन भी आराम से मिल जाते हैं. यहां पारंपरिक खाने के साथ फ्यूजन फूड का ट्रेंड भी काफी देखने को मिलता है. यानी मसाला वही देसी, लेकिन मॉडर्न ट्विस्ट के साथ.
कहां जाएं
इमेरिका जाकर आप न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी, शिकागो, सैन फ्रांसिस्को, ह्यूस्टन, डलास की सैर कर सकते हैं. न्यूयूॉर्क में टाइम्स स्क्वायर और सेंट्रल पार्क, सैन फ्रांसिस्को में गोल्डन गेट ब्रिज और कैलिफोर्निया में कई शानदार नेशनल पार्क हैं. अमेरिका बहुत बड़ा देश है, इसलिए मौसम वहां के शहरों के हिसाब से बदलता रहता है.

ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया में भारतीय खाने का सबसे अच्छा एक्सपीरियंस आपको सिडनी और मेलबोर्न जैसे शहरों में मिलेगा. यहां कैजुअल स्ट्रीट ईट्स से लेकर प्रीमियम रेस्टोरेंट तक के आप्शन आराम से मिल जाते हैं. भारतीय खाना यहां पारंपरिक अंदाज में भी मिलता है और मॉर्डन तरीके से भी. यानी ऑस्ट्रेलिया जाकर आपको इंडियन खाने की याद तो नहीं सताएगी.
कहां जाएं
ऑस्ट्रेलिया में घूमने के लिए सिडनी, मेलबर्न, ब्रिस्बेन, पर्थ जैसे शहर सबसे बेस्ट हैं. सिडनी ओपेरा हाउस, हार्बर ब्रिज, ग्रेट ओशन रोड और मेलबर्न के आसपास की जगह आपको अपनी तरफ जरूर खीचेंगी. बात करें ऑस्ट्रेलिया के मौसम की तो, ये भारत से बिल्कुल उलट होता है. फिर भी सितंबर से नवंबर और मार्च से मई के बीच का टाइम यहां घूमने के लिए कंफर्टेबल हो सकता है.
UAE
संयुक्त अरब अमीरात में भारतीय के लोग काफी ज्यादा रहते हैं. यही वजह है कि यहां भारतीय खाना रोजमर्रा की डाइनिंग का हिस्सा बन चुका है. सुबह के नाश्ते से लेकर शानदार बुफे तक, यहां भारतीय खाने की अच्छी-खासी रेंज मिलती है. दुबई और अबू धाबी में आपको अलग-अलग बजट के रेस्टोरेंट मिल जाएंगे. यहां आप अपनी पसंद का भारतीय खाना खा सकते हैं.
कहां जाएं
दुबई, अबू धाबी, शारजाह जैसे शहरों में लाखों टूरिस्ट आते हैं. वहां देखने के लिए बुर्ज खलीफ़ा सबसे ज्यादा फेमस है. भारत में इसे लेकर गाने भी बन चुके हैं. इसके अलावा दुबई मॉल, म्यूज़ियम ऑफ़ द फ़्यूचर, पाम जुमेराह और डेज़र्ट सफ़ारी भी यहां का खास अट्रैक्शन है. यहां घूमने के लिए अक्टूबर से मार्च का समय आमतौर पर ज्यादा कंफर्टेबल रहता है. गर्मियों में तापमान बहुत ज्यादा होता है. गर्मी के मौसम में आपकी ट्रिप का मज़ा आधा हो सकता है.
1000 साल से भी ज्यादा पुरानी हैं ये 6 Indian Dishes, आज भी स्वाद ऐसा कि हर पीढ़ी बनी हुई है दीवानी

दक्षिण अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीका में भारतीय और स्थानीय संस्कृति का दिलचस्प मेल देखने को मिलता है. यहां भारतीय खाने में लोकल ट्विस्ट भी दिखाई देता है. सबसे खास उदाहरण है बनी चाउ, जिसमें ब्रेड के अंदर करी डालकर परोसी जाती है. इसके अलावा बिरयानी और कई भारतीय मसालेदार डिश भी दक्षिण अफ्रीका में काफी ज्यादा पसंद की जाती हैं.
कहां जाएं
घूमने के लिए दक्षिण अफ्रीका काफी शानदार जगह है. वहां का कल्चर और खाना, दोनों ही टूरिस्टों के बीच पॉपुलर है. टेबल माउंटेन, क्रूगर नेशनल पार्क और केप टाउन जैसे शहर इस देश की जान हैं. केप टाउन के बीच तो भारतीयों को कुछ ज्यादा ही पसंद हैं. यहां घूमने के लिए मई से सितंबर का टाइम बढ़िया है. ये समय सफारी के लिए अच्छा रहता है. वहीं, केप टाउन घूमने के लिए मौसम के हिसाब से अलग-अलग सीजन भी चुने जा सकते हैं.
जापान
जापान का नाम सुनकर शायद सबसे पहले सुशी और रेमन याद आए, लेकिन यहां भारतीय खाना भी आसानी से मिल जाता है. खासकर बड़े शहरों में नान और करी के सेट काफी ज्यादा मशहूर है. जापान में भी भारतीय मसालों और लोकल स्वाद का फ्यूजन तैयार किया जाता है. यानी जापान घूमते हुए भी आप इंडियन फूड को मिस नहीं कर पाएंगे.
कहां जाएं
यहां घूमने के लिए, टोक्यो में शिबुया और असाकुसा, क्योटो में मंदिर और पारंपरिक इलाकों के साथ-साथ ओसाका में डोटनबोरी खास अट्रैक्शन हैं. जापान घूमने के लिए मार्च से मई का टाइम सबसे बेस्ट रहता है. इसी बीच वहां चेरी ब्लॉसम का मौसम रहता है, जो टूरिस्टों को अपनी तरफ खींचता है. हालांकि, अक्तूबर से नवंबर में भी मौसम अच्छा बना रहता है.

आखिर किस देश की देन है Biryani? भारत तक पहुंचने की वो कहानी, जिसने एक डिश को बना दिया दुनिया की पसंद
विदेश में इंडियन फूड
अगर किसी शहर में आपको भारतीय खाना ढूंढना हो तो सबसे पहले वहां के लिटिल इंडिया या भारतीय मोहल्ले को ढूंढ़ें. लंदन, सिंगापुर जैसे शहरों में ऐसे इलाके खास तौर पर आपकी काफी मदद करेंगे. इसके अलावा भारतीय ग्रोसरी स्टोर भी बढ़िया ऑप्शन हैं. वहां मसाले, रेडी-टू-ईट फूड और कई बार छोटे फूड काउंटर भी मिल जाते हैं. घूमने निकलने से पहले गूगल रिव्यू और लोकल फूड ऐप्स पर रेस्टोरेंट की रेटिंग और मेन्यू देखना भी समझदारी होगी.
बजट कितना रखें?
विदेश में भारतीय खाना भारत के मुकाबले थोड़ा महंगा पड़ सकता है. छोटे रेस्टोरेंट या थाली में एक डिश करीब 500 से 700 रुपये के आसपास पड़ सकता है. वहीं, मिड रेंज रेस्टोरेंट में ये 1,000 से 1,500 प्रति व्यक्ति तक जा सकता है. प्रीमियम डाइनिंग में खर्च इससे काफी ज्यादा हो सकता है. ऐसे में अगर आप लंबी छुट्टी पर जा रहे हैं तो बजट पहले से तय कर लें. जरूरत हो तो कुछ पैक्ड रेडी टू ईट फूड या इंस्टेंट मिक्स भी साथ रख सकते हैं. लेकिन किसी भी देश में ये सब सामान ले जाने से पहले वहां के कस्टम और फूड आइटम्स के नियम भी पढ़ लें.
शाकाहारी और वीगन
भारतीय खाने की सबसे बड़ी ताकत यही है कि इसमें वेज और वीगन, दोनों ऑप्शन्स की भरमार है. दाल, चना, राजमा, सब्जियां, डोसा, इडली, रोटी और कई तरह की करी विदेशों में भी आसानी से मिल जाती हैं. बड़ी इंडियन कम्यूनिटी वाले शहरों में जैन खाने के ऑप्शन भी कुछ जगह मिल जाते हैं.

खाना और कल्चर
विदेश में भारतीय खाना मिलना सिर्फ पेट भरने की सुविधा नहीं है. ये इस बात का भी सबूत है कि, इंडियन कम्यूनिटी ने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में अपनी संस्कृति और स्वाद को कैसे पहुंचाया है. कहीं चिकन टिक्का मसाला स्थानीय पसंद का हिस्सा बन गया. कहीं, भारतीय थाली ने हॉकर सेंटर में जगह बनाई और कहीं मसालेदार करी ने लोकल डिश के साथ नया फ्यूजन तैयार कर लिया. यही वजह है कि विदेश में इंडियन फूड ढूंढ़ना अपने आप में एक छोटा सा सांस्कृतिक सफर बन सकता है. तो अगली बार जब विदेश जाने की प्लानिंग करें, सिर्फ होटल, फ्लाइट और घूमने की जगहों की लिस्ट न बनाएं. ये भी देख लें कि वहां आपकी पसंदीदा दाल, रोटी, डोसा, छोले या बिरयानी कहां मिलेगी. आखिर लंबी यात्रा में कभी-कभी एक प्लेट गरम देसी खाना ही पूरा मूड ठीक करने के लिए काफी होता है. हालांकि, ये कहना भी गलत नहीं है कि आप जिस देश भी जाएं, वहां का स्वाद भी चखें.
राजघरानों से लेकर त्योहारों की थाली तक, बड़ी मीठी है घी और चाशनी में लिपटे घेवर की कहानी
