Sonia Gandhi: कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी की जीवनी ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) इन दिनों चर्चा में है. इसमें सोनिया गांधी ने अपने बचपन, जवानी, प्यार और परिवार सभी के बारे में बताया है. दो दिन पहले ही सोनिया गांधी इंस्टाग्राम पर आई हैं और आज उन्होंने अपनी किताब के अंश के बारे में बताते हुए एक वीडियो पोस्ट किया है. उन्होंने बताया कि राजीव गांधी से उनकी मुलाकात कैसे हुई थी. वीडियो में सोनिया और राजीव के जवानी के पलों को भी दिखाया गया है.
रेस्तरां में हुई थी मुलाकात
सोनिया गांधी ने बताया कि इंग्लैंड में खाने की तलाश में वो एक रेस्तरां गई थीं. वीडियो में वह कहती हैं “कैम्ब्रिज में एक ग्रीक रेस्तरां था, जहां कई छात्र – खासकर यूरोपीय और साथ ही भारतीय छात्र खाना खाने आते थे. उसी रेस्तरां में मेरी मुलाकात राजीव से हुई. जब मैं उनसे पहली बार मिली, तो मुझे तुरंत ही ऐसा लगा कि वे ऐसे इंसान हैं जिनके साथ हमेशा रहना मुझे बहुत अच्छा लगेगा. मुझे बाद में पता चला कि उनके मन में भी यही बात थी.” उन्होंने बताया कि एक कॉमन दोस्त ने उन्हें मिलवाया था, जिसके बाद वे दोस्त बन गए और साथ मिलकर पार्टियों में जाने लगे. अलग-अलग जगहों पर घूमने लगे. उन्होंने कहा, “मुझे याद है कि जब मैं उनसे पहली बार मिली, तो हमारे एक कॉमन दोस्त ने हमें मिलवाया था. एक बार हम वैलेंटाइन पार्टी में भी गए थे, जहां बहुत सारे छात्र मौजूद थे.”
राजीव गांधी की सौम्यता आई पसंद
राजीव गांधी के बारे में अपनी पहली छाप का जिक्र करते हुए, सोनिया गांधी ने कहा कि उनके सौम्य स्वभाव ने उन्हें सबसे ज़्यादा प्रभावित किया. उन्होंने कहा, “वे देखने में बहुत ही सौम्य इंसान थे. जाहिर है, वे बहुत हैंडसम भी थे, लेकिन उनके स्वभाव की वह सौम्यता साफ झलकती थी. इसी बात ने मुझे गहराई से प्रभावित किया. इसलिए, उनसे पहली बार मिलने का वह पल मैं कभी नहीं भूल सकती.” सोनिया गांधी ने 25 फरवरी 1968 को राजीव गांधी से शादी की. इससे पहले, गुरुवार को सोनिया गांधी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम से जुड़ीं और अपना पहला वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपनी आने वाली किताब (संस्मरण) ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक दिखाई.
प्यार और कर्तव्य की कहानी…
अपनी पहली इंस्टाग्राम पोस्ट में, सोनिया गांधी ने किताब की पहली झलक शेयर करते हुए आभार जताया. उन्होंने कैप्शन में लिखा, “नमस्ते सभी को, आप सभी के साथ इस पल को साझा करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है. पेश है ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक.” पोस्ट में लिखा था, “यह प्यार, कर्तव्य, नुकसान और अपनापन खोजने की कहानी है. मैं इसे आप सभी के साथ साझा करने के लिए उत्सुक हूं.” युद्ध के बाद के इटली में उनके बचपन से लेकर, उनके उस प्रेम-संबंध तक जो उन्हें भारत ले आया और उन व्यक्तिगत नुकसानों तक, जिन्होंने उनके जीवन को गहराई से प्रभावित किया. यह संस्मरण सोनिया गांधी के जीवन के सफर को बयां करता है.
‘10,000 करोड़ का नुकसान’, CTI ने राहुल को लिखा लेटर, रामलीला मैदान में रैली टालने की अपील
News Source: ANI
