Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक भीषण सड़क हादसा हो गया. इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 अन्य घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने मृतकों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं. साथ ही, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हादसे की जांच शुरू कर दी है.
पेट्रोल यूनिट को मौके पर भेजा
जयपुर-अजमेर के नेशनल हाईवे-48 पर बगरू में एक मिनीबस आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी. यह हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हो गए. जांच अधिकारी लालाराम के मुताबिक, पुलिस को रात करीब 2 बजे ‘पुलिस मित्र’ इस दुर्घटना के बारे में सूचना मिली. उन्होंने तत्काल पेट्रोल यूनिट को मौके पर पहुंचने का आदेश दिया. वहां पर उन्होंने देखा कि गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं और सड़क पर वाहन का मलबा बिखरा पड़ा था. वहीं, इस भीषण टक्कर के बाद हाईवे पर ट्रैफिक जाम हो गया.
ओवरटेक की वजह से हुआ ये हादसा
पुलिस ने अधिकारी के मुताबिक, यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक मिनीबस ने किसी दूसरे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की और उससे टकरा गई. हालांकि, उस दौरान ड्राइवर मौके से फरार हो गया. यात्रियों ने पुलिस को बताया कि वह घटना होने के बाद गाड़ी से कूदकर भाग गया.
शवों को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा
लालाराम ने आगे कहा कि तीन लोगों की मौत हो गई और उनके शवों को बरामद कर एम्बुलेंस से अस्पताल भेज दिया है. इसके अलावा, 19 घायलों में से सात को आगे के इलाज के लिए जयपुर के SMS अस्पताल में रेफर कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि बाकी घायल यात्रियों को स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) द्वारा किए गए इंतजाम के तहत उप-जिला अस्पताल ले जाया गया. मिनीबस खाटू श्याम से सालासर की ओर जा रही थी और यात्री नासिक के रहने वाले थे.
घायल यात्री ने कही ये बात
वहीं, एक घायल यात्री ने बताया कि यह हादसा जयपुर से लगभग 20-30 किलोमीटर आगे हुआ. यात्री का आरोप है कि जब सब सो रहे थे, तब ड्राइवर गाड़ी से कूदकर भाग गया. घायल यात्री ने कहा कि बस में 9-10 महीने के बच्चे भी थे और बच्चों समेत कुल 30 लोग सफर कर रहे थे. यात्री ने यह भी बताया कि मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई और लगभग सात से आठ लोग घायल हो गए.
दुर्घटनाग्रस्त होने से बचा एयर इंडिया का विमान, केम्पेगौड़ा हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग
News Source: ANI
