UCC Owaisi: AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने महाराष्ट्र में प्रस्तावित यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) पर तीखा हमला बोला है. ओवैसी का दावा है कि भाजपा शासित राज्यों (उत्तराखंड, गुजरात, असम) की तरह महाराष्ट्र में भी UCC लाना असल में गैर-हिंदुओं पर ‘हिंदू सिविल कोड’ थोपने की एक सोची-समझी कोशिश है. उन्होंने स्पष्ट किया कि देवेंद्र फडणवीस सरकार द्वारा लाए जाने वाले इस कानून को AIMIM राज्य विधानसभा में पूरी ताकत से रोकेगी और इसका कड़ा विरोध करेगी. हैदराबाद सांसद ने राज्य सरकार द्वारा जारी प्रश्नावली पर चिंता जताते हुए कहा कि इसमें हिंदू अविभाजित परिवार (HUF) के टैक्स लाभों पर चुप्पी साधी गई है और UCC की सही परिभाषा भी गायब है.
गैर हिंदुओं पर UCC थोप रही भाजपा
उन्होंने दावा किया कि UCC गैर-हिंदुओं पर ‘हिंदू मैरिज एक्ट’, ‘हिंदू सक्सेशन एक्ट’ और ‘इंडियन सक्सेशन एक्ट’ थोपने की एक साजिश भी है. सांसद ने कहा कि हम UCC का विरोध करते हैं, खासकर उस UCC का जिसे भाजपा ला रही है. यह हमारी उन मुख्य धार्मिक प्रथाओं को छीनने की कोशिश है, जिसे मौलिक अधिकारों का संरक्षण प्राप्त है. ओवैसी ने कहा कि प्रस्तावित UCC के तहत तलाक को ‘हिंदू विवाह अधिनियम’ के अनुसार देखा जा रहा है, जिसमें अदालत के आदेश से एक साल तक अलग रहने का प्रावधान है.
विपक्षी दलों की तरफ से नहीं मिला कोई जवाब
उन्होंने कहा कि इसके विपरीत इस्लाम महिलाओं को ‘खुला’ (तलाक) लेने का अधिकार देता है. AIMIM नेता ने दावा किया कि केंद्र सरकार द्वारा ‘तुरंत तीन तलाक’ को दंडनीय अपराध बनाए जाने के बाद पुरुषों द्वारा अपनी पत्नियों को छोड़ देने के मामलों में बढ़ोतरी हुई है, जिसका असर मुस्लिम महिलाओं पर पड़ा है. उन्होंने सवाल किया कि जो लोग पहले से विवाहित होने के बावजूद एक से अधिक रिश्तों में हैं, उनके लिए कोई कानून क्यों नहीं है? विपक्ष के इस आरोप पर कि AIMIM, BJP की ‘बी-टीम’ है, ओवैसी ने कहा कि वह पहले महाराष्ट्र में चुनावों के लिए विपक्षी दलों के साथ गठबंधन करने को तैयार थे, लेकिन उन्हें उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला.
फडणवीस ने ओवैसी और राहुल पर बोला हमला
ओवैसी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में, जहां 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं, AIMIM समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करने को तैयार थी, लेकिन समाजवादी पार्टी ने उन्हें ‘रावण’ कह दिया. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को UCC का मसौदा तैयार करने के अपने सरकार के फैसले का बचाव किया. उन्होंने कहा कि संविधान खुद राज्यों को इसे लागू करने की दिशा में काम करने का निर्देश देता है. ओवैसी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए फडणवीस ने कहा कि UCC संविधान के ‘राज्य के नीति-निर्देशक सिद्धांतों’पर आधारित है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष पड़ोसी देशों की तरह ही सड़कों पर विरोध-प्रदर्शन कराने की कोशिश कर रहा है.
‘बेगानी शादी में…’ दिल्ली में INDIA ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन पर बोले ओवैसी; SIR को बताया NRC
