Home Latest News & Updates दिवाली के बाद दिल्ली की हवा ने ली थोड़ी राहत की सांस! चांदनी चौक अब भी सबसे ज्यादा प्रदूषित

दिवाली के बाद दिल्ली की हवा ने ली थोड़ी राहत की सांस! चांदनी चौक अब भी सबसे ज्यादा प्रदूषित

by Preeti Pal 10 November 2026, 9:11 AM IST
10 November 2026, 9:11 AM IST
दिवाली के बाद दिल्ली की हवा ने ली थोड़ी राहत की सांस! चांदनी चौक अब भी सबसे ज्यादा प्रदूषित

Delhi AQI Today: दिवाली के बाद दिल्ली की हवा में घुला जहरीला धुआं अब धीरे-धीरे थोड़ा कम होता दिखाई दे रहा है. सोमवार को कई इलाकों में AQI 400 के पार रहा. इसके बाद मंगलवार सुबह राजधानी की हवा में मामूली सुधार दर्ज किया गया. हालांकि, राहत की ये खबर पूरी तरह खुश होने वाली नहीं है, क्योंकि दिल्ली की हवा अब भी ‘बहुत खराब’ कैटेगरी में बनी हुई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, मंगलवार सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 307 दर्ज किया गया.

चांदनी चौक सबसे ऊपर

दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण का स्तर अब भी काफी ऊंचा है. चांदनी चौक में सबसे ज्यादा 395 AQI दर्ज किया गया. वहीं, सफदरजंग में 371, पंजाबी बाग में 355 और आया नगर में 354 AQI रहा. आरके पुरम में भी हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रही और यहां AQI 328 दर्ज किया गया. दूसरी तरफ, आनंद विहार में AQI 290 और अशोक विहार में 278 रहा. नरेला में 272, जबकि इंडिया गेट और कर्तव्य पथ पर 258 AQI दर्ज किया गया. इन इलाकों में हवा ‘खराब’ श्रेणी में बनी हुई है.

दिल्ली के चावड़ी बाजार में गिरी 3 मंजिला इमारत : दो लोगों की मौत, ठेकेदार पर FIR और JE-AE सस्पेंड

प्रदूषण से लड़ने की तैयारी

प्रदूषण को कम करने के लिए दिल्ली सरकार ने अलग-अलग इलाकों में पानी के छिड़काव की व्यवस्था की है. वाटर स्प्रिंकलर के जरिए सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में पानी डाला जा रहा है, ताकि हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कणों को कम किया जा सके. दरअसल, रविवार को दिवाली के जश्न के दौरान पटाखे जलाए जाने के बाद राजधानी की हवा और खराब हो गई थी. सोमवार सुबह कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI 400 के पार पहुंच गया था. इसके साथ ही सुबह के समय धुंध और कम विजिबिलिटी ने भी लोगों की परेशानी बढ़ाई.

अगले 5 दिनों का हाल

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मंगलवार सुबह दिल्ली का तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सुबह के समय मध्यम स्तर की धुंध भी देखने को मिली. मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक सुबह मध्यम धुंध बने रहने का अनुमान जताया है. तापमान में गिरावट के साथ प्रदूषण की समस्या भी लोगों को परेशान कर सकती है.

कैसी है दूसरे राज्यों की हवा?

दिल्ली के अलावा हरियाणा के अंबाला में AQI 250 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है. वहीं, महाराष्ट्र का औसत AQI 146 रहा, जिसे मध्यम श्रेणी में रखा गया है. बता दें कि CPCB के मुताबिक, 0 से 50 तक AQI अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में माना जाता है. कुल मिलाकर, दिल्ली की हवा में थोड़ा सुधार जरूर हुआ है, लेकिन अभी प्रदूषण से पूरी तरह राहत मिलने का इंतजार बाकी है. ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी वाले लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है.

News Source: ANI

दिल्ली की जहरीली हवा के बीच पंजाब में पराली का धुआं! 62.55 लाख रुपये का जुर्माना

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?