West Asia war: 13 मई को ओमान के तट पर भारत के ध्वज वाले एक वाणिज्यिक पोत पर हमला हुआ था. इस हमले की वजह से जहाज समुद्र में डूब गया था. वहीं, ओमान के अधिकारियों ने सोमालिया से आ रहे इस जहाज के सभी 14 चालक दल के सदस्यों को बचा लिया था.
West Asia war: पश्चिम एशिया में तनाव खत्म होता नहीं दिख रहा है. बीते दिनों ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौता होने की उम्मीद काफी बढ़ी थी, लेकिन अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप के द्वारा ईरान के शांति प्रस्ताव को ठुकराने के बाद इस उम्मीद पर पानी फिर गया. इस बीच भारत के लिए एक खास और राहत वाली खबर है.
जी हां, ईरान और अमेरिका के तनाव के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बाधित हो गया है. दुनिया की एनर्जी सप्लाई (गैस, तेल) के लिए अहम यह समुद्री रास्ता इन जहाजों पर हमले का भी गवाह बन रहा है. इस बीच करीब 20 हजार टन एलपीजी गैस लेकर ‘सिमी’ जहाज भारत पहुंच गया है. आंकड़ें बताते हैं कि मार्च की शुरुआत से लेकर अब तक भारत के ध्वज वाले 13 जहाज, जिनमें 12 एलपीजी टैंकर और एक कच्चे तेल का टैंकर शामिल हैं, होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर चुके हैं.
कांडला पहुंचा 20,000 टन एलपीजी लेकर पोत
मिली जानकारी के अनुसार, अधिकारियों ने रविवार को बताया कि पश्चिम एशिया संकट के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करने के बाद 20,000 मीट्रिक टन द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) ले जाने वाला एक जहाज भारत पहुंच चुका है. यह गुजरात के कांडला स्थित दीनदयाल बंदरगाह प्राधिकरण पर पहुंचा है. उन्होंने आगे बताया कि मार्शल आइलैंड्स के ध्वज वाला जहाज एमवी एसवाईएमआई (MV SYMI) ने कतर से अपनी यात्रा शुरू की और 13 मई को होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करने के बाद शनिवार रात लगभग 11.30 बजे कांडला बंदरगाह पर पहुंचा.
जहाजों को निशाना बनाना अस्वीकार्य- भारत
बता दें कि बीते 13 मई को ओमान के तट पर भारत के ध्वज वाले एक वाणिज्यिक पोत पर हमला हुआ था. इस हमले की वजह से जहाज समुद्र में डूब गया था. वहीं, ओमान के अधिकारियों ने सोमालिया से आ रहे इस जहाज के सभी 14 चालक दल के सदस्यों को बचा लिया था. लेकिन यह तुरंत पता नहीं चल पाया था कि हमला किसने किया था. वहीं, इस हमले की भारत ने कड़ी निंदा की और संयुक्त राष्ट्र में कहा कि यह अस्वीकार्य है.
जी हां, संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पार्वथानेनी हरीश (Parvathaneni Harish) ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना, नागरिक चालक दल को खतरे में डालना और नेविगेशन की स्वतंत्रता में बाधा डालना “अस्वीकार्य” है. एनर्जी और सप्लाई फ्लो की सुरक्षा पर संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक परिषद (UNECOSOC) की एक विशेष बैठक में हरीश की टिप्पणियां ओमान के तट पर भारतीय ध्वज वाले एक वाणिज्यिक पोत पर हुए हमले के कुछ दिनों बाद आईं हैं.
यह भी पढ़ें: वापस आ रही भारतीय विरासत, नीदरलैंड्स ने लौटाए 11वीं सदी के चोल वंश के ताम्रपत्र, जानें महत्व
News Source: PTI
