19 February 2024
न्याय यात्रा में हिस्सा नहीं लेंगे अखिलेश
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि वो अभी राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में हिस्सा नहीं लेंगे। अखिलेश ने कहा कि जब तक कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को अंतिम रूप नहीं दिया जाएगा तब तक वो या उनकी पार्टी राहुल की न्याय यात्रा में शामिल नहीं होंगे।
सपा सूत्रों की माने तो उनकी पार्टी ने कांग्रेस को अब 11 से बढ़ाकर 15 लोकसभा सीट देने की पेशकश कर दी है। समाजवादी पार्टी ने पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के कल रायबरेली में न्याय यात्रा में शामिल होने से पहले 15 सीट पर कांग्रेस की सहमति मांगी है। अगर कांग्रेस इस पर सहमति देती है तो सपा उनकी यात्रा में शामिल हो सकती है। राहुल गांधी की ये यात्रा आज अमेठी से गुज़रकर रायबरेली में एंट्री करेगी।
आपको बता दें कि इससे पहले अखिलेश ने कहा था कि वो रायबरेली में भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे। सपा ने कांग्रेस को यूपी में 11 सीटें देने की पेशकश की है, जबकि कांग्रेस और ज्यादा सीटो की मांग कर रही थी।
आपको बता दें कि सपा और कांग्रेस विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में साझीदार हैं। कांग्रेस की यूपी इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने कहा था कि यूपी में उनकी पार्टी को करीब दो दर्जन सीट दी जानी चाहिए। यूपी में लोकसभा की 80 सीटे है। कांग्रेस ने पिछले लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में एकमात्र रायबरेली की सीट पर जीत दर्ज की थी।
ये भी पढ़ें – भरोसेमंद हिंदी न्यूज़ पोर्टल – ताज़ा खबरें और ट्रेंडिंग अपडेट्स हर समय
