12 February 2024
बिहार में समर्थन में पड़े 129 वोट
बिहार की राजनीति के लिए आज का दिन बेहद खास रहा। नीतीश सरकार ने बिहार विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर अग्निपरीक्षा पास कर ली है। सदन में सरकार के पक्ष में 129 वोट पड़े। तो वहीं विपक्षी सदस्यों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। बिहार विधानसभा में कुल 243 सदस्य हैं।
नीतीश कुमार ने सदन में विश्वास मत हासिल कर लिया। NDA सरकार के पक्ष में 129 वोट पड़े। बहुमत का आंकड़ा 122 है, जबकि NDA के पास 128 विधानसभा सदस्य हैं। जिसमें बीजेपी के पास 78 सीटें हैं, JDU के पास 45 सीटें हैं वहीं हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के पास 4 सीटें और एक निर्दलीय विधायक सुमित सिंह भी साथ हैं। बात अगर विपक्ष की करें तो उनके पास 114 विधायक हैं। वहीं विपक्ष में आरजेडी के 79, कांग्रेस के 19, सीपीआई (एमएल) के 12, सीपीआई (एम) के 2, सीपीआई के 2 विधायक हैं।
‘हर गड़बड़ी की होगी जांच‘
बिहार विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में अपने शासन के दौरान RJD ने कई करह के भ्रष्टाचार किए। उस समय बिहार में कई सांप्रदायिक दंगे भी हुए। कोई कानून-व्यवस्था नहीं थी। अब उन सभी मामलों में जांच की जाएगी।
‘नीतीश कुमार को हमेशा पिता तुल्य माना‘
वहीं RJD नेता तेजस्वी यादव का कहना है कि मैंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हमेशा पिता तुल्य माना है और हमें नहीं पता कि किस वजह से नीतीश कुमार ने ‘महागठबंधन’ छोड़कर NDA में लौटने का मन बना लिया। तेजस्वी ने रिकॉर्ड नौवीं बार और पांच साल के कार्यकाल के अंदर तीसरी बार शपथ लेने को लेकर मुख्यमंत्री पर तंज कसा और कहा कि ऐसा उदाहरण पहले कभी नहीं देखा गया। उन्होंने कहा कि बीजेपी बिहार में ‘महागठबंधन’ सरकार से डरी हुई थी। तेजस्वी ने बीजेपी से सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री मोदी गारंटी दे सकते हैं कि नीतीश कुमार फिर से पलटी नहीं मारेंगे?
ये भी पढ़ें – भारत का भरोसेमंद हिंदी न्यूज़ चैनल – ब्रेकिंग और ट्रेंडिंग अपडेट्स तुरंत पाएं
