Home Latest News & Updates दिल्ली की हवा फिर बनी ‘जहर’! AQI 348 के पार, कई इलाकों में 400 से ज्यादा पहुंचा प्रदूषण

दिल्ली की हवा फिर बनी ‘जहर’! AQI 348 के पार, कई इलाकों में 400 से ज्यादा पहुंचा प्रदूषण

by Preeti Pal 14 November 2026, 8:49 AM IST
14 November 2026, 8:49 AM IST
दिल्ली की हवा फिर बनी ‘जहर’! AQI 348 के पार, कई इलाकों में 400 से ज्यादा पहुंचा प्रदूषण

Delhi Air Pollution: दिल्ली वालों के लिए शनिवार की सुबह भी राहत लेकर नहीं आई. राजधानी की हवा एक बार फिर सांस लेने लायक नहीं रही. सुबह से ही कई इलाकों में धुंध और स्मॉग की मोटी चादर छाई रही. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, सुबह 7:05 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 348 दर्ज किया गया. यानी हवा बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है. वहीं, कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 400 के पार पहुंचकर गंभीर श्रेणी में दर्ज हुआ. इसके अलावा हवा में PM2.5 और PM10 जैसे महीन कणों की मात्रा ज्यादा बनी हुई है. ये कण सांस के जरिए शरीर में पहुंचकर सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानियों से जूझ रहे लोगों के लिए ये स्थिति चिंता बढ़ाने वाली है.

इन इलाकों में हालत खराब

CPCB के सुबह 7 बजे के आंकड़ों के अनुसार, नॉर्थ कैंपस में AQI 421 दर्ज किया गया. IIT दिल्ली में ये 419, ITO में 415 और बुराड़ी क्रॉसिंग में 410 रहा. इन सभी जगहों पर हवा ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गई. वहीं, चांदनी चौक में AQI 392 और जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में 390 दर्ज हुआ. आनंद विहार में ये 379 और छावला में 352 रहा. कनॉट प्लेस के इनर और आउटर सर्कल में AQI 326 दर्ज किया गया. वहीं, मैदानगढ़ी में ये 300 रहा.

लागू हुआ GRAP-3

बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 6 नवंबर को दिल्ली-NCR और आसपास के इलाकों में ग्रैप-3 लागू कर दिया था. इसके तहत प्रदूषण कम करने के लिए कई पाबंदियां और उपाय लागू किए गए हैं. दिल्ली सरकार भी धूल और प्रदूषण के असर को कम करने के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव करवा रही है. इसके अलावा, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि IIT कानपुर की निगरानी में क्लाउड सीडिंग के ट्रायल चल रहे हैं. उन्होंने कहा कि इसके नतीजे और संभावित बारिश से जुड़ी जानकारी अध्ययन पूरा होने के बाद साझा की जाएगी.

छठ पूजा पर दिल्ली सरकार की बड़ी सौगात: शालीमार बाग में बना भव्य घाट, श्रद्धालुओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

AAP ने उठाए सवाल

दिल्ली में प्रदूषण को लेकर सियासत भी तेज हो गई है. आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने BJP सरकार और CPCB के आंकड़ों पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि दिल्ली में वास्तविक प्रदूषण सरकारी वेबसाइट पर दिखाए गए आंकड़ों से 49 प्रतिशत ज्यादा था. भारद्वाज ने आरोप लगाया कि अगर AQI 370 दिखाया जा रहा था, तो वास्तविक स्तर 560 या उससे भी अधिक हो सकता था. उन्होंने CPCB की माप प्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि 999 से ऊपर प्रदूषण होने पर आंकड़े सही तरीके से प्रदर्शित नहीं होते. उनके मुताबिक, ये दिल्ली के दो करोड़ लोगों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सेहत से जुड़ा गंभीर मामला है.
हालांकि, ये आरोप AAP नेता की ओर से लगाए गए हैं. फिलहाल दिल्ली की हवा की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. ऐसे में लोगों को बाहर निकलते समय सावधानी बरतने और प्रदूषण से बचाव के उपाय अपनाने की जरूरत है.

News Source: ANI

दिल्ली की हवा बनी ‘जहरीली गैस’! सांस लेना हुआ मुश्किल; इन इलाकों में हालात बहुत गंभीर

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?