Home Latest News & Updates Stock Market की सुस्त शुरुआत! Sensex-Nifty लाल निशान में खुले, महंगाई ने निवेशकों की बढ़ाई टेंशन

Stock Market की सुस्त शुरुआत! Sensex-Nifty लाल निशान में खुले, महंगाई ने निवेशकों की बढ़ाई टेंशन

by Preeti Pal 13 November 2026, 10:28 AM IST
13 November 2026, 10:28 AM IST
Stock Market की सुस्त शुरुआत! Sensex-Nifty लाल निशान में खुले, महंगाई ने निवेशकों की बढ़ाई टेंशन

Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन निवेशकों को बाजार से अच्छी तेजी की उम्मीद थी. हालांकि, महंगाई के बढ़ते आंकड़ों ने उनके उत्साह पर पानी फेर दिया. कारोबार शुरू होते ही सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में पहुंच गए. पिछले कुछ दिनों से बाजार में जारी शानदार तेजी पर भी फिलहाल ब्रेक लगता नजर आया. शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 77.23 अंक यानी 0.09 प्रतिशत गिरकर 81,833.78 पर खुला. वहीं, एनएसई निफ्टी 50 ने 89.50 अंक यानी 0.35 फीसदी की गिरावट के साथ 25,209.85 पर कारोबार की शुरुआत की. बाजार खुलने के बाद दोनों इंडेक्स में गिरावट और बढ़ गई. बाद के शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 180 अंक तक नीचे चला गया. वहीं, निफ्टी की गिरावट 0.7 प्रतिशत के आसपास पहुंच गई.

महंगाई ने बिगाड़ा बाजार का मूड

बाजार में गिरावट की सबसे बड़ी वजह भारत और अमेरिका में महंगाई बढ़ने की चिंता है. भारत में अक्टूबर महीने की खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 फीसदी पहुंच गई है. इससे निवेशकों को डर है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) आने वाले महीनों में ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकता है. ब्याज दरें बढ़ने का मतलब है कि कंपनियों और आम लोगों के लिए कर्ज महंगा हो सकता है. इसका असर कारोबार, खर्च और कंपनियों की कमाई पर पड़ सकता है. ऐसे माहौल में निवेशक शेयर बाजार में पैसा लगाने से पहले थोड़ा सतर्क हो जाते हैं. जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार के मुताबिक, नवंबर में निफ्टी अब तक करीब 9.7 फीसदी की शानदार तेजी दिखा चुका है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बाजार की ये रफ्तार आगे भी बनी रहेगी?

उनका कहना है कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की जोरदार खरीदारी ने बाजार को मजबूती दी है. नवंबर में विदेशी निवेश का आंकड़ा एक लाख करोड़ रुपये से ऊपर जाने की उम्मीद है, जो रिकॉर्ड स्तर हो सकता है. हालांकि, भारत और अमेरिका में बढ़ती महंगाई तथा ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी बाजार की तेजी पर ब्रेक लगा सकती है. इसके अलावा घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) की मुनाफावसूली भी बाजार पर दबाव बना रही है.

मिडिल ईस्ट टेंशन के बीच OPEC+ ने बढ़ाया तेल उत्पादन, जानें भारत पर क्या हो सकता है असर

कई सेक्टर में गिरावट

शुक्रवार को सिर्फ सेंसेक्स और निफ्टी ही नहीं, बल्कि व्यापक बाजार में भी कमजोरी देखने को मिली. निफ्टी 100 में 0.34 फीसदी, निफ्टी मिडकैप 100 में 0.31 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.17 प्रतिशत की गिरावट देखी गई. सेक्टर के हिसाब से देखें तो निफ्टी ऑटो 0.38 फीसदी और निफ्टी मेटल 0.56 प्रतिशत नीचे रहा. निफ्टी प्राइवेट बैंक में 0.41 फीसदी और निफ्टी आईटी में 0.25 प्रतिशत की कमजोरी आई. वहीं, निफ्टी एफएमसीजी में 0.06 प्रतिशत और निफ्टी रियल्टी में 0.05 फीसदी की मामूली गिरावट रही. पीएसयू बैंक इंडेक्स भी 0.13 फीसदी नीचे कारोबार करता दिखा.

कच्चा तेल और सोना-चांदी

कमोडिटी बाजार की बात करें तो ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत बढ़कर 95.39 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई. दूसरी तरफ, सोने और चांदी की कीमतों में मामूली तेजी देखने को मिली. 24 कैरेट सोना बढ़कर 1,37,308 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1,79,773 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई. कोटक नियो के हेड ऑफ कमोडिटी एंड करेंसी रिसर्च अनिंद्य बनर्जी के मुताबिक, डॉलर इंडेक्स 103.2 के करीब और अमेरिका की 10 साल की बॉन्ड यील्ड लगभग 5.10 फीसदी पर पहुंच गया है. इसके बावजूद सोने-चांदी में मजबूती दिख रही है. उनके अनुसार, ये देखना दिलचस्प है कि प्रतिकूल हालात के बावजूद कीमती धातुएं संभल रही हैं.

एशियाई बाजारों में तेजी

भारतीय बाजार के उलट एशिया के ज्यादातर प्रमुख शेयर बाजारों में तेजी रही. जापान का निक्केई 225 करीब 0.94 प्रतिशत चढ़ा. वहीं, सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स 0.29 प्रतिशत ऊपर रहा. ताइवान के शेयर बाजार में 1.80 फीसदी की जोरदार तेजी दर्ज की गई. साउथ कोरिया का कोस्पी लगभग सपाट रहा. हालांकि, हांगकांग का हैंग सेंग 0.90 प्रतिशत गिरकर 23,792 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था. कुल मिलाकर, बाजार में फिलहाल महंगाई, ब्याज दरों और विदेशी निवेशकों की खरीदारी पर नजर बनी हुई है. नवंबर की शानदार तेजी के बाद निवेशक अब सोच-समझकर कदम उठा रहे हैं. आने वाले दिनों में महंगाई और RBI के फैसले बाजार की अगली दिशा तय करने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं.

News Source: ANI

Microsoft का बड़ा सर्वर डाउन! 5 घंटे से ज्यादा ठप रहे; ChatGPT समेत AI सर्विसेज पर भी पड़ा असर

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?