Delhi AQI: दिल्ली में सर्दी की दस्तक के साथ प्रदूषण ने एक बार फिर लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. शुक्रवार सुबह राजधानी की हवा बेहद खराब से खतरनाक स्तर पर पहुंच गई. सुबह 7:31 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 494 दर्ज किया गया. आसमान में धुंध और प्रदूषण की मोटी चादर छाई रही. कई इलाकों में विजिबिलिटी भी कम हो गई. हालात ऐसे हैं कि घर से बाहर निकलने से पहले लोगों को अब दो बार सोचना पड़ रहा है.
दिल्ली की हवा खराब
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों में AQI गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया. IIT दिल्ली में AQI 488 रहा, जबकि ITO में 455 दर्ज किया गया. आनंद विहार में ये 419, रोहिणी में 413 और राजोकरी बॉर्डर पर 402 तक पहुंच गया. इसके अलावा आरके पुरम में AQI 391, मंदिर मार्ग पर 378, द्वारका एक्सप्रेसवे पर 369, उत्तम नगर में 363 और लोधी रोड पर 341 दर्ज किया गया. वहीं, धौला कुआं के आसपास AQI 161 रहा, जो मध्यम श्रेणी में आता है.
प्रदूषण कम करने के तरीके
दिल्ली सरकार प्रदूषण पर काबू पाने के लिए कई उपाय कर रही है. सड़कों पर पानी के छिड़काव के लिए वाटर स्प्रिंकलर लगाए जा रहे हैं, ताकि हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कणों को कम किया जा सके. हालांकि, राजधानी में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है. इस बीच दिल्ली में प्रदूषण के आंकड़ों को लेकर राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है. आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी सरकार और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाए. उनका कहना है कि, दिल्ली में प्रदूषण का वास्तविक स्तर सरकारी आंकड़ों से करीब 49 प्रतिशत ज्यादा था. भारद्वाज के मुताबिक, अगर AQI 370 दिखाया गया, तो वास्तविक स्तर 560 या उससे भी ज्यादा हो सकता था. उन्होंने आरोप लगाया कि आंकड़ों में गड़बड़ी दिल्ली के दो करोड़ लोगों की सेहत से जुड़ा गंभीर मुद्दा है.
छठ पर घर जाने वालों के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा! दिल्ली से कई स्टेशनों से आज चलेंगी 31 स्पेशल ट्रेनें
रिपोर्ट में क्या सामने आया?
CREA ने दिल्ली के 59 मॉनिटरिंग स्टेशनों के हर घंटे के PM2.5 आंकड़ों का अध्ययन किया. रिपोर्ट के मुताबिक, 8 नवंबर शाम 4 बजे से 9 नवंबर शाम 4 बजे के बीच 255 घंटेवार स्टेशन रिकॉर्ड गायब थे. इसी अवधि में 24 घंटे का औसत PM2.5 स्तर 269 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से बढ़कर 400 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया. यानी इसमें करीब 49 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई. फिलहाल दिल्लीवासियों के लिए सबसे बड़ी चिंता साफ हवा है. बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी वाले लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है. बाहर निकलते समय मास्क का इस्तेमाल करें और प्रदूषण ज्यादा होने पर खुले में व्यायाम करने से बचें.
News Source: ANI
