Chhath Puja: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में लोक आस्था के महापर्व छठ पर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक तैयारियां जोरों पर हैं. जहां बाजारों में छठ पूजा से जुड़ी सामग्री की खरीदारी के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. तो वहीं, दूसरी ओर छठ घाटों पर साफ-सफाई और पूजा के लिए वेदियां बनाने का काम तेजी से चल रहा है. गोरखपुर की फल मंडी में पूर्वांचल ही नहीं बल्कि बिहार के पश्चिमी जिले के लोग भी खरीदारी करने आते हैं. इस समय बाजारों में खरीदारी करने के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है. गोरखपुर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों के नदियों किनारे घाटों की सजावट की जा रही है.

सज गईं पूजन सामग्री की दुकानें
शहर के कुछ प्रमुख घाट गोरखनाथ मंदिर का भीम सरोवर, मानसरोवर का पोखरा, सूर्यकुण्ड धाम, राप्ती नदी का गोरखनाथ घाट, रामघाट पर नगर आयुक्त अजय जैन व महापौर डाक्टर मंगलेश श्रीवास्तव सहित जिले के अधिकारियों ने छठ घाट का निरक्षण कर सुबह-सुबह श्रम दान किया. बाजारों में सूप, दउरा, नारियल, फल, गन्ना, दीपक और अन्य पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं. श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ पूजा की तैयारियों में जुटे हैं. पर्व को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है. उधर, छठ घाटों पर भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. व्रतियों की सुविधा और पूजा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नगर निगम लाइट व साफ सफाई की व्यवस्था में जुट गया है. वहीं छठ व्रत करने वाले के परिजनों द्वारा घाटों पर छठ वेदियां बनाई जा रही हैं.
छठी मइया के गीतों से माहौल भक्तिमय
चारों तरफ छठी मइया के गीतों और पर्व की तैयारियों से भक्तिमय माहौल बनने लगा है. देशभर में आस्था, भक्ति और लोक परंपरा का महापर्व छठ शुक्रवार (13 नवंबर) से शुरू हो गया है. सुबह से ही बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत कई राज्यों में छठ व्रतियों की चहल-पहल देखने को मिल रही है. कहीं श्रद्धालु पवित्र नदियों और तालाबों में स्नान कर रहे हैं, तो कहीं सूर्य मंदिरों में भगवान भास्कर के दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी हैं. चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व की शुरुआत पहले दिन के खास अनुष्ठान नहाय-खाय से हुई है. हम सभी जानते हैं कि, छठ पूजा सिर्फ एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि परिवार, प्रकृति और सूर्य के प्रति आभार जताने का मौका भी है. इस दौरान व्रती बहुत मुश्किल नियमों का पालन करते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हैं.
शुरू हुई आस्था की परंपरा
छठ के पहले दिन यानी नहाय-खाय पर व्रती पवित्र नदी, तालाब या जलाशय में स्नान करते हैं. इसके बाद घर की साफ-सफाई और शुद्धता का खास ध्यान रखते हुए पारंपरिक भोजन तैयार किया जाता है. इस खाने में अरवा चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी खास तौर से शामिल होती है. औरंगाबाद में छठ पूजा करने पहुंची एक महिला श्रद्धालु ने बताया कि उन्होंने नहाय-खाय का खाना तैयार कर लिया है. अब सूर्यकुंड में स्नान के बाद भगवान सूर्य के दर्शन करने जा रही हैं. उन्होंने कहा कि यहां दूर-दूर से लोग छठ मनाने आते हैं. श्रद्धालुओं की मान्यता है कि छठी मैया सभी की मनोकामनाएं पूरी करती हैं. वहीं, पटना की एक महिला श्रद्धालु ने कहा कि गंगा किनारे रहने वाले लोगों के लिए छठ पूजा से दूर रहना संभव ही नहीं है.

छठ पूजा के लिए घर लौट रहे श्रद्धालु, स्टेशन पर उमड़ी भीड़; दिल्ली को मिला 11 KM लंबा छठ घाट
- गोरखपुर से हरेंद्र दुबे की रिपोर्ट
