Gujarat Accident: गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में सोमवार तड़के भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की जान चली गई. चार गंभीर रूप से घायल हो गए.
Gujarat Accident: गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में सोमवार तड़के भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की जान चली गई. चार गंभीर रूप से घाय़ल हो गए. हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जाम खत्म कराया. इसके बाद वाहनों का आवागमन शुरू हो सका. पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है. सुरेंद्रनगर जिले में सड़क किनारे एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से सात लोगों की मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गए.
भास्करपारा गांव के पास हुआ हादसा
लखतर के पुलिस निरीक्षक योगेश पटेल ने बताया कि यह हादसा सोमवार तड़के लखतर-वीरमगाम राजमार्ग पर हुआ, जब तीर्थयात्रियों का एक दल एक मंदिर में पूजा करने के लिए जुलूस के रूप पर राजकोट से बहुचराजी जा रहा था. पुलिस ने बताया कि जिले के लखतर तालुका के भास्करपारा गांव के बाहरी इलाके में लापरवाही से तेज गति से चला रहे ट्रक चालक ने श्रद्धालुओं को कुचल दिया. हादसे में छह तीर्थयात्रियों और सड़क किनारे खड़े एक डंपर के चालक की मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि मृतकों में चार महिलाएं भी शामिल हैं. तीर्थयात्री पैदल जा रहे थे जब वे दुर्घटना का शिकार हुए.
पैदल जा रहे थे 500 तीर्थयात्री
तीर्थयात्री बहुचराजी के एक मंदिर में पूजा करने के लिए पैदल निकले थे, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी. छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक ने विरमगाम के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया. प्रभारी पुलिस अधीक्षक वेदिका बिहानी ने कहा कि चार अन्य लोग गंभीर घायल हो गए. अधिकारी ने बताया कि कपास से लदा ट्रक राजकोट से आ रहा था. पुलिस अधीक्षक वेदिका बिहानी ने कहा कि 500 तीर्थयात्रियों का समूह छाराड गांव की ओर जा रहा था, जहां उन्हें विश्राम करना था. सभी श्रद्धालुओं ने सड़क के किनारे खड़े डंपर को पार करने की कोशिश की, इस दौरान सभी हादसे का शिकार हो गए.
ट्रक चालक गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी ने कहा कि इलाज के दौरान वीरमगाम के गांधी अस्पताल में एक और व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई. एक गंभीर घायल व्यक्ति को राजकोट के अस्पताल में रेफर किया गया. उन्होंने बताया कि ट्रक चालक की पहचान आदित्य उगनिया के रूप में हुई है. चालक दुर्घटना के बाद मौके से भाग गया, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अधीक्षक वेदिका बिहानी ने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ेंः नोएडा फेज-2 में मदरसन कंपनी के कर्मचारियों का उग्र प्रदर्शन, पुलिस पर पथराव, गाड़ियों में लगाई आग
News Source: PTI
