Gujarat News: अहमदाबाद में ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता और समय पर जांच के महत्व को लेकर एक अनोखी पहल की गई. अहमदाबाद रिवरफ्रंट पर 350 से ज्यादा महिलाएं गुलाबी साड़ियों में एक साथ जुटीं और ‘ड्रेप इन पिंक, वॉक फॉर लाइफ’ अभियान के जरिए समाज को ब्रेस्ट कैंसर की रोकथाम और शुरुआती पहचान का संदेश दिया. गुलाबी परिधानों में महिलाओं की बड़ी संख्या ने रिवरफ्रंट पर एक अलग ही ‘पिंक वेव’ का नजारा पेश किया.
महिलाओं ने प्रेरणादायक कहानियां साझा कीं
इस जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन अहमदाबाद मेडिकल एसोसिएशन (AMA) और डिवाइन ब्रेस्ट क्लिनिक की ओर से भारत विकास परिषद और एथलेटिक गर्ल्स यूनाइटेड के सहयोग से किया गया. कार्यक्रम का मुख्य संदेश ‘Early Detection Saves Lives’ था यानी ‘समय पर पहचान जिंदगी बचाती’ है. कार्यक्रम के दौरान ब्रेस्ट कैंसर से जंग जीत चुकीं छह ‘ब्रेस्ट कैंसर वॉरियर्स’ ने अपनी प्रेरणादायक कहानियां भी साझा कीं. इन महिलाओं ने बताया कि किस तरह उन्होंने बीमारी का सामना हिम्मत के साथ किया, इलाज के दौरान आने वाली चुनौतियों का सामना किया और मजबूत होकर इस जंग से बाहर निकलीं. उनकी कहानियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को प्रेरित किया. इस दौरान सभी छह महिलाओं को उनके साहस, संघर्ष और जज्बे के लिए सम्मानित भी किया गया.
जागरूकता बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई
अहमदाबाद मेडिकल एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. कल्पिता दवे ने ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने लोगों से Project PINK AB से जुड़ने और इसका ब्रांड एंबेसडर बनने की अपील की, ताकि ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग और शुरुआती पहचान का संदेश ज्यादा से ज्यादा परिवारों और समुदायों तक पहुंचाया जा सके.
Hina Khan Motivational Post: ब्रेस्ट कैंसर से लड़ रहे लोगों के लिए हिना खान ने लिखा मोटिवेशनल पोस्ट
महिलाएं दें अपने स्तन स्वास्थ्य को प्राथमिकता
वहीं, अहमदाबाद मेडिकल एसोसिएशन के मानद सचिव डॉ. मौलिक शेठ ने कहा कि AMA पूरे साल स्वास्थ्य और जनजागरूकता से जुड़े सामाजिक अभियानों को जारी रखेगा. उन्होंने स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण के लिए ऐसे अभियानों की जरूरत पर जोर दिया. कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने शपथ ली. इसमें महिलाओं ने अपने स्तन स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने, नियमित ब्रेस्ट स्क्रीनिंग कराने, नियमित रूप से ब्रेस्ट सेल्फ-एग्जामिनेशन करने और अपने आसपास की अन्य महिलाओं को भी इसके लिए जागरूक करने का संकल्प लिया.
एकजुटता और उम्मीद का दिया संदेश
भारत विकास परिषद की प्रवीणा ठक्कर ने राष्ट्र निर्माण और समाजहित से जुड़े कार्यों के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि समाज के स्वास्थ्य और कल्याण से जुड़ी ऐसी पहलों को लगातार सहयोग दिया जाता रहेगा. कार्यक्रम के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की कि ब्रेस्ट कैंसर को लेकर जागरूकता, नियमित जांच और समय पर इलाज बेहद महत्वपूर्ण है. महिलाओं में शुरुआती स्तर पर बीमारी की पहचान होने से इलाज की संभावनाएं बेहतर हो सकती हैं. इसी उद्देश्य से ‘ड्रेप इन पिंक – वॉक फॉर लाइफ’ ने जागरूकता, एकजुटता और उम्मीद का संदेश दिया.
ब्रेस्ट कैंसर से हर साल होती है 6-7 लाख महिलाओं की मौत, जानें किसको है ज्यादा खतरा और कैसे करें बचाव
