Jaipur factory Fire: देश में आजकल आग लगने की घटना काफी अधिक देखी जा रही है. बीते दिनों राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक होटल में आग लगने से 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी. उसके बाद बिहार के मुजफ्फरपुर में अस्पताल में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई थी. वहीं, बीते दिनों जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में आग लगने से एक दर्जन से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गईं थीं.
इस बीच अब राजस्थान की राजधानी जयपुर से आग लगने की घटना सामने आई है. न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, जयपुर में एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. इसमें तीन लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए.
एक छोटे से घर में थी फैक्ट्री
मिली जानकारी के अनुसार, जयपुर की पुलिस ने बताया कि मंगलवार को शहर के खो-नागोरियां इलाके में एक छोटे से घर में चल रही फैक्ट्री में आग लग गई. इससे तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए. आसपास के लोगों ने दावा है कि यह एक पटाखा बनाने का कारखाना था जहां मजदूर काम कर रहे थे. वहीं, पुलिस फॉरेंसिक जांच कर रही है.
शहर के एसएमएस अस्पताल के अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने बताया कि जलने से तीन लोगों की मौत हो गई है. जयपुर के कलेक्टर संदेश नायक ने घटनास्थल का दौरा किया और बताया कि दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है और घायलों को अस्पताल ले जाया गया है.
विस्फोट की आवाज सुन दौड़े लोग
न्यूज एजेंसी पीटीआई ने एक स्थानीय व्यक्ति के अनुसार बताया, विस्फोट की आवाज सुनने के बाद, पास में मौजूद लोग दौड़कर घर की ओर भागे. उन्होंने कहा, “हमने एक धमाके की आवाज सुनी और तुरंत घर की ओर भागे. हमने पानी फेंककर घर के एक हिस्से में प्रवेश करने में कामयाबी हासिल की और कुछ लोगों को बाहर निकाला.” उन्होंने दावा किया कि बचाए गए तीन लोग बुरी तरह जल गए थे और संभवतः बचाए जाने से पहले ही उनकी मौत हो गई थी.
उन्होंने बताया कि जलने से घायल दो लोग बाहर सड़क पर पड़े तड़प रहे थे. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. वहीं, कुछ लोगों ने बताया कि घर के बाहर जलने से घायल दो अन्य व्यक्ति पड़े हुए देखे गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया.
वहीं, आग लगने के इस मामले में पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है. लोगों ने बताया कि घर में पटाखे की फैक्ट्री थी, इसकी भी जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में अभी इस बात का खुलासा नहीं हुआ है कि यह आग कैसे लगी.
News Source: PTI
