Home Latest News & Updates सीतामढ़ी में भीषण तूफान का कहर: पेड़ गिरने से एक ही परिवार के 5 की मौत, सैकड़ों पेड़ उखड़े और मकान जमींदोज

सीतामढ़ी में भीषण तूफान का कहर: पेड़ गिरने से एक ही परिवार के 5 की मौत, सैकड़ों पेड़ उखड़े और मकान जमींदोज

by Sanjay Kumar Srivastava 9 June 2026, 3:00 PM IST (Updated 9 June 2026, 3:06 PM IST)
9 June 2026, 3:00 PM IST (Updated 9 June 2026, 3:06 PM IST)
पीपल का पेड़ गिरने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

Bihar News: बिहार के सीतामढी जिले में मंगलवार तड़के आए भीषण तूफान से पांच लोगों की मौत हो गई. आंधी-तूफान से सैकड़ों पेड़ उखाड़ गए. कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए. सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात अवरुद्ध हो गया. सीतामढ़ी में तूफान के दौरान घर पर पीपल का पेड़ गिर जाने से तीन बच्चों और एक नवजात शिशु समेत एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई.

सिकंदर के परिवार में मातम

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना जिले के रेवासी गांव में मंगलवार तड़के तीन बजे हुई. घटना की पुष्टि करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (सीतामढ़ी सदर) आनंद कुमार ने कहा कि मंगलवार तड़के तूफान और बारिश के दौरान पीपल का पेड़ सिकंदर सहनी के मिट्टी के घर पर गिर गया. घर में रहने वाले लोग मलबे के नीचे फंस गए. मृतकों की पहचान सिकंदर सहनी की पत्नी पूजा देवी (32), बेटी शिवानी (5) और तीन बेटे राजकुमार (7), वीरभद्र कुमार (2) और एक महीने के लगर कुमार के रूप में की गई है.

अधिकारियों ने बताया कि घटना में सिकंदर सहनी को गंभीर चोटें आईं हैं. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. रीगा विधायक बैद्यनाथ प्रसाद ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की. विधायक ने संबंधित अधिकारियों को सरकारी सहायता का शीघ्र वितरण सुनिश्चित करने और सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने का निर्देश दिया है.

प्रभावित परिवार को मिला मुआवजा

जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवार को मुआवजा व अन्य सरकारी सहायता दिया है. यह त्रासदी पूरे बिहार में मौसम की बिगड़ती स्थिति के बीच आई है क्योंकि दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य में पहुंच रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 10 जून से 15 जून के बीच बिहार में मानसून के प्रवेश की उम्मीद है.

सोमवार की शाम पश्चिम चंपारण जिले के बगहा इलाके में भी तेज तूफान और बारिश से काफी नुकसान हुआ. तेज़ हवाओं ने सैकड़ों पेड़ उखाड़ दिए, मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया और कई प्रमुख सड़कें अवरुद्ध हो गईं. रामनगर-बखरी मुख्य मार्ग पर बंजरिया चौक के पास एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे भीषण जाम लग गया और हजारों यात्री घंटों फंसे रहे. रामनगर-लौरिया और रामनगर-नरकटियागंज मार्ग पर भी कई पेड़ गिर गए, जिससे यातायात बाधित हो गया. इस बीच मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों के लिए मौसम का अलर्ट जारी किया है.

इन जिलों के लिए येलो अलर्ट

पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, समस्तीपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सारण, सीवान और गोपालगंज के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में तूफान, बिजली गिरने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है.

विभाग ने बुधवार के लिए इन्हीं जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है, जिसमें 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. इस अवधि के दौरान कोसी-सीमांचल क्षेत्र में विशेष रूप से भारी वर्षा होने की संभावना है. मौसम अधिकारियों ने निवासियों को सतर्क रहने, तूफान के दौरान पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने और अधिकारियों द्वारा जारी सुरक्षा सलाह का पालन करने की सलाह दी है.

Delhi में मौसम हुआ मेहरबान, बारिश और ठंडी हवाओं ने दी राहत, पंजाब भी भीगा

News Source: PTI

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?