Karnataka MLC Election: कर्नाटक की चार एमएलसी सीटों पर चौंकाने वाले नतीजे आए हैं. बीजेपी और जनता दल (सेक्युलर) के गठबंधन, NDA ने कर्नाटक विधान परिषद की चारों सीटों पर ऐतिहासिक जीत हासिल की है. नतीजे आने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर उसी पंक्ति से निशाना साधा है, जो आजकल राजनीति में ट्रेंड कर रही है. कर्नाटक BJP ने चुनाव के नतीजे आने के बाद मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा “DK, it’s done, bro !” यानी डीके, तुम्हारा हो गया भाई. यह एमएलसी चुनाव सत्ताधारी कांग्रेस के लिए बड़ा झटका साबित हुआ है.
ट्रेंड फॉलो करती हुई बीजेपी
यह अंदाज अभिनेता सलमान खान के उस मशहूर पोस्ट की याद दिलाता है, जिसमें उन्होंने लिखा था, “सोनम, इट्स डन, ब्रो!” यह पोस्ट तब आया था जब ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ से जुड़े युवा और छात्र विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. उस समय सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर इसे लेकर काफी व्यंग्य और राजनीतिक मीम्स बने थे. इसी वायरल इंटरनेट ट्रेंड का सहारा लेते हुए, बीजेपी ने इस जुमले का इस्तेमाल कांग्रेस पार्टी का मजाक उड़ाने के लिए किया, जो चारों विधान परिषद सीटों पर बुरी तरह हार गई है. पोस्ट में बीजेपी ने लिखा, “डीके, काम हो गया, भाई! NDA ने MLC चुनावों में शिक्षकों और ग्रेजुएट की सभी 4 सीटों पर जीत हासिल की है!”
DK, it’s done, bro! 😂 NDA SWEEPS 4/4 Teachers’ and Graduates’ constituencies in the MLC elections! ✌️🪷 https://t.co/RD8lDwpE3e
— BJP Karnataka (@BJP4Karnataka) October 28, 2026
2028 विधानसभा चुनाव का ट्रेलर!
ये चुनाव कर्नाटक के लगभग दो-तिहाई हिस्से यानी 19 जिलों में हुए. इनमें पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के गृह जिले भी शामिल हैं. ग्रेजुएट और शिक्षकों, दोनों तरह की सीटों पर जीत से बीजेपी-JD(S) गठबंधन को एक मजबूत नैरेटिव मिला है. पढ़े-लिखे पेशेवर, शिक्षक और युवा ग्रेजुएट, डीके शिवकुमार के नेतृत्व वाली मौजूदा सरकार के बजाय NDA का समर्थन कर रहे हैं. NDA नेताओं ने इस संयुक्त चुनावी जीत को एक निर्णायक कदम और 2028 के कर्नाटक विधानसभा चुनावों के लिए एक ‘ट्रेलर’ के रूप में पेश किया है. JD(S) के प्रदेश युवा अध्यक्ष निखिल कुमार ने इस नतीजे को बैलेट पेपर के जरिए मिला जनादेश बताया, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) को लेकर कोई विवाद नहीं था. उन्होंने कहा कि यह जमीनी हकीकत को दर्शाता है.
कौन कहां से जीता-हारा
बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से JD(S) के ए. पी. रंगनाथ ने कांग्रेस के दिग्गज नेता और पांच बार के विजेता पुट्टन्ना को 908 वोटों से हरा दिया. वहीं, पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में, BJP के एस. वी. संकानूर ने कांग्रेस के मोहन लिम्बिकाई को 9,323 वोटों के अंतर से हराकर लगातार तीसरी जीत हासिल की.
उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जो कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के गृह क्षेत्र के अंतर्गत आता है, BJP के शशील जी. नमोशी ने कांग्रेस के शरणप्पा मत्तूर को 3,297 वोटों से हराया. दक्षिण-पूर्व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में, BJP के के. एम. सुरेश ने कांग्रेस उम्मीदवार शशि हुलिकुंटे मुट्ट को 23,098 वोटों के भारी अंतर से हराया, जिससे NDA ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की.
काम नहीं आया अनंत सिंह का सपोर्ट, पटना स्नातक सीट से जीते नीरज कुमार, शिक्षक सीट से बीजेपी को झटका
