Digital India: डिजिटल इंडिया भूमि रिकॉर्ड आधुनिकीकरण कार्यक्रम के तहत जम्मू-कश्मीर सरकार ने राजस्व रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण में 93.39 प्रतिशत प्रगति कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है.
Digital India: डिजिटल इंडिया भूमि रिकॉर्ड आधुनिकीकरण कार्यक्रम के तहत जम्मू-कश्मीर सरकार ने राजस्व रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण में 93.39 प्रतिशत प्रगति कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. पूरे केंद्र शासित प्रदेश में 64 लाख से अधिक रिकॉर्ड को मंजूरी दी गई है. अधिकारियों ने बताया कि इस सुधार से भूमि प्रबंधन में पारदर्शिता, सटीकता और दक्षता सुनिश्चित होगी. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, कुल 68,59,915 खसरों (राजस्व रिकॉर्ड) में से 64,06,641 खसरों के लिए मंजूरी दी गई है, जबकि 3,04,549 मामले लंबित हैं. सरकार ने 26 दिसंबर, 2025 को त्रुटियों के सुधार, बैकलॉग म्यूटेशन की प्रविष्टि, सार्वजनिक सत्यापन और जमाबंदियों की अंतिम फ्रीजिंग के लिए व्यापक दिशानिर्देश दिए.
रामबन, शोपियां और गांदरबल में 100 % काम पूरा
उन्होंने कहा कि संभागीय आयुक्तों और वित्तीय आयुक्त (राजस्व) की देखरेख में एक निगरानी तंत्र के माध्यम से प्रक्रिया को दैनिक रूप से अद्यतन किया जा रहा है. अधिकारियों ने बताया कि रामबन, शोपियां और गांदरबल जिलों में सभी खसरों को मंजूरी देकर 100 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है और कोई लंबित मामला सामने नहीं आया है. जबकि श्रीनगर में 2,58,221 खसरों में से 2,58,135 को मंजूरी दे दी गई है, केवल 78 लंबित हैं. जिससे पूर्णता दर 99.97 प्रतिशत हो गई है. बडगाम ने 4,83,998 खसरों में से 4,83,790 अनुमोदन के साथ 99.96 प्रतिशत प्रगति दर्ज की, जबकि पुंछ ने 99.95 प्रतिशत प्रगति हासिल की. आंकड़ों में कहा गया है कि 2,27,932 स्वीकृतियों और 117 मामले विभिन्न चरणों में लंबित हैं. उधमपुर ने 3,48,812 स्वीकृत खसरों के साथ 99.73 प्रतिशत प्रगति दर्ज की है.
बांदीपोरा में 98.61 % प्रगति
कठुआ ने 4,50,289 अनुमोदनों के साथ 99.25 प्रतिशत पूर्णता हासिल की, जबकि 3,337 मामले अनुमोदन चरण में लंबित हैं. कुपवाड़ा में 5,41,337 स्वीकृत खसरों के साथ 99.13 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई. सांबा ने 2,70,203 स्वीकृत खसरों और विभिन्न चरणों में 2,553 लंबित मामलों के साथ 99.06 प्रतिशत पूर्णता दर्ज की. राजौरी ने 3,20,466 स्वीकृत खसरों के साथ 98.79 प्रतिशत प्रगति हासिल की, जबकि 3,915 मामले लंबित हैं. खसरों के मामले में सबसे बड़े जिलों में से एक बारामूला ने 6,69,193 के साथ 98.70 प्रतिशत पूर्णता दर्ज की. बांदीपोरा ने 1,90,592 स्वीकृत खसरों के साथ 98.61 प्रतिशत प्रगति हासिल की, जबकि कुलगाम ने 2,17,353 स्वीकृत मामलों के साथ 98.58 प्रतिशत प्रगति दर्ज की. किश्तवार ने 1,73,167 स्वीकृत खसरों और 10,839 लंबित मामलों के साथ 94.11 प्रतिशत प्रगति दर्ज की.
जम्मू में भी उल्लेखनीय उपलब्धि
जम्मू जिले, जिसमें खसरों की संख्या सबसे अधिक 8,26,563 है, ने 7,57,434 स्वीकृतियों के साथ 91.64 प्रतिशत पूरा कर लिया है, जबकि 69,000 से अधिक मामले विभिन्न चरणों में लंबित हैं. डोडा ने 2,29,832 स्वीकृत खसरों और 41,897 लंबित मामलों के साथ 84.58 प्रतिशत प्रगति दर्ज की है. पुलवामा ने 3,71,156 स्वीकृत खसरों के साथ 80.54 प्रतिशत पूरा किया, जबकि 89,683 मामले लंबित हैं. अनंतनाग ने 3,61,685 स्वीकृतियों के साथ 74.65 प्रतिशत प्रगति दर्ज की और विभिन्न स्तरों पर 1.22 लाख से अधिक मामले लंबित हैं. रियासी ने 1,45,645 खसरों में से केवल 57,357 अनुमोदन के साथ 39.38 प्रतिशत की सबसे कम प्रगति दर्ज की, जबकि 88,000 से अधिक मामले अभी भी लंबित हैं. अधिकारियों ने कहा कि 5,989 गांवों को पूरी तरह से मंजूरी दे दी गई है, जो कुल गांवों का 87.87 प्रतिशत है.
ये भी पढ़ेंः PM मोदी ने खुद फॉलो की अपनी अपील, आधा किया काफिला, इन राज्यों के CM ने भी पेश किया उदाहरण
News Source: PTI
