Japan Singapore City Project: यमुना एक्सप्रेसवे पर जापान सिटी और सिंगापुर सिटी के लिए 500-500 एकड़ भूमि प्रस्तावित की गई है। इस प्रोजक्ट से प्रदेश में निवेश बढ़ेगा।
20 February, 2026
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने जापान सिटी और सिंगापुर सिटी के विकास को लेकर औपचारिक प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। 18 फरवरी 2026 को जारी पत्र में प्राधिकरण ने अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त, उत्तर प्रदेश शासन को अवगत कराया है कि प्राधिकरण क्षेत्र में इन दोनों प्रस्तावित सिटीज के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है। प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह ने बताया कि इन दोनों सिटी को लेकर भूमि अधिग्रहण से संबंधित योजना तैयार कर ली गई है।
यहां बनेंगी इंटरनेशनल सिटी
पत्र के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आधिकारिक प्रस्तावित जापान और सिंगापुर यात्रा के संदर्भ में प्राधिकरण क्षेत्र के अंतर्गत जापान सिटी और सिंगापुर सिटी हेतु क्षेत्र चिन्हित कर सूचना उपलब्ध कराए जाने की अपेक्षा की गई थी। इसी क्रम में प्राधिकरण ने सेक्टर-5ए और सेक्टर-7 को इन परियोजनाओं के लिए प्रस्तावित किया है। प्राधिकरण की महायोजना के अंतर्गत सेक्टर-7 और सेक्टर-5ए मल्टीपर्पज औद्योगिक क्षेत्र के रूप में नियोजित हैं। इन क्षेत्रों में औद्योगिक उपयोग न्यूनतम 70 प्रतिशत निर्धारित है। इसके साथ ही आवासीय उपयोग अधिकतम 12 प्रतिशत, वाणिज्यिक उपयोग अधिकतम 13 प्रतिशत तथा संस्थागत सुविधाएं न्यूनतम 5 प्रतिशत तक निर्धारित हैं।
500-500 एकड़ भूमि प्रस्तावित
पत्र में कहा गया है कि इन सेक्टरों को एक इंटीग्रेटेड औद्योगिक सिटी के रूप में विकसित किया जा सकता है। जापानी सिटी के लिए सेक्टर-5ए ग्रेटर नोएडा में 500 एकड़ क्षेत्र प्रस्तावित है। इसी प्रकार सिंगापुर सिटी के लिए सेक्टर-7, ग्रेटर नोएडा में 500 एकड़ भूमि प्रस्तावित की गई है। दोनों ही परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण किया जाना प्रस्तावित है। इन सेक्टरों का विकास ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन) मोड पर किए जाने का प्रस्ताव है।
निवेश को मिलेगी रफ्तार
जापान और सिंगापुर सिटी यहां इन्वेस्टमेंट और रोज़गार के मौके बढ़ेंगे। ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे इलाके में भी निवेश को रफ़्तार मिलेगी। जेवर एयरपोर्ट के पास होने से भी इन दोनों शहरों की अहमियत बढ़ेगी। विदेशी कंपनियों के लिए खास इंडस्ट्रियल हब बनाए जाएंगे। एयरपोर्ट को लॉजिस्टिक्स और कनेक्टिविटी के लिए एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा, जिससे लोकल रोज़गार बढ़ेगा। ज़मीन खरीदने और दूसरी ज़रूरी मंज़ूरियों के साथ प्रोजेक्ट आगे बढ़ेगा।
News Source: PTI
यह भी पढ़ें- एक तरफ CM राइज-PM श्री का शोर, दूसरी तरफ बड़वानी में गाय-मुर्गियों के बीच चल रहा स्कूल
