Stock Market Updates: अगर आप भी शेयर बाज़ार में इन्वेस्ट करते हैं, तो आज की मार्केट का हाल भी जान लीजिए. इसके अलावा डॉलर के मुकाबले आज हमारा रुपया कहां पहुंचा, ये भी जानें.
20 February, 2026
आज सुबह जब दफ्तर की डेस्क पर चाय का पहला प्याला पहुंचा, तब तक दलाल स्ट्रीट की हलचल ने सबको चौंका दिया था. अगर आप सोच रहे थे कि आज बाजार में हरियाली दिखेगी, तो जरा ठहरिए. शुक्रवार की सुबह ग्लोबल मार्केट से आई ठंडी हवाओं ने इंडियन शेयर मार्केट का मूड भी थोड़ा बिगाड़ दिया है. सेंसेक्स और निफ्टी की शुरुआत कुछ खास नहीं रही, जिससे इन्वेस्टर्स के माथे पर हल्की चिंता की लकीरें दिखीं.
सेंसेक्स-निफ्टी का हाल
आज सुबह जैसे ही बाजार की घंटी बजी, सेंसेक्स करीब 170 अंक लुढ़क गया. वहीं, निफ्टी 25,400 के लेवल के आसपास झूलता नजर आया. प्री-ओपनिंग सेशन से ही हिंट मिल रहे थे कि आज का दिन आईटी सेक्टर के लिए थोड़ा भारी होने वाला है. फिर हुआ भी वही, इंफोसिस, टेक महिंद्रा और विप्रो जैसी दिग्गज कंपनियों के शेयर्स और गिर गए. यानी आईटी इंडेक्स में 1.3 फीसदी की गिरावट ने पोर्टफोलियो की चमक थोड़ी कम कर दी है. मगर पिक्चर अभी बाकी है. जहां एक तरफ आईटी और मीडिया सेक्टर में मायूसी है, वहीं सरकारी बैंकों और ऑयल कंपनियों की चांदी हो रही है. कोल इंडिया, ओएनजीसी और एलएंडटी जैसे शेयर्स बाजार की नैया पार लगाने की कोशिश कर रहे हैं.
तेल की धार
दुनियाभर में चल रही खींचतान का असर अब आपकी जेब और पोर्टफोलियो दोनों पर दिखने लगा है. दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने कच्चे तेल की कीमतों में आग लगा दी है. इसका नतीजा ये हुआ कि ओएनजीसी और ऑयल इंडिया के शेयरों में लगातार दूसरे दिन तेजी देखने को मिल रही है. ओएनजीसी तो अपने 52 वीक हाई लेवल यानी 280.80 रुपये को छू गया. अगर आपके पास ये शेयर हैं, तो यकीनन आज आपकी सुबह शानदार रही होगी.
यह भी पढ़ेंःखुशखबरी! होली से पहले बढ़ सकता है सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता, 8वें वेतन आयोग पर भी अपडेट
इस शेयर ने भी मारा चौका
आज की सबसे बड़ी चर्चा रही नोवार्टिस इंडिया, जिसके शेयर ने 16 फीसदी की लंबी छलांग लगाकर सबको हैरान कर दिया. इसके अलावा पेस डिजिटेक के लिए भी खुशियों वाली खबर आई है. कंपनी को रेलटेल से 89 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर मिला है. अब वो ट्रेनों के कोच में स्मार्ट कैमरे लगाएंगे, जिससे कंपनी के शेयरों में 2.82 फीसदी की बढ़त देखी गई.
करोड़ों का इन्वेस्टमेंट
बिजनेस की दुनिया में वारी एनर्जीज भी पीछे नहीं है. दरअसल, ये कंपनी आंध्र प्रदेश सरकार के साथ मिलकर एक नया प्लांट लगाने की तैयारी में है. उन्होंने लिथियम-आयन बैटरी बनाने की अपनी क्षमता को बढ़ाने के लिए करीब 8,000 करोड़ रुपये खर्च करने का मन बना लिया है. फिलहाल फ्यूचर में गाड़ियों के लिए बैटरी बनाने वाली इस कंपनी पर सबकी नजरें टिकी हैं.
रुपये की हालत
शेयर मार्केट के साथ-साथ रुपया भी आज थोड़ा कमजोर नजर आया और डॉलर के मुकाबले 90.94 के लेवल पर खुला. यानी देखें तो आज का शेयर बाजार मिला-जुला है. कुछ सेक्टर लाल निशान में हैं तो कुछ में जबरदस्त खरीदारी हो रही है. अगर आप एक स्मार्ट इन्वेस्टर हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है. बाजार में उतार-चढ़ाव तो लगा रहता है, बस अपनी नजर उन शेयर्स पर रखें जो लंबी रेस के लिए तैयार हैं. वैसे, आज का दिन भले ही सुस्त शुरू हुआ हो, लेकिन तेल और सरकारी बैंकों की तेजी ने बाजार में जान फूंक रखी है. अब देखना ये होगा कि शाम होते-होते बाजार किस तरफ करवट लेता है.
यह भी पढ़ेंः तिजोरी को रख देगा हिलाकर, Live Times के ‘ऑपरेशन गोल्ड’ में हुआ बड़ा खुलासा; जानिए मामला
