Thane Accident : महाराष्ट्र में एक भीषण दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हो गई और उसमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया.
Thane Accident : महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार (13 अप्रैल, 2026) में भीषण सड़क हादसा हो गया. ठाणे जिले के मुरबाड़ में कल्याण-मुरबाड़ मार्ग पर रायते पुल के पास एक वैन की ट्रक से टक्कर हो गई, जिसमें तीन महिलाएं समेत 11 लोगों की मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर बचाव और पुलिस टीम पहुंच गई. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया और अभी मृतकों की पहचान की जा रही है. वहीं, जिला ग्रामीण पुलिस के अधिकारी ने कहा कि यह जानलेवा हादसा सुबह करीब 10.45 बजे हुआ. उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों को शटल टैक्सी के रूप में सेवा देने वाली वैन मुरबाड की तरफ जा रही थी और उसके सामने से आ रहे ट्रांजिट मिक्सर ट्रक की टक्कर हो गई.
एक्सीडेंट में गाड़ी के उड़े परखच्चे
मुरबाड के तहसीलदार अभिजीत देशमुख ने बताया कि वैन में सवार ड्राइवर समेत 11 लोगों की मौत हो गई. उन्होंने बताया कि मरने वालों में 8 पुरुष और तीन महिलाएं शामिल थीं. देशमुख ने आगे कहा कि दोनों वाहनों के बीच में टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी पूरी तरह से चिपक गई और उसमें बैठे लोग अंदर ही दब गए. फिलहाल, पुलिस ने शवों को पोस्टमार्ट्म के लिए गोवेली प्रथामिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है. वहीं, राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस भयानक दुर्घटना को बेहद दुखद बताया. उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले पर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है. साथ ही इस मामले में सरकार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है.
घटना को बताया दर्दनाक
दूसरी तरफ परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने इस घटना को दुखद और दर्दनाक बताया. उन्होंने कहा कि जिस वैन की ऑफशियल क्षमता 6 लोगों की, उस पर 11 लोगों को बैठाया गया था. सरनाइक ने आगे कहा कि परिवहन विभाग अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है, लेकिन नागरिकों को भी जिम्मेदारी से काम लेना चाहिए. मैं सभी से आग्रह करता हूं कि वे क्षमता से ज्यादा यात्रियों वाली गाड़ियों में सफर करने से बचे और सुरक्षा को प्राथमिकता दें. स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाईवे पर काम होने की वजह से सड़क का एक हिस्सा बंद था और गाड़ियों की आवाजाही सिर्फ एक लेन तक ही सीमित थी.
गैर-कानूनी तरीके से चलती है वैन
मंत्री ने यह भी बताया कि कई जगहों पर टैक्सी सेवाएं गैर-कानूनी तरीके से सड़कों पर चलती हैं. यह जगहों पर प्रति व्यक्ति 70 से 100 रुपये तक किराया वसूलती हैं और अक्सर यात्रियों को दोगुनी संख्या में लेकर जाती है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और एक्सीडेंट की वजह की जांच कर रही है. इसके अलावा उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस दुर्घटना की पूरी जांच की जाएगी.
यह भी पढ़ें- नोएडा प्रोटेस्ट के बाद सोशल मीडिया पर UP पुलिस सख्त! कई हैंडल्स के खिलाफ FIR दर्ज
News Source: PTI
