Mumbai Loud Music Dispute: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई को माया नगरी भी कहा जाता है. यहां से दिल को दहला देने वाली एक घटना की खबर सामने आई है. यहां एक घर में चार सगे भाई अपनी फैमली के साथ रहते थे. इनमें तेज म्यूजिक बजाने को लेकर विवाद हुआ. शुरुआत में तो कहासुनी हुई लेकिन जल्द ही यह हिंसक रूप ले लिया.
इस दौरान धारदार हथियार से हमले की बात सामने आई है, जिसमें परिवार के दो लोगों की मौत की सूचना है. यह मामला मुंबई के विक्रोली पश्चिम का है. आइए जानते हैं पूरी खबर.
खूनी खेल में पिता-पुत्र की मौत
न्यूज ऐजेंसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, सगे भाइयों के बीच इस खूनी खेल में पिता-पुत्र की मौत हो गई है. वहीं, कई घायल बताए गए हैं. पुलिस ने बताया कि मुंबई में गुरुवार सुबह तेज आवाज में गाना बजाने को लेकर तीन भाइयों के बीच झगड़ा हुआ. यह विवाद जल्द ही धारदार हथियारों से हमले में बदल गया. इस घटना में परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
यह घटना विक्रोली के पार्क्सइट इलाके के राहुल नगर में हुई, जहां चार भाई एक ही घर में रहते थे. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, शुरुआती जानकारी से पता चला है कि सुनील विश्वकर्मा (40) ने सुबह-सुबह तेज आवाज में म्यूजिक बजाई थी, जिस पर उनके भाइयों सुरेंद्र विश्वकर्मा और सूरज विश्वकर्मा ने आपत्ति जताई.
जल्द ही भाइयों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया. पुलिस ने बताया कि इस झगड़े के दौरान सुरेंद्र और सूरज ने सुनील और उनके परिवार के सदस्यों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया. इस दौरान सुनील की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके 14 वर्षीय बेटे श्लोक विश्वकर्मा की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई.
आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुनील की पत्नी और छोटे बेटे को गंभीर चोटें आईं और उनका राजावाड़ी अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने घटना के सिलसिले में सुरेंद्र और सूरज विश्वकर्मा को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है. जांचकर्ताओं ने घटनास्थल से कुछ सामान भी जब्त किया है और एक फोरेंसिक टीम जांच में मदद कर रही है.
पुलिस का कहना है कि उन्हें शक है कि तेज आवाज में संगीत को लेकर हुए झगड़े के अलावा हमले के पीछे कोई और गहरी साजिश या वजह हो सकती है। पुलिस इस मामले में सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है. वहीं, मुंबई में इस डबल मर्डर ने इलाके में सनसनी फैला दी है. आसपास के पड़ोसियों में कई तरह की बातें होती हुईं दिखी. बहरहाल, पुलिस आरोपियों को कस्टडी में लेकर आगे की जांच कर रही है.
News Source: PTI
