Punjab News : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जनता दल (यूनाइटेड) ने शनिवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पंजाब की राजनीति में औपचारिक प्रवेश की घोषणा करते हुए आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपना रोडमैप पेश किया.
पार्टी विकल्प के रूप में भूमिका निभाएगी
पार्टी के पंजाब प्रभारी संजय कुमार ने कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) पंजाब में एक विश्वसनीय, विकासोन्मुख और जनहित आधारित राजनीतिक विकल्प के रूप में अपनी भूमिका निभाएगी. उन्होंने कहा कि पंजाब को ऐसी पारदर्शी, जवाबदेह और स्वच्छ सरकार की आवश्यकता है, जो युवाओं, किसानों, उद्यमियों और आम नागरिकों की आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य करें.
JDU की है कई राज्यों में मौजूदगी
उन्होंने बताया कि जनता दल (यूनाइटेड) की उपस्थिति बिहार के अलावा अरुणाचल प्रदेश, झारखंड, मणिपुर, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, असम, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल तथा लक्षद्वीप सहित कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में है. उन्होंने विश्वास जताया कि सुशासन और विकास पर आधारित पार्टी की राजनीति को पंजाब के लोग भी समर्थन देंगे. संजय कुमार ने स्पष्ट किया कि जनता दल (यूनाइटेड) आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती से लड़ेगी. इसके साथ ही पार्टी ने पंजाब में अपने संगठन के विस्तार की योजना का भी ऐलान किया और कहा कि राज्यभर में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा.
इस अवसर पर पार्टी ने पंजाब प्रदेश की कोर कमेटी की भी घोषणा की. मलविंदर सिंह को पंजाब प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. गुरपाल सिंह हुंदल को उपाध्यक्ष, आई. एस. आहलूवालिया को सचिव जनरल, संजीव झा को महासचिव (संगठन) तथा कंवर सिंह ढींडसा को कोर नेतृत्व का प्रमुख सदस्य बनाया गया है. नव-नियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और विधानसभा चुनावों की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का संकल्प लिया.
ये हैं राज्य के लिए प्रमुख मुद्दे
संजय कुमार ने कहा कि पार्टी का प्रमुख एजेंडा रोजगार सृजन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कृषि सुधार, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, पारदर्शी प्रशासन, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कल्याण होगा. उन्होंने कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) प्रदर्शन, जवाबदेही और समावेशी विकास की राजनीति में विश्वास रखती है, न कि समाज को बांटने वाली राजनीति में. पार्टी नेतृत्व ने राज्यभर में सदस्यता अभियान शुरू करने की भी घोषणा की. इस अभियान के माध्यम से गांवों, कस्बों और शहरों में युवाओं, महिलाओं, किसानों, पेशेवरों तथा समाज के विभिन्न वर्गों को पार्टी से जोडने का प्रयास किया जाएगा.
जनता दल (यूनाइटेड) ने दोहराया कि वह स्वच्छ राजनीति, युवा नेतृत्व और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है. पार्टी का कहना है कि पंजाब में उसका विस्तार लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और राज्य के मतदाताओं को एक सकारात्मक एवं रचनात्मक राजनीतिक विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
- पंजाब से शालू मिरोक की रिपोर्ट
